
Also Read
वजन कम करने के लिए चावल और रोटी में से कौन है बेहतर? जानिए इनके सेवन को लेकर क्या कहते हैं एक्सपर्ट
Roti Vs Rice For Weight Loss In Hindi: हम जो भी खाना खाते हैं उससे हमें ऊर्जा मिलती है। लेकिन जो लोग वजन कम करना चाहते हैं वे विभिन्न तरह के वेट लॉस प्रोग्राम फॉलो करते हैं। जिनमें वह अपनी कैलोरीज़ को नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं। इन्हीं में कुछ लोग इस दुविधा में भी फंसे रहते हैं कि उन्हें रोटी या चावल में से वजन कम (Roti Vs Rice For Weight Loss) करने के लिए क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए। बहुत से लोग वजन कम करते समय अनाज को पूरी तरह खाना बंद कर देते हैं व इन दोनों में से किसी का भी सेवन नहीं करते।
ऐसा करना किसी भी तरह से सही नहीं है क्योंकि इससे आपका वजन जब आप दोबारा खाना शुरू करते हैं तो अचानक से पहले से भी अधिक बढ़ना शुरू हो जाता है। इस प्रश्न पर न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने बहुत सी गलत धारणाओं का खंडन किया है। जो रोटी व चावलों से जुड़ी हुई हैं।
पूजा के अनुसार यदि आप वजन कम करना चाह रहे हैं तो आपको अपनी डाइट से पूरी तरह कार्ब्स को बंद नहीं करना चाहिए। कार्ब का भी हमारी डाइट में एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा होता है। यह हमें ऊर्जा प्रदान करते हैं, हमें नींद अच्छी आने में मदद करते हैं, हमारे मूड को अच्छा करते हैं व हमारी भूख को भी शांत करते हैं।
पूजा कहती हैं कि इन दोनों में से आपको क्या खाना चाहिए यह हर व्यक्ति के लिए अलग अलग हो सकता है। आपको आपकी बॉडी का रिएक्शन देखना चाहिए कि वह किस चीज से ज्यादा ऊर्जा ग्रहण करती है और उसे किस चीज से हल्का व स्वस्थ महसूस होता है।
कुछ लोगों को चावल खाने के बाद भी भूख लगती है अर्थात् चावल उनकी भूख को उस तरह शांत नहीं कर पाते जिस तरह रोटी करती है और कुछ लोग चावल खाने से ज्यादा संतुष्ट होते हैं।
यही से मुसीबत शुरू होती है और आप किसी एक चीज को ज्यादा खा लेते हैं जिस कारण आपका वजन बढ़ जाता है। डायटिशियन के अनुसार, दोष चावल या रोटी का नहीं है बल्कि आपका खाने का तरीका है। किसी भी आहार की ओवर ईटिंग हानिकारक हो सकती है।
यदि आपको लगता है कि चावल खाने से आपका पेट नहीं भरता है तो आपको उसमें डालने वाली सब्जी या दाल की मात्रा थोड़ी ज्यादा कर देनी चाहिए। इससे आपको पोषण भी ज्यादा मिलेगा, आपका पेट भी भर जाएगा और आपका वजन भी इसकी वजह से ज्यादा नहीं बढ़ेगा।
इसी तरह रोटियां खाने से भी उन्हे पचाने में थोड़ी ज्यादा दिक्कत होती है क्योंकि रोटियों से ज्यादा गैस बनती है। इसलिए महसूस होता है कि रोटियां खाने से वजन कम हो सकता है। दरअसल कम रोटी खाने से ही आपका पेट भर चुका होता है और इससे आपका वजन चावल के मुकाबले कम बढ़ता है।
परन्तु इसके अलावा आपको इस बात पर अधिक ध्यान देना चाहिए कि आपका पेट किस चीज को खाकर अच्छे से भरता है व किसे ज्यादा खाकर आपको लगता है कि आपने कुछ खाया ही नहीं है। यदि आप चावल से संतुष्ट हैं तो आप उन्हें अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं अन्यथा आप रोटी का विकल्प चुन सकते हैं।