
Also Read
बचपन से आप सुनते आए होंगे कि दूध पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं। लेकिन यदि आप लैक्टोज इनटॉलेरेंस हैं तो आपके लिए हड्डियों को सेहतमंद रखना बड़ी चुनौती हो सकता है। हालांकि दूध के अलावा भी ऐसे कई खाद्य पदार्थ हैं जो आपकी हड्डियां को मजबूत और सुरक्षित रखने में मददगार होते हैं। अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती। हमारे शरीर के सभी महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखने में हमारी हड्डियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में इनका मजबूत होना बेहद आवश्यक है। चलिए जानते हैं डेयरी प्रोडक्ट्स के अलावा वो कौनसे फूड्स हैं जो आपकी हड्डियों के सच्चे साथी हैं।
पालक और गाजर का कॉम्बिनेशन आपकी हड्डियों को मजबूत बनाता है। पालक कैल्शियम, विटामिन के और मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है। ये सभी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व हैं। कैल्शियम हड्डियों को मजबूती देता है। वहीं विटामिन के हड्डियों के निर्माण और मरम्मत में मदद करता है। मैग्नीशियम ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को कम करता है। दूसरी ओर गाजर बीटा-कैरोटीन से भरपूर होती है, जो शरीर में विटामिन ए में बदल जाता है। विटामिन ए हड्डियों के विकास और मरम्मत में मददगार होता है। इसी के साथ गाजर में कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम भी होता है। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए आप रोज एक गिलास पालक के रस में एक कच्ची गाजर का रस मिलाकर पिएं।
अपनी डेली डाइट में कुछ फल सब्जियां शामिल करके भी आप अपनी हड्डियों को सेहतमंद रख सकते हैं। नियमित रूप से ब्रोकली का सेवन करें। ब्रोकली कैल्शियम, विटामिन के और विटामिन सी का अच्छा स्रोत है। इसी के साथ अंकुरित अनाज और टोफू पनीर भी कैल्शियम और मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं। विटामिन सी भी हड्डियों को सेहतमंद रखता है, इसलिए अपनी डेली डाइट में संतरे, कीवी, स्ट्रॉबेरी जैसे खट्टे फल शामिल करें। कैल्शियम से भरपूर अंजीर का सेवन भी लाभदायक है। प्रति 100 ग्राम अंजीर में करीब 55 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। विटामिन डी से भरपूर बोनी फिश का सेवन करना भी अच्छा विकल्प हो सकता है।
अपनी डेली डाइट में कुछ बीजों यानी सीड्स को शामिल करके आप अपनी हड्डियों को बलशाली बना सकते हैं। इन बीजों में सबसे ऊपर आते हैं तिल और बादाम। तिल कैल्शियम से भरपूर होते हैं और आपकी हड्डियों को सेहतमंद रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रति 100 ग्राम तिल में करीब 989 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। वहीं बादाम भी कैल्शियम का एक अच्छा स्रोत है। इसी के साथ इसमें विटामिन ई भी होता है। कैल्शियम और विटामिन ई हड्डियों को मजबूती देते हैं। कद्दू के बीज भी मैग्नीशियम का स्रोत होते हैं। अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो हड्डियों के घनत्व को बढ़ाने में मदद करता है। सौंफ और मेथी दाने में भी कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटेशियम होता है। इनका नियमित सेवन लाभकारी होता है।
फल सब्जियों के साथ ही कुछ दालें भी आपकी हड्डियों के लिए सेहतमंद होती हैं। राजमा, काबुली चना कैल्शियम से भरपूर होते हैं। प्रति 100 ग्राम राजमा में लगभग 100 मिलीग्राम कैल्शियम होता है, जो कि दूध में मौजूद कैल्शियम की मात्रा के बराबर होता है। वहीं 100 ग्राम काबुली चना में करीब 105 मिलीग्राम कैल्शियम होता है, जो कि राजमा से भी अधिक होता है। मूंग दाल, अरहर दाल, उड़द की दाल कैल्शियम, प्रोटीन, मैग्नीशियम और फास्फोरस का एक अच्छा स्रोत है। इन हाई फाइबर दालों के कारण आपकी हड्डियां मजबूत होती हैं।