hamburger icon
A
Read in English

शरीर में हो रही बायोटिन की कमी को पूरा करेगा बस 1 लड्डू, नूट्रिशनिस्ट ने बताया बालों को हेल्दी रखने का राज

अगर आप बाल झड़ने, त्वचा संबंधी समस्याओं और नाखून कमजोर होने जैसी समस्याओं से परेशान हैं, तो सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट किरन कुकरेजा द्वारा बताए हुए लड्डू का सेवन कर सकते हैं। जानें, इसकी रेसिपी-

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Published : August 2, 2026 5:23 PM IST

हमारे शरीर को सभी तरह के विटामिन्स की जरूरत होती है। उन्हीं में से एक है बायोटिन, जिसे विटामिन बी7 कहा जाता है। यह खाने को एनर्जी में बदलने, नई कोशिकाओं (Cells) के निर्माण और उनकी कार्यप्रणाली में मदद करता है और बालों, त्वचा और नाखूनों की सामान्य सेहत बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन जब शरीर में बायोटिन की कमी होती है, तो कुछ लोगों में बाल झड़ना, त्वचा संबंधी समस्याएं और नाखून कमजोर होने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में बहुत से लोग सप्लीमेंट्स का चुनाव करते हैं, लेकिन सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट किरन कुकरेजा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक कमाल की रेसिपी शेयर की है।

जैसा कि आजकल सोशल मीडिया पर ऐसे कई हेल्दी स्नैक्स वायरल हो रहे हैं, जिन्हें बालों की ग्रोथ, स्किन हेल्थ और ओवरऑल वेलनेस के लिए फायदेमंद बताया जाता है। इन्हीं में से एक है मोरिंगा लड्डू। न्यूट्रिशनिस्ट ने इसे कई ऐसे पोषक तत्वों से बनाया है जो आपकी कई परेशानियों को दूर कर सकते हैं। आइए हम बिना देर किए मोरिंगा के फायदों और इससे बायोटिन रिच लड्डू बनाने का तरीका जानते हैं।

पहले जानें बालों के लिए मोरिंगा के क्या फायदे हैं?

बता दें कि मोरिंगा की पत्तियों में विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन और कई एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व हमारे शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और संतुलित पोषण देने में मदद कर सकते हैं। इसलिए आज हम आपको इस लेख में बायोटिन-रिच मोरिंगा लड्डू बनाने का तरीका बताने वाले हैं।

मोरिंगा बायोटिन-रिच लड्डू बनाने के लिए क्या चाहिए?

सामग्री

  • ½ कप कद्दू के बीज
  • ½ कप सूरजमुखी के बीज
  • ¼ कप काले तिल
  • ½ कप अलसी के बीज
  • ½ चम्मच सौंफ
  • ½ कप अखरोट
  • 2 बड़े चम्मच मोरिंगा पाउडर
  • 1 कप नरम खजूर (पेस्ट)
  • 1–2 चम्मच गुड़
  • 1 बड़ा चम्मच देसी घी

मोरिंगा से लड्डू कैसे बनाएं?

  1. सबसे पहले आप कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, काले तिल, अलसी और अखरोट को धीमी आंच पर 4–5 मिनट तक हल्का भून लें।
  2. इसके बाद बताई गई मात्रा के अनुसार मोरिंगा पाउडर डालकर 2–3 मिनट और चलाएं।
  3. समय पूरा होने के बाद गैस बंद कर दें और फिर मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
  4. अब इसे मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें।
  5. पिसे हुए पाउडर में खजूर का पेस्ट और जरूरत हो तो थोड़ा गुड़ डालकर अच्छे से मिला लें।
  6. आखिर में हल्का गर्म घी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और छोटे-छोटे लड्डू बना लें।
  7. इन लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में 3–4 सप्ताह तक रखा जा सकता है।

देखें कैसे तैयार किया बायोटिन रिच मोरिंगा लड्डू

कब खाना है बायोटिन-रिच लड्डू?

अब आप रोजाना या एक-एक दिन छोड़कर इन लड्डुओं को खा सकते हैं और ये पोषक तत्व से भरपूर स्नैक संतुलित आहार का हिस्सा बन सकता है। अगर शरीर में बायोटिन की कमी है, तो उसकी पुष्टि और इलाज डॉक्टर की सलाह के अनुसार होने चाहिए। लेकिन अगर आप किडनी डिजीज से पीड़ित हैं, ड्राई फ्रुट्स से आपको एलर्जी है, गर्भवती या स्तनपान करवाने वाली महिला हैं या ब्लड थिनर दवाएं लेते हैं, तो इसका सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर या न्यूट्रीशनिस्ट से जरूर परामर्श लें।

लड्डू में मौजूद इंग्रीडिएंट्स बालों के लिए कैसे फायदेमंद हैं?

कद्दू के बीज- कद्दू के बीजों में प्रचुर मात्रा में जिंक, मैग्नीशियम और हेल्दी फैट पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व बालों की सामान्य ग्रोथ और स्कैल्प हेल्थ के लिए जरूरी मिनरल्स माने जाते हैं।

सूरजमुखी के बीज- इनमें विटामिन ई और हेल्दी फैट अच्छी मात्रा में होते हैं। विटामिन ई एक एंटीऑक्सीडेंट है, जो कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में भूमिका निभाता है।

अलसी के बीज- अलसी ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर का अच्छा स्रोत है। यह शरीर के समग्र स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है।

अखरोट- अखरोट में हेल्दी फैट, कॉपर और कई माइक्रोन्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो संतुलित आहार का हिस्सा बन सकते हैं।

खजूर- यह नेचुरल मिठास के साथ हमारे शरीर को एनर्जी, फाइबर और कुछ मिनरल्स भी प्रदान करता है।

ये सभी पोषक तत्व बालों की सामान्य सेहत को सपोर्ट करने के साथ-साथ शरीर को भी जरूरी पोषण प्रदान कर सकते हैं। हालांकि, केवल इन लड्डुओं के सेवन से बाल झड़ने की समस्या का इलाज नहीं माना जा सकता।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी विशेषज्ञ की सलाह पर आधारित है, लेकिन यह किसी चिकित्सीय परामर्श या उपचार का विकल्प नहीं है। अगर आपको बालों से जुड़ी या शरीर में अन्य किसी विटामिन की कमी महसूस होती है तो मेडिकल टेस्ट करवाएं और डॉक्टर से परामर्श लें।