कहीं आपके लाल मिर्च पाउडर में ईंट के टुकड़े तो नहीं? FSSAI ने बताया पहचान करने का तरीका

लाल मिर्च के पाउडर का उपयोग अधिकतर घरों में किया जाता है। कई लोग इसमें ईंट के चूरे की मिलावट की शिकायत करते हैं। आइए, जानते हैं पहचान करने का तरीका-

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : June 9, 2026 11:56 AM IST

Red Chilli Powder: लाल मिर्च पाउडर एक ऐसा मसाला है, जिसका भारतीय रसोई में खूब इस्तेमाल किया जाता है। लाल मिर्च पाउडर खाने का स्वाद बढ़ाता है और रंग में भी बदलाव कर देता है। लेकिन, कई बार लाल मिर्च पाउडर में मिलावट की खबरें भी सामने आती हैं। जी हां, कई बार लाल मिर्च पाउडर में ईंट का चूरा और आर्टिफिशियल रंग की मिलावट सामने आई है। इस तरह की मिर्च खाना सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने लाल मिर्च पाउडर में मिलावट की पहचान करने का एक आसान तरीका बताया है, जिसे घर पर ही अपनाया जा सकता है।

असली लाल मिर्च की पहचान कैसे करें?

  • FSSAI के अनुसार, लाल मिर्च पाउडर की पहचान करने के लिए एक गिलास पानी लें और इसमें एक चम्मच लाल मिर्च का पाउडर मिलाएं।
  • अब कुछ देर इंतजार करें और पानी के गिलास से थोड़ा-सा लाल मिर्च पाउडर निकालकर हथेली पर रखें।
  • उंगली की मदद से इसे रगड़ें, अगर खुरदरापन लगे तो समझ जाएं कि इसमें ईंट के टुकड़े मिले हुए हैं।
  • अगर पानी के तल में रेतीली परत दिखाई दे, तो यह भी मिलावटी लाल मिर्च का संकेत हो सकता है।
  • ईंट का चूरा मिला होता है, तो इसके भारी कण गिलास के तल में जमा हो जाते हैं।
  • वहीं, अगर लाल मिर्च पाउडर शुद्ध होता है, तो यह पानी में तैरता दिख सकता है या धीरे-धीरे नीचे बैठ सकता है। लेकिन, ईंट का चूरा पानी में जाते ही नीचे बैठ सकता है।

मिलावटी लाल मिर्च खाने के नुकसान

अगर आप लंबे समय तक मिलावटी मिर्च का सेवन करेंगे, तो इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं-

  • मिलावटी लाल मिर्च खाने से पेट और पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती है।
  • पेट में जलन हो सकती है और इरिटेशन महसूस हो सकती है।
  • मिलावटी लाल मिर्च पाउडर खाने से स्किन एलर्जी भी हो सकती है।
  • शरीर में टॉक्सिंस जमा हो सकते हैं, जो कई बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

लाल मिर्च पाउडर खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें?

  • पैकेट पर FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर लिखा होना चाहिए।
  • बिना ब्रांड वाले मसाले खरीदने से बचें।
  • लाल मिर्च पाउडर खरीदते समय रंग और गंध पर जरूर ध्यान दें।
  • अगर संभव हो तो साबुत मसाला लें और घर पर ही पीसकर पाउडर बनाएं।

Disclaimer: आजकल मार्केट में कई मिलावटी प्रोडक्ट्स आ रहे हैं। लाल मिर्च पाउडर में भी काफी मिलावट देखने को मिल रही है। लाल मिर्च पाउडर में ईंट के टुकड़ों की मिलावट के मामले भी सामने आए हैं। इस तरह का लाल मिर्च पाउडर खाने से सेहत से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए लाल मिर्च पाउडर खरीदने से पहले सही से पैकेट की सही से जांच करना बहुत जरूरी है। 

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source