सफेद चावल की तुलना में ब्राऊन राइस क्यों है ज्यादा फायदेमंद, डाइटीशियन ने बताई 'भूरे चावल' की खूबियां

Brown Rice Vs White Rice: ब्राउन राइस या सफेद चावल? सेहत के लिहाज से कौन सा चावल खाना ज्यादा फायदेमंद होता है आइए विस्तार से जानते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : March 6, 2023 9:27 PM IST

भारत के अधिकांश राज्यों में चावल खाना एक परंपरा है। जैसा कि दक्षिण भारत में देखा जा सकता है। चावल पोषक तत्वों से युक्त होता है जो हमें पोषण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लेकिन बदलते समय के हिसाब से लोगों के चावल खाने का तरीका भी बदल गया है। एक समय था जब धान पकने के बाद चावल का निर्माण किया जाता था तो लोग भूरे चावल यानी ब्राउन राइस ही खाते थे। लेकिन टेक्नोलॉजी के साथ चावल मिल का चलन बढ़ गया और लोगों की थाली में चावल का रंग सफेद हो गया। चावल का रंग सफेद इसलिए होता है क्योंकि उसके ऊपर की परत पूरी तरह से निकाल दी जाती है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि कौन सा चावल ज्यादा हेल्दी होता है सफेद चावल या भूरे चावल जिसे अंग्रेजी में ब्राउन राइस भी कहा जाता है। आइए इस सवाल का जवाब डाइटिशियन के माध्यम से जानने की कोशिश करते हैं।

सफेद चावल की तुलना में ब्राऊन राइस क्यों फायदेमंद है?

सीनियर डाइटीशियन श्वेता जायसवाल (HOD Dietetics, Sharda Hospital) के अनुसार, पूरे विश्व में सफेद चावल को बहुत चाव से खाया जाता है और इस बात में कोई शक नहीं है कि सफेद चावल में काफी ज्यादा कार्ब्स पाए जाते हैं और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी काफी ज्यादा होता है। अगर आपको वजन कम करना है या फिर डायबिटीज जैसी कोई बीमारी है तो आप को सफेद चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। यह प्रोसेस किया हुआ और रिफाइंड अनाज होता है जो हेल्दी डाइट का सेवन करने की चाह रखने वाले लोगों को नहीं खाना चाहिए। जबकि ब्राउन चावल में डाइट्री फाइबर, एंटी ऑक्सीडेंट्स, फाइटिक एसिड और पोलीफेनोल्स होते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में सहायक हैं।

ब्राउन राइस में मौजूद सॉल्युबल फाइबर की मदद से यह आपके पाचन में भी मदद करता है और आप का हेल्दी पेट रखने में मददगार है। इसी कारण की वजह से जिन लोगों को हाइपर टेंशन जैसी समस्या है उन्हें ब्राउन चावल खाने की सलाह दी जाती है।

श्वेता जायसवाल कहती हैं कि, जब चावल को मिल में लाया जाता है तो उसका भूसा निकाल दिया जाता है। यह चावल का सबसे ज्यादा पौष्टिक भाग होता है। अब इसमें केवल एंडोस्पर्म बच जाता है जिसमें बाकी तत्वों के मुकाबले काफी कम पोषण होता है। इस प्रोसेसिंग के दौरान चावल के सारे पौष्टिक तत्व निकल जाते हैं जिससे यह एक न्यूट्रिशन लेस आइटम बन जाता है।

ब्राउन राइस को होल ग्रेन माना जाता है जिसमें ब्रान, जर्म और एंडोस्पर्म तीनों होते हैं। इसमें डाइट्री फाइबर, विटामिन और मिनरल पाए जाते हैं और यह अनप्रोसेस्ड होता है। ब्राउन राइस का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जिसका सेवन हेल्दी डाइट के रूप में किया जा सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source