
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : February 17, 2023 9:38 AM IST
Mahashivratri 2023 : महाशिवरात्रि इस साल 18 फरवरी को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर पूरे देश में भगवान शिव जी के मंदिर में भीड़ लगेगी। कई लोग इस पावन अवसर पर भगवान शिव जी को प्रसन्न करने के लिए उपवास रखते हैं। उपवास रखने से मन को शांति मिलती है। अगर आप भी इस खास अवसर पर उपवास करने जा रहे हैं, तो अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि इस अवसर पर क्या खाएं और क्या न खाएं। आज हम आपको इस लेख में व्रत के दौरान क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए के बारे में विस्तार से बताएंगे। आइए जानते हैं शिवरात्रि पर क्या खाएं और क्या न खाएं?
शिवरात्रि के व्रत में आपको अधिक तला-भुना खाने से परहेज करना चाहिए। अगर आप व्रत में अधिक तला-भुना खाते हैं, तो इससे पाचन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। मुख्य रूप से इसकी वजह से अपच, कब्ज, एसिडिटी की परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में गलती से भी व्रत में तेलीय चीजों का सेवन न करें।
व्रत में प्याज-लहसुन से बनी चीजों का सेवन करना अच्छा नहीं माना जाता है। इसके अलावा सेहत की बात करें, तो व्रत में प्याज-लहसुन का सेवन करने से आपको एसिडिटी और अपच जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए प्याज-लहसुन का सेवन न करें। वहीं, इस बात का ध्यान रखें कि व्रत में सफेद नमक के बजाय सेंधा नमक का सेवन करें।
अधिकतर लोग व्रत के दौरान कई बार चाय और कॉफी पीने लगते हैं। इस तरह के आहार में कैफीन की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इससे आपको व्रत के दौरान उल्टी, मतली, अनिद्रा की शिकायत हो सकती है। इसलिए अधिक मात्रा में चाय-कॉफी न पिएं।
व्रत में अगर आप खुद को हेल्दी रखना चाहते हैं, तो ताजे फलों का सेवन करें। फलों में फाइबर की अधिकता होती है, जो आपके पेट को लंबे समय तक भरा रख सकता है। ऐसे में आप व्रत में सेब, केला, संतरा, अनार जैसी चीजों का सेवन करें। इसका सेवन करने से आप दिनभर एनर्जेटिक रहेंगे।
व्रत के दौरान पेट की गर्मी को शांत करने के लिए ठंडाई पिएं। इससे पाचन दुरुस्त हो सकता है। इसके अलावा शिव जी को ठंडाई काफी प्रिय होता है। यह प्रसाद के रूप में वितरण किया जाता है। ठंडाई बनाने के लिए आप इसमें फल और ड्राईफ्रूट्स मिक्स करें। इससे आपकी सेहत को अधिक लाभ होगा।
व्रत में कुट्टू के आटे से बनी पूरी, हलवा, पराठे जैसी चीजों का सेवन करें। इसके सेवन से आपका पेट भरा रहता है। साथ ही आपको कमजोरी महसूस नहीं होती है।
शिवरात्रि के व्रत में आप ड्राईफ्रूट्स को स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं। इन ड्राईफ्रूट्स में आप काजू, बादाम, किशमिश, मखाना जैसी चीजों को शामिल करें। इन ड्राईफ्रूट्स को आप रोस्ट करके या फिर कच्चा भी खा सकते हैं। इससे स्वास्थ्य को काफी फायदा होगा।
व्रत में साबूदाना से बनी खिचड़ी, खीर, पूरी जैसी चीजों का सेवन करें। इससे आपका शरीर एनर्जेटिक रहता है। साथ ही आपको कई तरह के पोषक तत्व जैसे- कैल्शियम, प्रोटीन प्राप्त होते हैं। इससे आपको किसी तरह की कमजोरी महसूस नहीं होती है।
व्रत में शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखने के लिए आप इन चीजों का सेवन करें। इससे आपका शरीर स्वस्थ रहेगा। वहीं, व्रत को करने से पहले इससे जुड़े नियमों को जरूर जान लें।