• हिंदी

कम खाते हैं भारतीय प्रोटीन, जानें क्यों जरूरी है डायट में प्रोटीन शामिल करना

कम खाते हैं भारतीय प्रोटीन, जानें क्यों जरूरी है डायट में प्रोटीन शामिल करना

देश में शाकाहारी आहारों में प्रोटीन की 84 प्रतिशत कमी है, जिसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता की कमी है।

Written by Anshumala |Published : July 25, 2018 11:18 AM IST

भारत में आज भी बहुत लोग ऐसे हैं, जिन्हें ठीक से पता नहीं है कि उन्हें अपने डायट में किन पोषक तत्वों को शामिल करना चाहिए और किन्हें नहीं। इस वजह से लोग कई तरह की शारीरिक समस्या के शिकार होते हैं। हाल ही में इंडियन डाइटेटिक एसोसिएशन (आईडीए) ने यह दाया किया है कि देश में शाकाहारी आहारों में प्रोटीन की 84 प्रतिशत कमी है, जिसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता की कमी है।

मार्केट शोध फर्म आईएमआरबी द्वारा किए गए एक अध्ययन का हवाला देते हुए इंडियन डाइटेटिक एसोसिएशन ने कहा कि लगभग 93 फीसदी भारतीयों को उनकी आदर्श प्रोटीन जरूरत की जानकारी नहीं है। इससे भारतीय शाकाहारी आहार सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस अध्ययन में यह भी कहा गया है भारत के शाकाहारी भोजन में 84 प्रतिशत जबकि मांसाहारी भोजन में 65 प्रतिशत प्रोटीन की कमी है।

आईडीए ने कहा है कि यह बहुत ही चिंता वाली बात है। इस चिंताजनक डाटा को देखते हुए आईडीए ने उपभोक्ताओं को प्रोटीन के महत्व के बारे में जानकारी देने का अभियान चलाने का फैसला किया है। प्रोटीन हमारे सामान्य स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, जिसका जीवन के हर चरण पर असर होता है। इसी को ध्यान रखते हुए आईडीए ने कहा है कि आज से हम सात दिवसीय प्रोटीन सप्ताह मनाएंगे।

Also Read

More News

प्रोटीन के मुख्य स्रोत

प्रोटीन में नाइट्रोजन अधिक मात्रा में होता है। इसमें कार्बन, हाइड्रोजन, ऑक्सीजन, फॉस्फोरस भी होता है। प्रोटीन हम दो तरीके से प्राप्त कर सकते हैं पहला पशुओं से और दूसरा फलों, सब्जियों तथा अनाज आदि से। डब्लूएचओ के अनुसार, प्रति किलोग्राम वजन के अनुपात से मनुष्य को एक ग्राम प्रोटीन की आवश्कता होती है यानी वजन 50 किलो है तो प्रतिदिन 50 ग्राम प्रोटीन लेनी चाहिए। दूध, दही, अंडे की सफेदी, पनीर, मांस, मछली, इडली-डोसा, दाल, चावल, सोयाबीन, मटर, चना, मूंगफली, अंकुरित पदार्थों में प्रोटीन अधिक मात्रा में पाया जाता है। अपने आहार में इन्हें संतुलित मात्रा में शामिल करें। प्रोटीन की कमी से आपको कई रोगों और अनियमितताओं का सामना करना पड़ सकता है।

प्रोटीन क्यों है जरूरी

प्रोटीन शरीर के लिए बेहद जरूरी है। यह कोशिकाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। बच्‍चे, वयस्क और बुजुर्ग सभी को अपने डायट में प्रोटीन शामिल करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं के लिए भी प्रोटीन बहुत जरूरी होता है। प्रोटीन की कमी होने से हम अपने दिनचर्या के कार्य भी ठीक से नहीं कर सकते। प्रोटीन शरीर की टूट-फूट की मरम्‍मत करता है। शरीर में कोशिकाओं को बनाने में मदद करता है। यह टूटे हुए तन्तुओं का पुनर्निर्माण करता है। शरीर के निर्माण में यह अपनी अहम भूमिका निभाता है और पाचक रसों का निर्माण करता है।

चित्रस्रोत: Shutterstock.