
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : June 16, 2022 11:45 AM IST
नेशनल ईट योर वेजिटेबल डे को 17 जून को मनाया जाता है, जिसका मुख्य मकसद लोगों को ज्यादा से ज्यादा सब्जियां खाने और सब्जियों से मिलने वाले फायदों (Benefits of eating vegetables) के बारे में जानने के लिए जागरूक करना होता है। आपके घर में भी कोई बच्चा बड़ा जरूर होगा, जो सब्जियां खाते समय मुंह बनाता है। दरअसल, कुछ लोग होते हैं, जिन्हें सब्जियां खाना पसंद नहीं होता है। लेकिन सब्जियां हमारी डाइट का सबसे जरूरी हिस्सा है। ऐसा इसलिए क्योंकि अलग-अलग प्रकार की सब्जियों (Types of vegetables) में अनेक प्रकार के पोषक तत्व (Vegetables nutrient content) पाए जाते हैं और शरीर में इनका कोई नुकसान नहीं होता है। इसलिए हेल्थ और फूड एक्सपर्ट्स भी कहते हैं कि अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा सब्जियों को शामिल करना चाहिए। मोटापा बढ़ना हो या पाचन खराब होना या फिर हो शरीर कोई अन्य बीमारी अपनी डाइट में सब्जियां शामिल करने से आपको फायदा जरूर पहुंचता है। आज नेशनल ईट योर वेजिटेबल्स डे के मौके पर आपको आसानी से मिल जाने वाली ऐसी 5 सब्जियों के बारे में बताने वाले हैं, जो आपको बीमारियों को कोसों दूर रखती हैं -
पालक सबसे अच्छी हरी पत्तेदार सब्जियों में से एक है और इसमें मौजूद आयरन, मैग्नीशियम, कैल्शियम, पोटेशियम और कई प्रकार के विटामिन इसकी पोषण गुणवत्ता को बढ़ाते हैं। पालक का नियमित रूप से सेवन न सिर्फ आपकी पाचन क्रिया को स्वस्थ रखता है, साथ ही आपके शरीर में रक्त की कमी नहीं होने देता है। पालक का नियमित सेवन करना आपके स्वास्थ्य को बिगड़ने से बचाता है।
ब्रोकोली को लोग अक्सर हरी फूल गोभी भी कहते हैं, लेकिन यह फूल गोभी से कहीं ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक सब्जी है। ब्रोकोली की मात्र एक कटोरी सब्जी खाने से आपके शरीर में एक दिन की विटामिन ई और सी की कमी पूरी हो जाती है। ब्रोकोली पर अनेक अध्ययन किए जा चुके हैं, जिसमें पाया गया कि यह कई प्रकार के कैंसर और अन्य अनेक बीमारियों से दूर रखने में मदद कर सकती है।
गाजर एक मौसमी सब्जी है और इससे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में हर किसी को जानना चाहिए। गाजर में कई प्रकार के विटामिन होने के साथ-साथ कार्बोहाइड्रेट्स, आयरन, पोटेशियम और सोडियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। गाजर पाचन को तेज करने में मदद करता है और साथ ही कोलेस्ट्रॉल और बीपी के मरीजों के लिए भी बेहद फायदेमंद सब्जी है।
बहुत से लोगों को प्याज अच्छा नहीं लगता है, लेकिन प्याज एक ऐसी स्पेशल सब्जी है जो शरीर के लिए बेहद लाभदायक मानी जाती है। प्याज को पाचन क्रिया तेज करने के लिए जाना जाता है। हालांकि कुछ अध्ययनों के अनुसार प्याज में मौजूद कुछ यौगिक कई प्रकार के कैंसर होने से भी रोकते हैं।
टमाटर को आप सलाद व पकाकर दोनों तरीकों से खा सकते हैं और इससे मिलने वाले लाभ भी अनेक हैं। टमाटर विटामिनों से भरपूर होते हैं और साथ ही शरीर को कई रोगों से बचाते हैं। शरीर को रोगों से दूर रखने के लिए आपको रोजाना कम से कम एक टमाटर जरूर खाना चाहिए।