Mint Benefits: गर्मियों में जरूर करें पुदीने का सेवन हाजमा रहेगा दुरुस्त, ये रहे इसके 5 फायदे

पुदीना की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इस मौसम में पुदीने का सेवन किसी भी रूप में फायदेमंद होगा। इसका इस्तेमाल औषधि के रूप में ही नहीं, बल्कि भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए भी किया जाता है। पुदीना एक नेचुरल हर्ब है, जो एसिडिटी, बदहजमी जैसी समस्याओं का चुटकी में इलाज करती है। जानें, गर्मी के मौसम में पुदीने का सेवन (Health benefits of mint) किस तरह से है फायदेमंद...

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : May 26, 2020 11:26 AM IST

Mint Benefits: गर्मी के मौसम में पुदीना खाने से सेहत को कई लाभ होता है। पुदीना की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इस मौसम में पुदीने की चटनी, शरबत, जलजीरा या किसी भी तरह से इसका सेवन करना काफी अच्छा माना गया है। इसका इस्तेमाल औषधि के रूप में ही नहीं, बल्कि भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए भी किया जाता है। पुदीना एक नेचुरल हर्ब है, जो एसिडिटी, बदहजमी जैसी समस्याओं का चुटकी में इलाज करती है। जानें, गर्मी के मौसम में पुदीने का सेवन (Health benefits of mint) किस तरह से है फायदेमंद...

1 पाचन शक्ति सुधारे पुदीना

पुदीना में फाइटोन्यूट्रिएन्ट्स और एंटीऑक्सिडेंट होते है, जो भोजन को आसानी से पचाने में मदद करते हैं। इस हर्ब में मेन्थॉल होता है, जो डाइजेस्टिव ट्रैक्ट में बाइल सॉल्ट और एसिड के निष्कासन को एक्टिव करता है। अक्सर लोगों को बदहजमी के कारण पेट में गैस बनने की समस्या शुरू हो जाती है। पुदीना के सेवन से गैस की समस्या दूर होती है। मेन्थॉल मांसपेशियों का संचालन सुचारू रूप से करने में मदद करता है, जिससे बदहजमी के लक्षण दूर होते हैं। इसकी पत्तियां हाजमे के लिए एक अचूक उपाय हैं। गर्मी के मौसम में उल्टी या मितली महसूस हो, तो पुदीना का रस पिएं।

2 त्वचा के लिए फायदेमंद है पुदीना

पुदीना त्वचा पर एक पावरफुल हीलर की तरह काम करता है। गर्मी में होने वाली स्किन (Mint Benefits for skin) संबंधित समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए पुदीने का सेवन करना चाहिए। पुदीने से तैयार फेस पैक लगाने से झुर्रियां और बारीक लकीरें नहीं होती हैं। साइन ऑफ एजिंग यानी कम उम्र में बढ़ती उम्र के लक्षण नजर नहीं आते हैं। पुदीना में एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो फ्री रैडिकल से होने वाले नुकसान को रोकते हैं। इससे स्किन जवां बना रहती है। जिन लोगों को मुंहासे अधिक होते हैं, वो पुदीने की पत्तियों से तैयार पेस्ट चेहरे पर लगाएं। इस पेस्ट में गुलाब जल, बेसन भी मिलाएं। इस फेस पैक को 15 मिनट तक चेहरे पर लगाए रखें। फिर पानी से धो लें। इससे त्वचा से अतिरिक्त ऑयल निकल जाता है, जिससे मुहांसे, दाने, फोड़े-फुंसियों की समस्या गर्मी में परेशान नहीं करेगी। पुदीना स्किन टोनर का भी काम करता है।

3 मुंह की दुर्गंध दूर करे पुदीना

जिनके मुंह से अधिक बदूब आती है, वो पुदीने की पत्तियों का सेवन (Peppermint Benefits) करें। कुछ पत्तियों को चबाने से दुर्गंध दूर होती है और सांसों में ताजगी का अहसास होता है। पुदीने की पत्तियों को पानी में उबाल लें। इसे ठंडा करके इससे कुल्ला करने से बदबू चली जाएगी।

4 लू से बचाए

गर्मी में लू से बचने के लिए भी पुदीने (Mint Benefits in summer) का इस्तेमाल किया जाता है। घर से बाहर जाना हो तो पुदीने का रस पिएं या इससे तैयार शरबत पीकर ही घर से निकलें। लू यानी हीट स्ट्रोक से बचाव होगा। गर्मी में जब भी पेट दर्द हो, तो पुदीने को जीरा, काली मिर्च और हींग के साथ मिलाकर खाएं। पेट दर्द में आराम मिलता है।

5 हैजा के लक्षणों को करे कम

हैजा (cholera) कई बार दूषित भोजन और पानी पीने से होता है। गर्मी में इस रोग के होने की संभावना बढ़ जाती है। इसमें दस्त अधिक होता है। यदि समय पर इसका इलाज ना कराया जाए, तो हैजा खतरनाक साबित हो सकता है। हैजा होने पर आप घरेलू उपायों में पुदीने का इस्तेमाल कर सकते हैं। पुदीने की पत्तियों का रस, प्याज का रस, नींबू का रस बराबर मात्रा में मिलाकर पीने से फायदा होगा।

डायट में यूं करें पुदीने को शामिल

ताजी पुदीने की पत्तियों से तैयार हरी चटनी खाएं। इसमें हरी मिर्च, आंवला, लहसुन, धनिया पत्ती डालकर मिक्सी में पीस लें। पुदीने की चटनी भोजन का स्वाद बढ़ाने के साथ ही पेट को शीतलता भी प्रदान करेगी।

पुदीने का काढ़ा भी पी सकते हैं। जिन्हें बदहजमी के कारण पेट दर्द रहता है, उनके लिए यह ड्रिंक बेस्ट है।

पुदीने को सलाद, दही या किसी भी व्यंजन में शामिल कर सकते हैं।

पुदीने के पत्तों को पीस लें। इसे एक गिलास पानी में नींबू, नमक डालकर पीने से डिहाइड्रेशन नहीं होगा।

आप पुदीने के पत्तों को चबाकर भी खा सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source