प्रोटीन या कार्ब्स! ब्रेकफास्ट में किसकी मात्रा होनी चाहिए ज्यादा, जानिए हेल्दी ब्रेकफास्ट के नियम

जब बात प्रोटीन और कार्ब्स में चुनाव की आती है तो लोग काफी कंफ्यूज हो जाते हैं। वजन घटाने की दौड़ में शामिल लोग हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट को बेस्ट मानते हैं। वहीं एनर्जी लेवल बढ़ाने की चाहत रखने वाले कार्ब्स को महत्व देते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 24, 2024 12:27 PM IST

ब्रेकफास्ट दिन के सबसे महत्वपूर्ण आहार में से एक माना जाता है। आप जितना पौष्टिक ब्रेकफास्ट करेंगे, दिनभर उतने ही एक्टिव रहेंगे। हालांकि अक्सर लोगों को इस बात की सही जानकारी नहीं होती कि उन्हें ब्रेकफास्ट में क्या खाना चाहिए। खासतौर पर जब बात प्रोटीन और कार्ब्स में चुनाव की आती है तो लोग काफी कंफ्यूज हो जाते हैं। वजन घटाने की दौड़ में शामिल लोग हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट को बेस्ट मानते हैं। वहीं एनर्जी लेवल बढ़ाने की चाहत रखने वाले कार्ब्स को महत्व देते हैं। लेकिन आपके लिए यह जानना जरूरी है वाकई आपके लिए कौनसा ब्रेकफास्ट महत्वपूर्ण है और किससे आपको बेहतर पोषण मिलेगा। एक ऐसा ब्रेकफास्ट जो आपको एनर्जी भी दे और वजन भी घटाए।

प्रोटीन वाला ब्रेकफास्ट बढ़ाएगा फोकस

जर्नल ऑफ डेयरी साइंस में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट से आपको तृप्ति मिलती है। साथ ही यह आपका फोकस भी बढ़ाता है। हालांकि यह कैलोरी के सेवन को कम नहीं करता है। अध्ययन में एक समूह को ब्रेकफास्ट में स्कीर फूड यानी दही, छाछ, चीज, पनीर और ओट्स जैसा हाई प्रोटीन खाना दिया गया। इन सभी लोगों में तृप्ति और एकाग्रता में वृद्धि हुई। शोधकर्ताओं के ​अनुसार यह बात सही है कि हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट आपके बढ़ते वजन को कंट्रोल करता है, लेकिन अकेले इससे ही आपका वजन घट जाए, ऐसा नहीं है। अगर आप वजन घटाने के लिए ज्यादा प्रोटीन वाला ब्रेकफास्ट कर रहे हैं तो इसके साथ आपको एक अच्छी रणनीति के साथ एक्सरसाइज और फिटनेस पर भी ध्यान देना होगा। तब ही आपको उम्मीद के अनुसार रिजल्ट मिलेंगे।

अगर आप हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट करना चाहते हैं तो अंडे, पनीर, दही, मेवे, क्विनोआ, एवोकाडो टोस्ट, प्रोटीन शेक और पीनट बटर इसके अच्छे विकल्प हो सकते हैं।

हाई कार्बोहाइड्रेट ब्रेकफास्ट के हैं अपने फायदे

प्रोटीन से भरपूर ब्रेकफास्ट की ही तरह हाई कार्बोहाइड्रेट वाले ब्रेकफास्ट के ​भी अपने फायदे हैं। कार्बोहाइड्रेट शरीर के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत है। हाई कार्बोहाइड्रेट ब्रेकफास्ट करने से आप में दिनभर एनर्जी बनी रहती है। कार्ब्स ब्रेन को भी एनर्जी देकर उसे एक्टिव रखते हैं, जिससे फोकस बढ़ता है। कार्ब्स मूड को बेहतर बनाने वाले न्यूरोट्रांसमीटर सेरोटोनिन के उत्पादन को बढ़ावा देते हैं, जिससे मूड अच्छा रहता है। यह आपको टेंशन फ्री रखने में मदद करता है। फाइबर युक्त कार्बोहाइड्रेट, जैसे कि साबुत अनाज और फल, पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और कब्ज को रोकने में मदद करते हैं।

आप अपने नाश्ते में विभिन्न प्रकार के कार्बोहाइड्रेट शामिल करें, जिससे आपको सभी आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त हो सकें। ओट्स, दलिया, साबुत अनाज की रोटी, फल इसके अच्छे विकल्प हैं।

ऐसे मिलेगा आपको भरपूर पोषण

प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट वाले ब्रेकफास्ट के अपने-अपने फायदे हैं। कार्बोहाइड्रेट शरीर और दिमाग को एनर्जी देता है तो प्रोटीन मांसपेशियों को एक्टिव बनाकर फोकस बढ़ाता है। कार्बोहाइड्रेट पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। वहीं प्रोटीन मांसपेशियों के निर्माण और मरम्मत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए आप हमेशा संतुलित ब्रेकफास्ट का विकल्प चुनें। क्योंकि संतुलित ब्रेकफास्ट ही आपकी सेहत के लिए बेस्ट माना जाता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source