hamburger icon
A
Read in English

क्या चना दाल खाने से यूरिक एसिड बढ़ता है? जानें, कौन सी दाल है बेस्ट

क्या आप यूरिक एसिड की परेशानी से जूझ रहे हैं? ऐसे में दाल को खाने को लेकर कंफ्यूज हैं? अगर हां, तो इस विषय की जानकारी हम आपको विस्तार से देंगे, ताकि आपका कंफ्यूजन दूर हो सके। आइए जानते हैं-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : July 13, 2026 11:58 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Kamini Sinha

आज के समय में यूरिक एसिड की परेशानी काफी ज्यादा आम हो चुकी है। यह परेशानी न सिर्फ बुजुर्गों को हो रही है, बल्कि कम उम्र के युवा वर्ग भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं। यूरिक एसिड की परेशानी होने पर अक्सर डाइट को सही करने की सलाह दी जाती है। मुख्य रूप से इस स्थिति में प्यूरीन नामक तत्व को कम से कम मात्रा में खाने की सलाह दी जाती है। ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या चना दाल खाने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है। क्योंकि दालें प्रोटीन का अच्छा स्रोत मानी जाती हैं, लेकिन इनमें प्यूरिन नामक तत्व भी पाया जाता है, जो शरीर में टूटकर यूरिक एसिड बनाता है। इस विषय की अधिक जानकारी के लिए हमने डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी से बातचीत की है।

क्या चना दाल यूरिक एसिड बढ़ाती है?

डायटीशियन का कहना है कि चना दाल में मध्यम मात्रा में प्यूरिन होता है, लेकिन मौजूदा रिसर्च में यह नहीं बताते कि सामान्य मात्रा में चना दाल खाने से यूरिक एसिड खतरनाक रूप से बढ़ जाता है। वास्तव में दालों और फलियों को पौधों से मिलने वाले प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है।

यूरोपियन जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया कि गैर-सोया बीन्स का सेवन और यूरिक एसिड के स्तर के बीच कोई स्पष्ट नेगेटिव कनेक्शन नहीं था। रिसर्चर्स ने सुझाव दिया कि फलियों का सेवन संतुलित आहार का हिस्सा हो सकता है।

क्या कहती है रिसर्च?

हाल ही में प्रकाशित एक बड़े कोहोर्ट अध्ययन में 43,000 से अधिक लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। रिसर्च में पाया गया कि अधिक मात्रा में फलियां खाने वाले लोगों में हाइपरयूरिसीमिया का रिस्क कम था। अध्ययन के अनुसार, सबसे अधिक फलियां खाने वाले ग्रुप में हाई यूरिक एसिड का जोखिम लगभग 26 प्रतिशत कम पाया गया।

Chana Dal for Uric Acid Chana Dal for Uric Acid

इसके अलावा, 2025 में प्रकाशित एक सिस्टेमैटिक रीव्यू में पाया गया कि यूरिक एसिड और गाउट के जोखिम को बढ़ाने वाले प्रमुख कारक लाल मांस, शराब, मोटापा और पशु स्रोतों से मिलने वाले अधिक प्यूरिन हैं। वहीं सब्जियों और पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन लाभकारी पाया गया।

हाई यूरिक एसिड में कौन सी दालें बेहतर मानी जाती हैं?

डायटीशियन का कहना है कि अधिकतर दालों को पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, अगर यूरिक एसिड बहुत अधिक है या गाउट की समस्या है, तो दालों का सेवन सीमित मात्रा में करना बेहतर होता है। कुछ दालें आपके लिए बेस्ट हो सकती हैं, जैसे-ॉ

  • मूंग दाल
  • सीमित मात्रा में मसूर की दाल
  • चना दाल
  • संतुलित मात्रा में अरहर दाल

वहीं, कुछ एक्सपर्ट हाई प्यूरिन वाली दालों जैसे उड़द दाल और साबुत उड़द का सेवन सीमित करने की सलाह देते हैं, खासकर गाउट के मरीजों को।

यूरिक एसिड कंट्रोल करने के लिए क्या करें?

अगर आप यूरिक एसिड को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो कुछ टिप्स को फॉलो कर सकते हैं, जैसे-

  1. पर्याप्त पानी पिएं।
  2. अपने वजन को कंट्रोल में रखें।
  3. शराब और मीठे पेय पदार्थों से बचें
  4. रेड मीट और ऑर्गन मीट कम खाएं
  5. दालों को संतुलित मात्रा में लें
  6. नियमित व्यायाम करें, इत्यादि।

Disclaimer : सामान्य मात्रा में चना दाल खाने से अधिकतर लोगों में यूरिक एसिड बढ़ने का कोई मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। ऐसे में यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि चना दाल खाने से यूरिक एसिड  बढ़ सकता है। हालांकि, अगर आपको गाउट या बहुत अधिक यूरिक एसिड की समस्या है, तो अपनी डाइट के बारे में डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना बेहतर होगा।