hamburger icon
A
Read in English

क्या रोज एक ही तरह का नाश्ता करना सही है? जानें क्या कहती हैं डायटीशियन

Eating the same breakfast everyday : क्या आप रोजाना जल्द बाजी की वजह से एक ही तरह का नाश्ता करते हैं? अगर हां, तो इसके कुछ नुकसान और फायदे भी हो सकते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : July 6, 2026 10:29 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Kamini Sinha

ऑफिस और कॉलेज-स्कूल जाने की जल्द-बाजी में हम में से कई लोग रोजाना एक ही तरह का नाश्ता करते हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो समय बचाने और सुविधा के लिए रोज एक ही तरह का नाश्ता करते हैं, जैसे- ओट्स, पोहा, अंडे, ब्रेड, उपमा या पराठा। लेकिन क्या हर दिन एक जैसा नाश्ता करना आपकी सेहत के लिए सही है? डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी का  कहना है कि इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आपका नाश्ता कितना संतुलित है और उसमें पोषक तत्वों की कितनी विविधता मौजूद है।

क्या रोज एक जैसा नाश्ता करना नुकसानदायक है?

अगर आपका नाश्ता पोषण से भरपूर है और उसमें प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, विटामिन और मिनरल्स का संतुलन है, तो कुछ दिनों तक एक जैसा नाश्ता करना नुकसानदायक नहीं माना जाता। कई एथलीट और फिटनेस प्रेमी भी नियमित रूप से एक जैसा नाश्ता करते हैं क्योंकि इससे कैलोरी और पोषक तत्वों का हिसाब रखना आसान हो जाता है।

हालांकि, लंबे समय तक बिना बदलाव के एक ही भोजन खाने से शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते। अलग-अलग खाद्य पदार्थ अलग-अलग प्रकार के विटामिन, मिनरल्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स प्रदान करते हैं। इसलिए भोजन में विविधता बनाए रखना जरूरी है।

एक जैसा नाश्ता करने के क्या हैं फायदे?

रोज एक जैसा हेल्दी नाश्ता करने के कुछ फायदे भी हो सकते हैं। इससे सुबह क्या खाना है, यह तय करने में समय नहीं लगता। अनहेल्दी फूड चुनने की संभावना कम होती है। साथ ही, अगर नाश्ता संतुलित है तो ब्लड शुगर और ऊर्जा का स्तर भी बेहतर बना रह सकता है।

एक जैसा नाश्ता करने के क्या हैं नुकसान?

अगर आपका नाश्ता सिर्फ ब्रेड-बटर, मीठे सीरियल या तले हुए खाद्य पदार्थों तक सीमित है, तो समय के साथ पोषण की कमी हो सकती है। इसके अलावा एक जैसा स्वाद खाने से कई लोगों का भोजन में रुचि भी कम होने लगती है, जिससे वे जरूरी मात्रा में भोजन नहीं कर पाते।

नाश्ते में क्या-क्या शामिल करें?

डायटीशियन का कहना है कि नाश्ते में आपको संतुलित चीजों को शामिल करना चाहिए है,जैसे-

  • प्रोटीन युक्त आहार जोड़ें, इसके लिए अंडा, पनीर, दही, दूध, मूंग दाल चीला या स्प्राउट्स इत्यादि को शामिल करें।
  • फाइबर भी जरूरी होता है, इसके लिए ओट्स, दलिया, पोहा, साबुत अनाज जोड़ें।
  • मौसमी फलों और बेरीज को शामिल करें।
  • अपने आहार में हेल्दी फैट, जैसे- बादाम, अखरोट, अलसी या चिया सीड्स को जोड़ने की कोशिश करें।

आप चाहें तो बेस वही रखें, लेकिन छोटे-छोटे बदलाव करते रहें। उदाहरण के लिए, एक दिन ओट्स में केला डालें, दूसरे दिन सेब और तीसरे दिन नट्स व बीज मिलाएं। इसी तरह दही, फल और प्रोटीन के स्रोत बदलते रहें।

क्या कहती हैं डायटीशियन?

डायटीशियन का कहनाा है कि रोज एक जैसा नाश्ता करना गलत नहीं है, लेकिन यह जरूरी है कि वह पोषण की दृष्टि से संतुलित हो। सप्ताहभर में अलग-अलग अनाज, फल, सब्जियां और प्रोटीन स्रोत शामिल करने से शरीर को व्यापक पोषण मिलता है और आंतों का माइक्रोबायोम भी स्वस्थ रहता है।

Disclaimer : ध्यान रखें कि अगर आपका नाश्ता संतुलित और पौष्टिक है, तो रोज एक जैसा नाश्ता करना अपने आप में नुकसानदायक नहीं है। फिर भी बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर उसमें विविधता शामिल करना सबसे अच्छा ऑप्शन माना जाता है। इससे स्वास्थ्य को बेहतर रिजल्ट मिलते हैं।