Navratri Fasting Diet: नवरात्रि में रख रहे हैं व्रत तो जान लीजिए क्या खाएं और क्या नहीं

इस बार नवरात्रि में व्रत (Shardiya Navratri 2025 Vrat Niyam) के दौरान आप भी मां दुर्गा की आराधना में व्रत रखने वाले हैं, तो जान लीजिए इस दौरान किन चीजों का सेवन करना चाहिए और किनसे परहेज (What to Eat During Navratri Fast) करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : September 20, 2025 8:41 AM IST

Navratri fasting diet tips what to eat and what to avoid during fast : नवरात्रि का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। 9 दिनों तक चलने वाले नवरात्रि (Navratri 2025) में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना की जाती है। नवरात्रि में मां दुर्गा को खुश करने के लिए लोग 9 दिनों का व्रत भी रखते हैं। व्रत के दौरान खानपान के नियमों का पालन करना बेहद जरूर होता है। इस बार नवरात्रि में व्रत (Shardiya Navratri 2025 Vrat Niyam) के दौरान आप भी मां दुर्गा की आराधना में व्रत रखने वाले हैं, तो जान लीजिए इस दौरान किन चीजों का सेवन करना चाहिए और किनसे परहेज (What to Eat During Navratri Fast) करना चाहिए।

नवरात्रि व्रत में क्या खाना चाहिए

दिल्ली की अंजना कालिया डाइट क्लीनिक की डाइटिशियन अंजना कालिया के अनुसार, नवरात्रि व्रत के दौरान सात्विक और हल्का भोजन करना चाहिए। व्रत के दौरान सात्विक भोजन करने से पाचन तंत्रिका पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता है और मन भी शांत रहता है।

1. कुट्टू का आटा

नवरात्रि व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बनी चीजें खाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। कुट्टू के आटा ग्लूटेन फ्री होता है और इसमें कई प्रकार के विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। नवरात्रि व्रत के दौरान आप कुट्टू के आटे का हलवा, वड़ा और अन्य प्रकार के पकवान बनाकर खा सकते हैं।

2. फल और मेवे

नवरात्रि में व्रत के दौरान केला, सेब, अनार, पपीता, चीकू, संतरा, अंगूर, नारियल का पानी, बादाम, काजू, अखरोट, पिस्ता और किशमिश जैसे फल व मेवे का सेवन भी किया जाता है। डाइटिशियन अंजना कालिया के अनुसार, फल और मेवे शरीर को प्राकृतिक शुगर, मिनरल्स और विटामिन देते हैं। इससे शरीर लंबे समय तक एनर्जेटिक महसूस करता है।

3. साबूदाना

भारतीय घरों में व्रत के दौरान एक बड़ी मात्रा में साबूदाना का सेवन किया जाता है। साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट होता है, जो व्रत में शरीर को एनर्जी और ताकत देता है।

4. राजगिरा (चौलाई)

राजगिरे के आटे में कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है। नवरात्रि व्रत के दौरान राजगिरा का सेवन करने से शरीर को ताकत मिलती है। साथ ही, ये शरीर में पोषक तत्वों की कमी को भी दूर करता है।

5. शकरकंद

शकरकंद में विटामिन A और फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं। व्रत के दौरान शकरकंद का हलवा, चाट और टिक्की बनाकर खाने से सेहत दुरुस्त रहती है। डाइटिशियन अंजना कालिया बताती हैं कि शकरकंद में नेचुरल शुगर होती है, जो शरीर को अंदर से ताकत का एहसास करवाती है।

इसके अलावा नवरात्रि व्रत के दौरान आप नारियल पानी, नींबू पानी जैसी चीजों भी शामिल कर सकते हैं। व्रत के दौरान पानी वाली चीजों का सेवन करने से शरीर हाइड्रेट रहता है।

नवरात्रि व्रत में क्या नहीं खाना चाहिए

कुछ चीजें व्रत के नियमों के अनुसार मना होती हैं। उनका सेवन करने से व्रत का महत्व कम हो सकता है।

1. सफेद नमक

नवरात्रि के व्रत में सफेद नमक खाने से बचना चाहिए। सफेद नमक में आयोडीन होता है। इसको खाने से गुस्सा और ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है। व्रत में आयोडीन युक्त नमक की जगह केवल सेंधा नमक खाना चाहिए।

2. पैकेट वाले चिप्स

व्रत के चिप्स के नाम से कई कंपनियां इन दिनों पैकेट वाले चिप्स बेच रही हैं। लेकिन नवरात्रि व्रत के दौरान पैकेट वाले चिप्स खाने से बचना चाहिए। इनमें प्रिजर्वेटिव और ज्यादा नमक व चीनी होती है, जो शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं।

3. अत्यधिक तेल और मसाले

व्रत के दौरान डीप फ्राई पूड़ियां, घी वाला हलवा खाने से पाचन को बिगाड़ सकता है। इसलिए व्रत के दौरान जहां तक संभव हो, हल्का ही खाना खाएं और अत्यधिक तेल व मसाले वाले खाने से दूरी बनाकर रखें।

4. अंडे और मांस

व्रत के दौरान अंडे, मछली और मांस का सेवन भी वर्जित माना जाता है। डाइटिशियन अंजना कालिया का कहना है कि अंडे और मांस का सेवन करने से शरीर का तापमान बढ़ता है, जिससे गुस्सा और मानसिक अशांति बढ़ाती है।

5. प्याज और लहसुन

आयुर्वेद के अनुसार प्याज और लहसुन राजसिक और तामसिक गुण वाले होते हैं। ये मन को चंचल बनाते हैं, इसलिए व्रत में लहसुन और प्याज खाने से बचना चाहिए।

Highlights

  • नवरात्रि व्रत के दौरान सात्विक आहार खाना चाहिए।
  • व्रत के दौरान ज्यादा तेल और मसाले खाने से बचना चाहिए।
  • व्रत में हाइड्रेट रहने के लिए तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source