गर्मियों में नारियल पानी पीते वक्त न करें ये 5 गलतियां फायदा नहीं होगा नुकसान
नारियल पानी गर्मियों में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसे गलत तरीके से पिया जाए तो सेहत को नुकसान पहुंच सकता है।
गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए हम में से ज्यादातर लोग नारियल पानी पीते हैं। नारियल पानी में पोटैशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और इलेक्ट्रोलाइट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह सभी पोषक तत्व न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखते हैं, बल्कि शारीरिक थकान व कमजोरी को भी दूर करते हैं। मैं खुद गर्मियों में रोजाना सुबह नारियल पानी पीती हूं, लेकिन पिछले दिनों जब मैंने अपने दोस्त की बात सुनी तो पता चला कि मैं ऐसी गलतियां कर रही हूं, जिसके कारण नारियल पानी पीने से मुझे फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंच रहा है। फिर मैंने इस बारे में जयपुर की महात्मा गांधी अस्पताल की डाइटिशियन प्रांजल कुमत से बात की। डाइटिशियन का कहना है कि गलत समय पर या गलत तरीके से नारियल पानी पीना पेट की समस्याएं, ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन पैदा कर सकता है। अगर आप भी गर्मियों में मेरी तरह रोज नारियल पानी पीते हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि हमें इसे पीते वक्त कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए।
गर्मियों में नारियल पानी पीते समय कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए?
- खाली पेट नारियल पानी पीना- डाइटिशियन का कहना है कि बहुत से लोग सुबह उठते ही ज्यादा मात्रा में नारियल पानी पी लेते हैं। ऐसा करना हर किसी के लिए सही नहीं होता है। सुबह खाली पेट ज्यादा मात्रा में नारियल पानी पिया जाए तो इससे ब्लड प्रेशर अचानक कम हो सकता है। इसके साथ ही इससे पेट में भारीपन महसूस हो सकता है और बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है।
- रात में नारियल पानी पीना- कुछ लोगों को लगता है कि वो रात को नारियल पानी पिएं तो ज्यादा फायदा मिलेगा। लेकिन यह आदत कुछ लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है। रात को नारियल पानी बिल्कुल भी नहीं पीना चाहिए। एक्सपर्ट का कहना है कि रात के समय नारियल पानी पीने से बार-बार पेशाब आना, नींद प्रभावित होना और सर्दी- जुकाम की परेशानी हो सकती है।
- एक्सरसाइज के बाद पानी- वर्कआउट के बाद नारियल पानी फायदेमंद होता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पीने पर इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन हो सकता है। एक्सरसाइज के बाद सिर्फ 1 गिलास नारियल पानी ही पीना चाहिए। अगर आप ज्यादा मात्रा में पानी पीते हैं, तो इससे पेट फूलना, कमजोरी और सोडियम लेवल कम होने की परेशानी हो सकती है। इसलिए एक्सरसाइज के बाद सीमित मात्रा में ही नारियल पानी पीना चाहिए।
- खाने के बाद नारियल पानी पीना- कुछ लोग खाना खाने के तुरंत बाद भी नारियल पानी पीना पसंद करते हैं। लेकिन खाने के बाद नारियल पानी पीने से पाचन तंत्र पर बुरा प्रभाव पड़ता है। खाने के बाद इस तरह का इलेक्ट्रोलाइट्स वाला ड्रिंक पीने से पेट में दर्द, गैस, कब्ज और उल्टी की परेशानी हो सकती है। डाइटिशियन प्रांजल कुमत का कहना है कि खाना खाने के कम से कम 30 से 40 मिनट बाद ही नारियल पानी पीना चाहिए।
- पैकेट वाला नारियल पानी- गर्मियों में कुछ लोग ताजा नारियल पानी खरीदने की बजाय मार्केट में मिलने वाले कई पैकेज्ड नारियल पानी पीते हैं। पैकेज्ड नारियल पानी में चीनी और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है। यह ब्लड शुगर को बढ़ाकर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए हमेशा ताजा नारियल पानी पीने की कोशिश करें।
Disclaimer: गर्मियों में अगर आप भी नारियल पानी पीते हैं, तो ऊपर बताई गई गलतियों को करने से बचें। ध्यान रहे कि गर्मियों में ज्यादा फायदे के लिए हमेशा ताजा नारियल पानी ही पिएं।