
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 3, 2023 1:03 PM IST
Artificial honey vs natural honey: शहद से मिलने वाले हेल्थ बेनिफिट्स के बारे में हर कोई जानता है। पुरानी से पुरानी सर्दी-खांसी की बीमारी हो, शरीर का वजन कम करना हो या फिर स्किन से जुड़ी किसी समस्या को दूर करना हो शहद की मदद से इन सभी बीमारियों को दूर किया जा सकता है। लेकिन अगर शहद ही शुद्ध न हो तो उससे सेहत को फायदे कैसे मिल सकते हैं। मार्केट में बहुत से ऐसे शहद मिल जाते हैं, जो पूरी तरह से मिलावटी होते हैं। हमारे सहयोगी चैनल जी न्यूज में हाल ही में एक रिपोर्ट पब्लिश की गई जिसमें पाया गया कि शहद बेचने वाले कई ऐसे बड़े-बड़े ब्रैंड्स भी मौजूद हैं, जिनके शहद सही मानको पर खरा नहीं उतर पाया है। लेकिन यह भी सच है कि भारतीय मार्केट में ऐसे कई नॉन-ब्रैंडेड या फिर छोटे ब्रैड वाले शहद हैं, जिन्हें खूब मात्रा में चीनी की मिलावट होने लगी है। शहद अक्सर छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग लोगों को दिया जाता है और ऐसे में चीनी से बना हुआ शहद खिलाना उनकी सेहत का दुश्मन हो सकता है। इस लेख में हम आपको मिलावटी शहद खाने के नुकसान और सही व असली शहद का पता लगाने के सही तरीकों के बारे में बताने वाले हैं।
आपने भी सुना कई बार बुजुर्ग लोग शहद को मात्र चख कर ही बता देते हैं कि उसमें चीनी मिली हुई है। अगर शहद में चीनी मिली हुई है, तो आपके पैसे तो बर्बाद हो ही गए साथ ही साथ यह आपकी सेहत को भी नुकसान पहुंचाता है। चलिए जानते हैं मिलावटी शहद खाने से सेहत को क्या नुकसान हो सकते हैं।
वैसे तो शहद का सेवन करना भी आपका वजन बढ़ा सकता है, लेकिन इसमें मेटाबॉलिज्म बढ़ाने वाले गुण भी होते हैं जिसके कारण शरीर का वजन बढ़ नहीं पाता है। लेकिन मिलावटी शहद जो खासतौर पर चीनी से बना होता है, उसका सेवन करना शरीर का वजन बढ़ने का कारण बन सकता है।
शुगर का सेवन करना डायबिटीज के खतरे को तेजी से बढ़ा देता है। डायबिटीज के मरीज शुद्ध शहद को कुछ मात्रा में खा सकते हैं, लेकिन चीनी से बना हुआ शहद उनकी हेल्थ को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता है क्योंकि इसके सेवन करते ही तुरंत ब्लड शुगर लेवल बढ़ने लगता है।
शहद का सेवन करना आपके दांतों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित माना जाता है और यह दांत में सूजन, जलन व लालिमा आदि को दूर करने में मदद करता है। वहीं चीनी से बना हुआ शहद सीधा दांतों को नुकसान पहुंचाता है और इस कारण से कई दांतों से जुड़ी कई बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
मिलावटी शहद में चीनी के साथ-साथ अन्य कई कलर व केमिकल्स भी शामिल हो सकते हैं, जो सेहत के लिए बेद खतरनाक माने जाते हैं। मिलावटी शहद में कुछ ऐसे तत्व भी हो सकते हैं, जो हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देते हैं। इसलिए खासतौर पर हार्ट के मरीजों को ध्यानपूर्वक ही शहद का सेवन करना चाहिए।
शहद असली है या मिलावटी इसकी पहचान करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन फिर भी कुछ तरीके हैं जो आपको असली और नकली शहद का पता लगाने में मदद कर सकते हैं -
शहद की गुणवत्ता का पता लगाने के लिए पानी का एक साधारण नुस्खा भी है। एक गिलास पानी में एक चम्मच शहद डालें। शुद्ध शहद बिना घुले पानी के नीचे बैठ जाता है, जबकि मिलावटी शहद में चीनी और कलर होने के कारण वह पानी को बिना हिलाए ही घुलने लगता है और इससे पानी का रंग भी बदल जाता है।
शहद की संरचना गाढ़ी होती है और दिखने में वह एक धुंधले पदार्थ की तरह दिखने लगता है। वहीं मिलावटी शहद जिसमें खासतौर पर चीनी मिलाई गई होती है, उसे देखने में चमक महसूस होती है। वहीं नेचुरल शहद में लार ज्यादा देखने को मिलती है। रंग और संरचना की मदद से भी असली और नकली शहद की पहचान की जा सकती है।