
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : September 9, 2024 8:06 PM IST
High protein indian breakfast: सुबह का नाश्ता बहुत जरूरी होता है, क्योंकि यह आपको पूरे दिन ऊर्जा प्रदान करता है। वहीं इस नाश्ते में जरूरी है प्रोटीन की सही मात्रा का होना। प्रोटीन युक्त नाश्ता आपको दिन की शुरुआत करने के लिए एक मजबूत नींव प्रदान करता है, जो आपके समग्र स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए लाभकारी होता है। रातभर सोते समय शरीर में प्रोटीन की कमी हो जाती है, क्योंकि शरीर की मांसपेशियां रिपेयर होती हैं। सुबह के समय प्रोटीन युक्त नाश्ता मसल्स की रिकवरी और विकास में मदद करता है, खासकर अगर आप नियमित रूप से व्यायाम करते हैं। ऐसे में यदि आप प्रोटीन से भरपूर भारतीय नाश्ते की तलाश में हैं, तो कुछ ऐसे पारंपरिक विकल्प हैं, जो न केवल पौष्टिक होते हैं, बल्कि आपको ऊर्जावान बनाने में भी मदद कर सकते हैं। इसलिए आज हम आपको ऐसे ही चार नाश्तों के बारे में बताने जा रहे हैं।
मूंग दाल से बना चिल्ला प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है। इसे आप आसानी से सुबह के नाश्ते में शामिल कर सकते हैं। इसमें आप सब्जियों को मिलाकर इसे और भी पौष्टिक बना सकते हैं, क्योंकि प्रोटीन युक्त नाश्ता आपको दिनभर की ऊर्जा प्रदान करता है। यह धीरे-धीरे पचता है और आपको लंबे समय तक ऊर्जा की आपूर्ति करता है, जिससे आप अधिक सतर्क और सक्रिय महसूस करते हैं।
पोहा एक हल्का और पौष्टिक नाश्ता है। इसमें मूंगफली मिलाने से प्रोटीन की मात्रा बढ़ जाती है। साथ ही इसमें हरी सब्जियां मिलाकर इसका पोषण मूल्य और भी बढ़ाया जा सकता है। पोहा और मूंगफली में उचित मात्रा में प्रोटीन होता है और यह प्रोटीन से भरे नाश्ते से पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे दिनभर भूख कम लगती है और आप अनहेल्दी स्नैक्स से बच सकते हैं। यह वजन को नियंत्रित करने में मदद करता है।
उपमा एक लोकप्रिय दक्षिण भारतीय नाश्ता है, और जब इसे सोया ग्रेन्यूल्स के साथ बनाया जाता है, तो यह प्रोटीन से भरपूर हो जाता है। यह नाश्ता आपके मसल्स को बनाने में काफी मददगार हो सकता है। इसमें मौजूद प्रोटीन आपके स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाते हैं। प्रोटीन को पचाने में अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है, जिससे मेटाबॉलिज्म रेट बढ़ता है। इससे कैलोरी बर्न होती है और वजन घटाने में सहायता मिलती है।
पनीर पराठा भी प्रोटीन से भरपूर होता है। पनीर में उच्च मात्रा में प्रोटीन होता है, जो मांसपेशियों को मजबूत करने और शरीर को सही आकार में लाने में मदद करता है। इसे दही या मक्खन के साथ खाया जा सकता है। यह प्रोटीन न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी मदद करता है। यह ब्रेन फंक्शन को सपोर्ट करता है, जिससे आपकी ध्यान केंद्रित करने और समस्याओं को हल करने की क्षमता बढ़ती है।
ये सभी नाश्ते न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि प्रोटीन से भी भरपूर होते हैं, जिससे आपको महंगे प्रोटीन पाउडर की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह आपको कई छोटी-बड़ी बीमारियों से दूर रखते हैं। जैसे- प्रोटीन युक्त नाश्ता ब्लड शुगर लेवल को स्थिर बनाए रखने में मदद करता है, जिससे आप ऊर्जा में गिरावट और शुगर क्रेविंग्स से बच सकते हैं।