
Also Read
Bad Cholesterol Control: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोग कई तरह की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इन्हीं बीमारियों में हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या भी शामिल है। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर में मौजूद एक मोम जैसा चिपचिपा पदार्थ होता है, जो शरीर के बेहतर कामकाज के लिए जरूरी होता है। हमारे शरीर में दो तरह का कोलेस्ट्रॉल होता है, पहला गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) और दूसरा बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL)। जैसा नाम से ही जाहिर है, बैड कोलेस्ट्रॉल शरीर के लिए हानिकारक होता है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर यह नसों में जमने लगता है और धमनियों को ब्लॉक कर देता है। इसके कारण स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में, शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करना बहुत जरूरी हो जाता है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने के लिए आपको अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आज इस लेख में हम आपको एक ऐसी स्पेशल रोटी की रेसिपी बता रहे हैं, जिसका सेवन करने से बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में काफी हद तक मदद मिल सकती है। इसके लिए आपको बस रोटी बनाते समय गेहूं के आटे में एक खास चीज को मिक्स करना है। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -
शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने के लिए आप रोटी बनाते समय गेहूं के आटे में ओट्स मिला सकते हैं। दरअसल, ओट्स में फाइबर भरपूर मात्रा में मौजूद होता है, जो बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। साथ ही, यह शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में भी मदद कर सकता है। इसके अलावा, इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल से जुड़ी बीमारियों को दूर करने में मदद कर सकते हैं। नियमित रूप से ओट्स की रोटी का सेवन करने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है और वजन घटाने में भी मदद मिल सकती है।
सबसे पहले एक पैन में आधा कप ओट्स को भून लें। जब यह अच्छी तरह भुन जाए, तो इसे मिक्सी में महीन पीसकर पाउडर बना लें। इसके बाद गेहूं के आटे में 3-4 चम्मच ओट्स का पाउडर मिक्स करके अच्छी तरह गूंथ लें। उसके बाद इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद आप इस आटे की रोटियां बनाकर सेंक लें। नियमित रूप से ओट्स की रोटी का सेवन करने से बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, सेहत को कई लाभ भी मिल सकते हैं।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।