बारिश के मौसम में कॉफी पीना ठीक है या नहीं? डॉक्टर ने बताया

बारिश के मौसम में जब हवा में नमी और बैक्टीरिया ज्यादा होते हैं, तब अक्सर यह सवाल लोगों के दिमाग आता है को क्या बारिश के मौसम में कॉफी पीना ठीक है या नहीं।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Updated : August 10, 2026 12:03 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dt. Pranjal kumat

सुबह उठते ही एक कप कड़क कॉफी - बहुत से लोगों के लिए ये रूटीन किसी पूजा से कम नहीं है। ऑफिस जाने से पहले, दोस्तों के साथ गपशप में या बारिश में खिड़की के पास बैठकर... कॉफी के बिना दिन अधूरा लगता है। लेकिन जैसे ही मानसून दस्तक देता है, हमारे साथ एक और मेहमान भी आ जाता है - पेट की प्रॉब्लम। एसिडिटी, गैस, उल्टी, दस्त यह सभी परेशानियां मानसून में आम हो जाती है। मानसून में जैसे ही पेट की परेशानियां होने लगती हैं तब कॉफी के दीवाने अक्सर यह सवाल पूछते हैं कि जिस कॉफी से हमें एनर्जी मिलती है, क्या वही बारिश में हमारे पेट को खराब कर देगी? क्या बारिश के मौसम में कॉफी पीना ठीक होता है? अगर आपके दिमाग में भी यह सवाल घूम रहा है तो महात्मा गांधी अस्पताल की डाइटिशियन प्रांजल कुमत इसका जवाब देने जा रही हैं।

ज्यादा कॉफी पेट के लिए खराब होती है। ज्यादा कॉफी पेट के लिए खराब होती है।

बारिश के मौसम में पेट की परेशानियां क्यों होती है?

पहले ये समझ लेते हैं कि मानसून में पेट की परेशानियां क्यों बढ़ती है। डाइटिशियन प्रांजल कुमत बता रही हैं पहले इसके बारे में-

  1. नमी और गर्मी- बैक्टीरिया और फंगस के पनपने के लिए यह मौसम बेहतर होता है। यही नमी और गर्मी पेट की परेशानियों का कारण बन सकता है।
  2. दूषित खाना-पानी- बाहर का कटा फल, सड़क की चाट, गंदे पानी की बर्फ से इंफेक्शन का रिस्क बढ़ जाता है।
  3. इम्यूनिटी डाउन- मौसम बदलने से सर्दी-जुकाम के साथ पेट का सिस्टम भी कमजोर हो जाता है। इसी वजह से इस समय एसिडिटी, ब्लोटिंग, दस्त और पेट दर्द के केस सबसे ज्यादा आते हैं।

बारिश के मौसम में कॉफी पीना सही है?

इस सवाल का जवाब देते हुए डाइटिशियन कहती हैं हां, बारिश के मौसम में कॉफी पीना बिल्कुल सही है। बारिश में मौसम ठंडा और सुस्त हो जाता है। ऐसे में गरम-गरम कॉफी की एक चुस्की मूड भी ठीक करती है और शरीर को गर्माहट भी देती है। लेकिन यह कहना भी गलत नहीं होगा कि बारिश के मौसम में ज्यादा कॉफी पीने से पेट में दर्द, एसिडिटी और कब्ज की समस्या भी हो सकती है।

क्या कॉफी से एसिडिटी और गैस बढ़ती है?

हां, इस सवाल का सीधा सा जवाब है। कॉफी पीते ही हमारे पेट को सिग्नल जाता है कि ज्यादा एसिड बनाओ। डाइटिशियन कहती हैं कि कॉफी खाने को पचाने में मदद करता है। लेकिन जब मानसून में कॉफी पीने की बात आए तो यह हर किसी के लिए सही नहीं है। मानसून में कॉफी पीने से पेट की अंदरूनी लाइनिंग में सूजन, पेप्टिक अल्सर, पेट में छाले, जी मिचलाना, मुंह में खट्टा पानी आना और जलन और तेज हो जाती है। इसके साथ ही, IBS यानी इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम के मरीजों को मानसून में कॉफी से खास बचकर रहना चाहिए। कॉफी से IBS नहीं होता, लेकिन ये एक बड़ा ट्रिगर है। इससे IBS वाले लोगों को गैस, पेट फूलना, पेट दर्द और टॉयलेट की आदत में बदलाव की शिकायत बढ़ जाती है। अगर आप जानते हैं कि कॉफी से आपको दिक्कत होती है, तो उसे लिमिट करना ही बेहतर है।

1 दिन में 1 से 2 कप कॉफी पीना पर्याप्त होता है। 1 दिन में 1 से 2 कप कॉफी पीना पर्याप्त होता है।

मानसून में कितनी कॉफी पी सकते हैं?

डाइटिशियन कहती हैं कि कॉफी पीने से पेट की परेशानियां हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि मानसून में कॉफी पर पूरी तरह से बन लग गया है। बस आपको कॉफी पीने की सही मात्रा और तरीका पता होना चाहिए। अगर आप हेल्दी हैं और आपको कोई पेट की बीमारी नहीं है, तो दिन में 1 से 2 कप कॉफी आराम से पी सकते हैं। लेकिन कॉफी पीते समय आपको 3 खास बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  1. खाली पेट बिल्कुल नहीं- आप कैफीन का सेवन किस समय कर रहे हैं यह सबसे ज्यादा मायने रखता है। सुबह उठकर सबसे पहले कॉफी पीना सबसे बड़ी गलती है। खाली पेट एसिड सीधे आपकी पेट की दीवार पर हमला करता है। इसलिए सुबह उठने के बाद नाश्ता करें या कुछ खाएं और इसके बाद ही कॉफी पिएं।
  2. खाने के तुरंत बाद नहीं- खाना खाने के फौरन बाद कॉफी पीने से खाना ठीक से नहीं पचता। खाने के 30 से 45 मिनट बाद पिएं।
  3. कितनी स्ट्रॉन्ग है कॉफी- बारिश में बहुत कड़क, काली कॉफी अवॉइड करें। इसकी जगह दूध वाली, हल्की कॉफी लें। और हां, 4-5 कप पीने की आदत है तो उसे घटाकर 1-2 पर लाएं।

प्रांजल कुमत का कहना है कि सच ये है कि कॉफी अपने आप में बुरी नहीं है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर के लिए अच्छे होते हैं। लेकिन मानसून में जब पूरे शहर का पाचन तंत्र थोड़ा कमजोर हो जाता है, तो कॉफी उन लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है जिनका पेट पहले से ही सेंसिटिव है।इसलिए डरने की जरूरत नहीं है। बस थोड़ी समझदारी बरतिए। खाली पेट मत पिएं, मात्रा कंट्रोल रखें और पानी पीना न भूलें।

Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। अपनी डाइट में कोई भी बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह जरूर लें।