
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Medically Verified By: Dr. Rajasekara Chakravarthi Madarasu
Protein Shake (Image Credit : ChatGPT)
क्या आप हर दिन प्रोटीन शेक पी रहे हैं? या फिर क्या आप ऐसे लोगों में हैं, जिन्हें प्रोटीन शेक पीने से डर लगता है? अगर हां, तो यह लेख आपके लिए काफी मददगार साबित हो सकता है। दरअसल, आज लोग अपनी फिटनेस का काफी ध्यान रखने लगे हैं, जिसमें हम में से कई लोग मसल्स बनाने के लिए प्रोटीन शेक का इस्तेमाल करते हैं। प्रोटीन शेक सिर्फ जिम जाने वाले ही नहीं, बल्कि कई लोग अपनी डेली डाइट में भी शामिल कर रहे हैं। लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें प्रोटीन शेक पीने से डर लगता है। कुछ लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या रोजाना प्रोटीन शेक पीना किडनी के लिए सुरक्षित है?
इस विषय पर यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट, क्लीनिकल डायरेक्टर एवं HOD ऑफ नेफ्रोलॉजी एंड ट्रांसप्लांट सर्विसेज डॉ. राजशेखर चक्रवर्ती मदारासु ने कई जरूरी जानकारी दी, जिसे हम आपके साथ शेयर करने जा रहे हैं।
डॉ. मदारासु का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति की किडनी पूरी तरह से सुरक्षित है और वह अपनी उम्र और वजन के अनुसार सही मात्रा में प्रोटीन ले रहा है और पर्याप्त पानी पीता है, तो रोजाना प्रोटीन शेक पीना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रोटीन शेक उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है, जो नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं, एथलीट हैं या मसल रिकवरी के लिए अतिरिक्त प्रोटीन की जरूरत होती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेना स्वास्थ्य के लिए बेहतर होगा।
WHO के मुताबिक, एक स्वस्थ वयस्क को सामान्य तौर पर 0.8 ग्राम प्रोटीन प्रति किलोग्राम शरीर के वजन के हिसाब से प्रतिदिन प्रोटीन की आवश्यकता होती है। वहीं, खिलाड़ियों या अधिक शारीरिक गतिविधि करने वाले लोगों में यह जरूरत अधिक हो सकती है।
जरूरत से ज्यादा प्रोटीन, खासकर सप्लीमेंट्स के रूप में लेने से किडनी पर अतिरिक्त फिल्ट्रेशन का दबाव पड़ सकता है। हालांकि, NCBI की रिसर्च बताती है कि स्वस्थ लोगों में सामान्य सीमा के अंदर अधिक प्रोटीन लेने से किडनी को नुकसान होने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं।
डॉ. मदारासु सलाह देते हैं कि प्रोटीन शेक को अपनी कुल दैनिक प्रोटीन मात्रा में शामिल करें। इसके अलावा ऐसे प्रोडक्ट चुनें जिनमें अनावश्यक शुगर, हाई फॉस्फेट एडिटिव्स, भारी धातुएं या अन्य हानिकारक तत्व न हों। अच्छी गुणवत्ता वाले और प्रमाणित ब्रांड का ही चयन करें।
अगर किसी व्यक्ति को पहले से किडनी की बीमारी, डायबिटीज, अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर है या वह डायलिसिस पर है, तो बिना डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के रोजाना प्रोटीन शेक नहीं लेना चाहिए। ऐसे लोगों में जरूरत से ज्यादा प्रोटीन नुकसान पहुंचा सकता है और डाइट व्यक्ति की मेडिकल स्थिति के अनुसार तय की जाती है।
डॉक्टर का कहना है कि शरीर को प्रोटीन सिर्फ सप्लीमेंट्स से ही नहीं बल्कि दाल, दूध, दही, पनीर, अंडे, मछली, चिकन, सोया और अन्य प्राकृतिक खाद्य पदार्थों से भी मिल सकता है। इसलिए संतुलित आहार हमेशा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
Disclaimer : अगर आपकी किडनी स्वस्थ है, आप पर्याप्त पानी पीते हैं और अपनी जरूरत के अनुसार ही प्रोटीन लेते हैं, तो रोजाना प्रोटीन शेक पीना सामान्य रूप से सुरक्षित माना जाता है। लेकिन अगर आपको किडनी से जुड़ी कोई बीमारी, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, तो नियमित प्रोटीन शेक शुरू करने से पहले नेफ्रोलॉजिस्ट या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें।