लस्सी या छाछ, जानिए दही से बनी इन ड्रिंक्स में कौन है ज्यादा फायदेमंद

दही से बनी छाछ और लस्सी दोनों ही हेल्थ के लिए काफी अच्छी मानी जाती हैं। लेकिन जब बात इन दोनों में से किसी एक को चुनने की हो तो अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : April 26, 2024 2:11 PM IST

छाछ और लस्सी, गर्मी के मौसम में ये दोनों ही ड्रिंक्स हर किसी की फेवरेट बन जाती हैं। चिलचिलाती धूप से राहत की चाहत हो या फिर सूखते गले को तर करना हो लोग हेल्दी ऑप्शन की तलाश में इन दोनों ड्रिंक्स का सेवन करना ही पसंद करते हैं। दही से बनी ये टेस्टी ड्रिंक्स हेल्थ के लिए काफी अच्छी मानी जाती हैं। लेकिन जब बात इन दोनों में से किसी एक को चुनने की हो तो अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं। अगर आपको भी ऐसा ही कंफ्यूजन रहता है तो आपको इन दोनों ही ड्रिंक्स के हेल्थ बेनिफिट्स के बारे में पूरी जानकारी होना जरूरी है। दोनों को कंपेयर करके फैसला आप खुद ले सकते हैं।

डाइजेशन और इम्यूनिटी के लिए अच्छी है छाछ

भारत के अधिकांश हिस्सों में छाछ को लंच का अहम हिस्सा माना जाता है। दही में ढेर सारा पानी, काला नमक, भुना जीरा, पुदीने की सूखी पत्तियां डालकर बनाई जाने वाली छाछ आपको तरोताजा कर देती है। यह टेस्टी ट्रेडिशनल ड्रिंक गर्मी के मौसम में आपकी बॉडी टेंपरेचर को ठंडा रखती है। इसी के साथ यह आपके डाइजेशन को भी इंप्रूव करती है। छाछ पीने के कई हेल्थ ​बेनिफिट्स हैं।

1. पाचन तंत्र में सुधार : छाछ में प्रचुर मात्रा में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पाचन तंत्र के लिए हेल्दी बैक्टीरिया हैं। ये गुड बैक्टीरिया खाने को पचाने में मदद करते हैं। ऐसे में आपको कब्ज से राहत मिलती है। साथ ही आप बॉटलिंग, गैस, एसिडिटी जैसी परेशानियों से बचते हैं।

2. करती है हाइड्रेट : गर्मी के मौसम में शरीर को पानी की ज्यादा जरूरत होती है। छाछ उस जरूरत को पूरा करने में मदद करती है। इसमें पानी के साथ ही इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो बॉडी को डिहाइड्रेशन से बचाते हैं।

3. बॉडी रहती है ठंडी : छाछ में पानी के साथ ही जीरा और पुदीना भी मिलाया जाता है। ये तीनों की कूलिंग के गुणों से भरपूर होते हैं। ये नेचुरल तरीके से आपके शरीर को ठंडक देते हैं, जो समर सीजन में आपको कई बीमारियों से बचाता है।

4. वेट लॉस में मददगार : अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो छाछ का ज्यादा सेवन करें। छाछ में कैलोरी और फैट काफी कम होते हैं, जो इसे वजन घटाने के लिए एक अच्छा विकल्प बनाते हैं। यह भूख को कम करने और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में भी मदद करती है।

5. बढ़ेगी इम्यूनिटी : छाछ में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन होते हैं जो इम्यूनिटी सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। यह शरीर को इंफेक्शन से लड़ने की ताकत देते हैं। अक्सर गर्मी में ब्लड प्रेशर भी इफेक्ट होने लगता है। छाछ उस परेशानी से भी आपको बचाती है। छाछ में पोटेशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है। साथ ही बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कम करता है।

मीठी लस्सी भी है पोषण का भंडार

आमतौर पर लस्सी गाढ़े दही में चीनी या बूरा डालकर बनाई जाती है। यह गाढ़ी, मलाईदार लस्सी न सिर्फ बहुत टेस्टी होती है, बल्कि ये आपके पेट को बहुत जल्दी फिल भी कर देती है। लस्सी आपकी सेहत के लिए भी काफी अच्छी होती है।

1. एनर्जी बूस्टर : लस्सी में ढेर सारी कार्बोहाइड्रेट होती है, जो आपको क्विक एनर्जी देती है। अगर आप गर्मी के कारण लो फील कर रहे हैं तो लस्सी पीने से आपको फिर से एनर्जी मिल जाएगी।

2. पोषक तत्वों का भंडार : लस्सी जितनी मलाई और मीठे से भरी है, उसमें उतने ही पोषक तत्व भी हैं। लस्सी में कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन और प्रोबायोटिक्स आदि भरपूर मात्रा में होते हैं। इसमें कई मिनरल्स भी होते हैं।

3. डाइजेशन के लिए अच्छी : दही से बनी होने के कारण लस्सी में भी प्रोबायोटिक्स होते हैं जो गट हेल्थ के लिए अच्छे होते हैं। इससे आपका डाइजेशन सुधरता है। इससे अपच, कब्ज, गैस जैसी परेशानियां दूर होती हैं।

आप क्या चुनें ?

छाछ और लस्सी में से क्या चुनना है, ये आपकी अपनी च्वाइस है। दोनों ही ड्रिंक्स आपको हाइड्रेट करती हैं और ताकत देती हैं। हालांकि दोनों में कैलोरी में बड़ा अंतर है। 100 ग्राम छाछ में करीब 40 कैलोरी होती हैं। वहीं 100 ग्राम लस्सी में आमतौर पर 77 कैलोरी होती है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source