मार्केट में आ गई है बैंगनी रंग की फूलगोभी, जानिए सेहतमंद है या है नुकसानदायक

बैंगनी रंग की फूलगोभी में पाए जाने वाले एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट के कारण इसका रंग बैंगनी होता है। यह स्वाद में सफेद फूलगोभी जैसी ही होती है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : April 3, 2024 11:15 PM IST

एक समय था जब फूलगोभी सफेद और पत्तागोभी हरे रंग की आती थी। लेकिन अब ये दोनों ही पर्पल रंग में भी आने लगी हैं। जी हां, पर्पल पत्तागोभी जहां सालों से चलन में हैं। वहीं अब पर्पल या बैंगनी रंग की फूलगोभी भी मार्केट में दिखने लगी है। इसका गहरा पर्पल कलर आपका ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। लेकिन सवाल ये है कि क्या पर्पल फूलगोभी भी सफेद गोभी के फूल जितनी ही पौष्टिक है। कहीं इसमें ज्यादा केमिकल तो नहीं हैं। इसे खाने से कोई नुकसान तो नहीं होगा। आइए ऐसे ही कई सवालों के जवाब इस आर्टिकल में जानते हैं।

बैंगनी रंग की फूलगोभी है बहुत सेहतमंद

विशेषज्ञों के अनुसार पर्पल फूलगोभी में पाए जाने वाले एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट के कारण इसका रंग बैंगनी होता है। यह स्वाद में सफेद फूलगोभी जैसी ही होती है। इतना ही नहीं इसे पकाने का तरीका भी एक जैसा ही है। हर आम फूलगोभी की तरह आप इसकी सब्जी बना सकते हैं, इसे उबालकर सलाद के रूप में खा सकते हैं या फिर इसके टेस्टी स्टार्टर बना सकते हैं। इसे खाने से कई हेल्थ बेनिफिट्स भी होते हैं।

1. सुधरती है आंत की सेहत

अगर आप वेट लॉस करने के साथ ही ब्लड शुगर को कंट्रोल रखना चाहते हैं तो पर्पल या बैंगनी रंग की फूलगोभी आपके लिए बेस्ट है। यह इनसोल्युबल फाइबर से भरपूर होती है। इसे खाने से आपका पेट जल्दी भरता है और आपको तृप्ती महसूस होती है। फाइबर ज्यादा होने के कारण यह आपके मेटाबॉलिज्म को सुधारती है। यह प्रीबायोटिक के रूप में काम करती है, जिससे आंतों की सेहत में सुधार होता है। यह आंतों को इंफेक्शन से बचाती है और उसकी इम्यूनिटी भी बढ़ाती है। इससे कब्ज की परेशानी दूर होती है।

2. एंटी-कैंसर एजेंट के गुण

बैंगनी रंग की फूलगोभी किसी सुपरफूड की तरह आपको कई बीमारियों से बचाती है। इसमें एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट का एक ग्रुप होता है, शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से बचाता है। यह टाइप 2 डायबिटीज, हार्ट डिजीज और कैंसर कोशिकाओं के निर्माण के जोखिम को भी कम करती है। इसमें फ्लेवोनोइड्स होते हैं, जो सूजन को कम करके इम्यूनिटी को बूस्ट करते हैं। यह कैंसर के फिर से होने के जोखिम को कम करने में भी मददगार है। इसका नियमित सेवन करना सेहतमंद हो सकता है।

3. विटामिन सी और के का सोर्स

बैंगनी रंग की फूलगोभी में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है। ​नियमित रूप से इसका सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी बढ़ती है। यह शरीर को कई इंफेक्शन से लड़ने की ताकत देती है। यह कोलेजन प्रोडक्शन को भी बढ़ाती है, जिससे स्किन और हड्डियों को फायदा होता है। इसमें विटामिन के भी होता है जो हार्ट को मजबूती देता है। यह कैल्शियम होमियोस्टैसिस में भी मदद करता है।

4. शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर

बैंगनी रंग की फूलगोभी एंटीऑक्सीडेंट का भंडार है। इसमें एंथोसायनिन और ग्लूकोसिनोलेट्स सहित कई एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। एंथोसायनिन के कारण ही इसे पर्पल रंग मिला है। यह एंटीऑक्सीडेंट आपके हार्ट को सेहतमंद रखता है। यह लीवर की क्षमता बढ़ाता है, जिससे टॉक्सिक पदार्थ शरीर से आसानी से बाहर निकल पाते हैं।

इन्हें नहीं करना चाहिए सेवन

गुणों से भरी बैंगनी रंग की फूलगोभी कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी हो सकती है। इसमें प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है। इसलिए हाई यूरिक एसिड, गठिया और किडनी स्टोन से पीड़ित लोगों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए। अगर आप एसिडिक रिफ्लक्स या किसी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट अल्सर से पीड़ित हैं तो भी इसका सेवन न करें। थायराइड की दवाएं लेने वालों को भी डॉक्टर की सलाह के बाद ही इसे खाना चाहिए।