
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : September 18, 2024 1:08 PM IST
Medically Verified By:
Blood Sugar Control: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण डायबिटीज एक आम समस्या बन चुकी है। जहां पहले यह बीमारी ज्यादातर बुजुर्गों में देखने को मिलती थी, वहीं आजकल युवा और बच्चे भी इसका तेजी से शिकार हो रहे हैं। बता दें कि डायबिटीज होने पर पैंक्रियाज में पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन का उत्पादन नहीं हो पाता है, जिसकी वजह से ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित तरीके से बढ़ने लगता है। अगर समय रहते इसे कंट्रोल न किया जाए, तो यह बीमारी शरीर के सभी प्रमुख अंगों को डैमेज कर सकती है। दुर्भाग्य की बात यह है कि डायबिटीज एक लाइलाज बीमारी है। इसका कोई स्थायी इलाज उपलब्ध नहीं है। सिर्फ दवाओं, स्वस्थ आहार और लाइफस्टाइल में बदलाव से कंट्रोल किया जा सकता है। अगर आप ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो आपको अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। क्या आप जानते हैं कि रोटी बनाने से पहले आटे में एक खास चीज को मिक्स करने से आपका ब्लड शुगर लेवल काफी हद तक कम हो सकता है (Roti For Diabetes)। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से बातचीत की। आइए, जानते हैं ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए गेहूं आटे में क्या मिलाकर खाएं?
हम में से अधिकतर लोग गेहूं के आटे से बनी रोटी का सेवन करते हैं। लेकिन गेहूं की रोटी में कार्बोहाइड्रेट की अधिक मात्रा होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है। ऐसे में, डायबिटीज के मरीज आटे में अलसी के बीज मिक्स करके इसकी रोटी बनाकर खा सकते हैं। इस तरह से बनी रोटी खाने से ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, सेहत को कई लाभ भी मिल सकते हैं।
डायबिटीज के मरीजों के लिए अलसी का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। दरसल, अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर से भरपूर होते हैं, जो ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। साथ ही, शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी मदद करते हैं। इसके सेवन से दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है, जिससे गैस और कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। इतना ही नहीं, अलसी के आटे से बनी रोटियां खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है, जिससे वजन घटाने में भी मदद मिल सकती है।
सबसे पहले एक पैन अलसी डालकर भून लें। जब यह अच्छी तरह भुन जाए, तो इसे ठंडा करके मिक्सी में महीन पीस लें। इसके अलावा, बाजार में भी अलसी का आटा आसानी से मिल सकता है। अलसी की रोटी बनाने के लिए एक कप गेहूं के आटे में 3-4 चम्मच अलसी का आटा मिक्स करके अच्छी तरह गूंथ लें। उसके बाद इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आप इस आटे की रोटियां बनाकर सेंक लें। नियमित रूप से अलसी की रोटियों का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में काफी हद तक मदद मिल सकती है।
Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।