
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : January 19, 2024 6:39 PM IST
खान-पान के बदले पैटर्न ने हमारी कई आदतों को भी बदल दिया है। इन्हीं में एक है भोजन के साथ चाय या कॉफी पीना। आमतौर पर लोग मानते हैं कि खाली पेट चाय या कॉफी का सेवन सही नहीं रहता। इसलिए वे इसके साथ खाना खाते हैं। वहीं कुछ लोगों को लगता है कि ऐसा करने से भोजन आसानी से पच जाता है और पाचन क्रिया तेज होती है। खासतौर पर ब्रेकफास्ट तो चाय या कॉफी के बिना अधूरा ही माना जाता है। अगर आप भी ऐसी ही बातों पर विश्वास करते हैं तो संभलें, क्योंकि यह आहार संबंधी बड़ी गलतियों में से एक है। इतना ही नहीं यह गलती आप पर काफी भारी भी पड़ सकती है। हाल ही में पोषण विशेषज्ञ नमामी अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से इस खास और महत्वपूर्ण गलती के बारे में लोगों को बताया। नमामी ने विस्तार से बताया है कि आखिर भोजन के साथ चाय या कॉफी पीने से क्यों बचना चाहिए।
नमामी के अनुसार भोजन के साथ चाय या कॉफी पीने से खाने के पोषक तत्वों का शरीर में ठीक से अवशोषण नहीं हो पाता है। खासतौर पर चाय और कॉफी आयरन के अवशोषण में बाधा बनते हैं। हम सभी जानते हैं कि शरीर के लिए आयरन बहुत जरूरी तत्व है। दरअसल, इन पेय पदार्थों में पॉलीफेनॉल और टैनिन जैसे यौगिक होते हैं, जो आयरन से जुड़ सकते हैं। इसके प्रभाव से ऐसे कॉम्प्लेक्स बनते हैं जिन्हें शरीर के लिए अवशोषित करना मुश्किल होता है। इसके कारण नॉन-हीम आयरन का अवशोषण प्रभावित होने का खतरा रहता है। नॉन-हीम आयरन पौधे-आधारित स्रोतों से मिलता है। यह पशु उत्पादों से मिलने वाले हीम आयरन की तुलना में कम अवशोषित हो पाता है। जब आप भोजन के साथ चाय या कॉफी लेते हैं तो इसका अवशोषण अत्यधिक कम हो जाता है।
आपको बता दें नॉन-हेम आयरन हीमोग्लोबिन के उत्पादन के लिए आवश्यक होता है। यह शरीर में ऊर्जा के उत्पादन में मदद करता है। साथ ही मस्तिष्क के कार्य में सुधार करने में सहयोग करता है। यह शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मददगार होता है।
भोजन के साथ चाय या कॉफी पीना हानिकारक है, लेकिन इनसे दूर रहना भी आसान काम नहीं है। ऐसे में ये जरूरी है कि हम समय पर इन पेय पदार्थों का सेवन करें। आमतौर पर लोग दिन की शुरुआत चाय या कॉफी के साथ करते हैं, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए घातक हो सकता है। इसी के साथ खाली पेट चाय या कॉफी पीने से भी कई समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार भोजन करने से करीब आधे घंटे बाद आप चाय या कॉफी का सेवन करें। वहीं सुबह की चाय के साथ 2 या 3 बिस्कुट खाए जा सकते हैं।
View this post on Instagram