वीनींग रेसिपी: ट्राई करें पपाया स्मूदी, बच्चों को दें दूध और फलों का पोषण

पपीता एक अच्छा वीनींग फूड भी है जिसे आप 6-7 महीने के बाद के बच्चों को खिला सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : September 15, 2019 1:29 PM IST

छोटे बच्चों की जब वीनींग शुरू होती है तो पहले उन्हें तरल और पचने में आसान भोजन देने की सलाह दी जाती है। चावल की कांजी, दाल का पानी और मैश्ड बनाना वह भोजन है जो 6 महीने के बाद बच्चों को दिए जाते हैं। धीरे-धीरे आप बच्चे के विकास और उम्र के हिसाब से आपको उन्हें नये भोजन से परिचित कराना पड़ता है।  जब आपका बच्चा  गाय या भैंस का दूध पीने लगे तो आप उसे फलों और सब्ज़ियों के साथ मिक्स कर हलवा, मिल्क शेक और स्मूदीज़ बनाकर दे सकते हैं। ऐसी ही एक रेसिपी हम यहां लिख रहे हैं जो है पपाया स्मूदी।

पपीता एक बेहतरीन फल है जो छोटे बच्चों के लिए भी काफी अच्छा है। कॉन्स्टिपेशन या कब्ज़ होने पर पके हुए पपीते को मसलकर बच्चे को खिलाने के लिए कहा जाता है। इसके अलावा यह एक अच्छा वीनींग फूड भी है जिसे आप 6-7 महीने के बाद के बच्चों को खिला सकते हैं। पपीता और दूध से मिलाकर एक स्मूदी बनाने का तरीका हम यहां लिख रहे हैं जो आप अपने छोटे बच्चे या टॉडलर या स्कूल जाने वाले बच्चों को भी पिला सकते हैं। बच्चे की उम्र के अनुसार और उनकी पसंद को ध्यान में रखकर आप इसमें अपनी पसंद की ड्रेसिंग या  मिठास के लिए चॉकलेट सिरप और शक्कर मिला सकते हैं।

पपाया स्मूदी बनाने के लिए आपको इन चीज़ों की ज़रूरत पड़ेगी।-

  • 100 ग्राम पका हुआ पपीता
  • 2 चम्मच शहद
  • एक गिलास पका कर ठंडा  किया गया दूध
  • सजावट के लिए ड्राई फ्रूट्स की कतरन

पपाया स्मूदी बनाने का तरीका-

  • पपीते अच्छी तरह साफ करें। छील कर फल के बीज निकाल कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट कर रख लीजिए।
  • अब मिक्सी जार में पपीता और हनी डाल कर इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें। आप बीटर की मदद से भी इसे बीट कर सकते हैं
  • अब इसमें ठंडा दूध डालें। फिर एक बार और मिक्सी को चला कर सब मिक्स कर लें।
  • अगर आपका बच्चा सालभर से बड़ा है तो आप स्मूदी में बर्फ के टुकड़े भी डाल सकती हैं और शहद की जगह चीनी डाल सकती हैं।