पनीर या टोफू? क्या है आपकी सेहत के लिए बेस्ट, पोषक तत्वों के आधार पर खुद करें तय

लोग अक्सर पनीर और टोफू को लेकर कंफ्यूज रहते हैं। पनीर गाय या भैंस के फटे दूध से बनाया जाता है। वहीं टोफू सोया मिल्क से बनाया जाता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : March 7, 2024 9:48 PM IST

पनीर या टोफू? आपकी सेहत के लिए क्या ज्यादा अच्छा है! ये सवाल अक्सर आपके दिमाग में भी आता होगा। वैसे तो ये दोनों की पोषक तत्वों से भरपूर हैं, लेकिन अगर दोनों में से किसी एक का चुनाव आपको करना हो तो आप क्या चुनेंगे। आपकी ही तरह लाखों लोग हैं जो अक्सर पनीर और टोफू को लेकर कंफ्यूज रहते हैं। तो चलिए आज हम आपकी ये परेशानी दूर कर देते हैं और इन दोनों की हेल्दी फूड्स की हर जानकारी आपको देते हैं।

जानिए पौष्टिकता की परीक्षा में कौन है आगे

पनीर गाय या भैंस के फटे दूध से बनाया जाता है। वहीं टोफू सोया मिल्क से बनाया जाता है। ये दोनों ही सेहत के लिए अच्छे हैं, लेकिन पौष्टिकता की कसौटी पर कौन ज्यादा खरा है, ये जान लेते हैं।

आयरन

पनीर और टोफू दोनों में ही आयरन पाया जाता है। लेकिन टोफू में पनीर के मुकाबले इसकी मात्रा ज्यादा होती है। प्रति 100 ग्राम टोफू में लगभग 5.4 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है। वहीं पनीर में यह मात्रा सिर्फ 0.1 मिलीग्राम होती है। ऐसे में जिन लोगों में आयरन की कमी है या जो लोग एनीमिया से पीड़ित हैं, उन्हें टोफू का सेवन ज्यादा करना चाहिए।

प्रोटीन

शाकाहारी लोगों के लिए पनीर को प्रोटीन का अच्छा सोर्स माना जाता है और ये बात काफी हद तक सही भी है। क्योंकि गाय या भैंस के दूध से बने पनीर में टोफू से कहीं ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है। 100 ग्राम पनीर में करीब 18.3 ग्राम प्रोटीन होता है, वहीं इसी मात्रा के टोफू में 6.9 ग्राम ही प्रोटीन पाया जाता है। अगर आप बॉडी बिल्डिंग करना चाहते हैं या वजन बढ़ाना चाहते हैं तो आप पनीर का सेवन ज्यादा करें। यह आपकी मांसपेशियों को भी मजबूती देगा।

फैट्स

अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो आपको टोफू का सेवन ज्यादा करना चाहिए। क्योंकि पनीर के मुकाबले टोफू में फैट्स काफी कम होते हैं। प्रति 100 ग्राम पनीर में करीब 20.8 ग्राम फैट होता है। वहीं 100 ग्राम टोफू में मात्र 2.7 ग्राम फैट पाया जाता है। ऐसे में आप टोफू की डिशेज को अपनी वेट लॉस डाइट में शामिल कर सकते हैं।

कार्बोहाइड्रेट

कुछ लोग पनीर को कार्बोहाइड्रेट का अच्छा सोर्स मानते हैं। लेकिन इस मामले में टोफू, पनीर से दो कदम आगे है। जी हां, दूध से बनने के बावजूद पनीर में कार्बोहाइड्रेट कम होता है। प्रति 100 ग्राम पनीर में मात्र 1.2 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होता है। वहीं टोफू में यह मात्रा दोगुनी यानी करीब 2.4 ग्राम होती है।

कैल्शियम

दूध से बने पनीर में भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है। प्रत्येक 100 पनीर में करीब 208 मिलीग्राम कैल्शियम पाया जाता है। वहीं इसी मात्रा के टोफू में मात्र 130 मिलीग्राम कैल्शियम मिल पाता है। ऐसे में हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में पनीर मददगार साबित हो सकता है।

कैलोरी

अब बात करते हैं कैलोरी की। आमतौर पर पनीर को इसलिए भी हेल्दी माना जाता है क्योंकि लोग समझते हैं कि इसमें कैलोरी कम होती है, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। 100 ग्राम पनीर में 265 कैलोरी होती हैं। हालांकि टोफू में यह मात्रा बहुत कम होती है। 100 ग्राम टोफू में मात्र 62 कैलोरी होती है। अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो टोफू को ही चुनें। वहीं बॉडी बनाने के लिए पनीर चुनना बेहतर है।

ऐसे में बात साफ है कि पनीर और टोफू दोनों में ही अपनी-अपनी खासियतें हैं। आप अपनी जरूरत और प्राथमिकता के अनुसार इनका चुनाव कर सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source