
आशु कुमार दास
आशु कुमार दास एक अनुभवी हेल्थ कंटेंट स्पेशलिस्ट हैं। इन्हें हेल्थ कंटेंट राइटर के तौर पर काम करते हुए 6 ... Read More
Written By: Ashu Kumar Das | Published : September 23, 2025 2:54 PM IST
How to give nutmeg to kids for cough : बदलते मौसम के साथ बच्चों को सर्दी-जुकाम (Cold & Cough) होना एक आम बात है। बड़ों के मुकाबले बच्चों की इम्यूनिटी काफी कमजोर होती है, जिसके कारण मौसम में बदलाव के साथ बच्चे सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार जैसी समस्याओं का शिकार हो जाते हैं। खासकर जब मौसम में अचानक ठंड या गर्मी आती है, तो बच्चों का शरीर इन बदलावों को तुरंत नहीं अपना पाता है।
इससे उन्हें बीमारियां होना लाजिमी है। भारतीय घरों में आज भी बच्चों को सर्दी-जुकाम की समस्या होती है तो नई मांएं किचन के नुस्खे आजमाती हैं। सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने का सबसे अचूक नुस्खा है जायफल (Nutmeg)। जायफल का इस्तेमाल भारतीय रसोई में मसाले के रूप में किया जाता है, लेकिन आयुर्वेद में इसे एक शक्तिशाली औषधि के रूप में देखा जाता है। आज इस आर्टिकल में जानेंगे बच्चों को सर्दी-जुकाम में जायफल चटाने क्यों फायदेमंद है।
1. नाक बंद और जुकाम में राहत: बच्चों को जायफल चटाने से उसके शरीर में गर्मी पैदा होती है। ये देसी मसाला कफ को पतला कर बाहर निकालने में मदद करता है। इससे बंद नाक और जुकाम की समस्या से राहत मिलती है। जायफल के पोषक तत्व बच्चों को वायरल इंफेक्शन और फ्लू जैसी बीमारियों से भी बचाते हैं।
2. बेहतर नींद :सर्दी-जुकाम के समय बच्चे ठीक से सो नहीं पाते है। ऐसे में उन्हें जायफल चटाना फायदेमंद होता है। जायफल में मौजूद प्राकृतिक सिडेटिव (नींद लाने वाले) नाक को खोलते हैं, जिससे बच्चे को अच्छी और सुकून की नींद आती है।
3. बुखार से दिलाए राहत : गर्म प्रकृति के कारण जायफल शरीर के तापमान को संतुलित करता है और बुखार की स्थिति में आराम देता है। जायफल सर्दी-जुकाम के कारण होने वाली गले की खराश और सूजन को भी कम करता है।
4. इम्यूनिटी करें मजबूत : नियमित रूप से जायफल का सेवन करने से बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत होती है। जब बच्चों की इम्यूनिटी स्ट्रांग होती है, तो उनका शरीर सर्दी-जुकाम जैसे मौसमी संक्रमणों से बेहतर तरीके से लड़ सकता है।
5. पाचन शक्ति सुधारे : सर्दी-जुकाम और बुखार की वजह से अक्सर बच्चों की पाचन क्रिया भी कमजोर हो जाती है। जायफल में मौजूद फाइबर पाचन शक्ति से जुड़ी परेशानियों को दूर करता है। जायफल के पोषक तत्व बच्चों की भूख को भी बढ़ाते हैं।
बच्चों को जायफल बहुत ही सीमित मात्रा में ही दें। बच्चों को ज्याा मात्रा में जायफल देने से चक्कर आना, नींद ज्यादा आना या पेट में ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपके बच्चे की पाचन शक्ति पहले से ही कमजोर हैं, तो उसे जायफल चटाने से पहले आयुर्वेदाचार्य की सलाह जरूर लें। पहली बार देने से पहले थोड़ा सा जायफल दे कर देखें कि बच्चे को कोई एलर्जी तो नहीं हो रही।