हीटवेव में कितने लीटर पानी पीना चाहिए? जानें डिहाइड्रेशन से कैसे बचें

गर्मी और हीटवेव से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी होता है। रोजाना इतना लीटर पानी पीने से आपकी बॉडी हाइड्रेटेड रह सकती है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : May 1, 2026 12:33 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Sugeeta Mutreja

Water in Heatwave: तेज धूप और गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। चिलचिलाती धूप और लू के थपड़ों से लोग परेशान हैं। हीटवेव की वजह से शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है और थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसा महसूस होने लगता है। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है। कई लोग गर्मी में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए कार्बोनेटेड ड्रिंक्स और पैकेट बंद जूस का सेवन करते हैं। जबकि, इनमें शुगर हाई होता है जिससे सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए आपको गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पीना चाहिए। कई लोगों गर्मी में भी सिर्फ एक या दो गिलास पानी पीकर ही पूरा दिन निकाल देते हैं, इससे शरीर में पानी की भारी कमी हो सकती है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर हीटवेव में कितने लीटर पानी पीना चाहिए? तो आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं कि गर्मी में शरीर को हाइड्रेट कैसे रखें?

हीटवेव में कितना पानी पिएं?

आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 2 से 3 लीटर पानी पीने की सलाह दी जाती है। लेकिन, हीटवेव के दौरान पानी का सेवन ज्यादा मात्रा में करना चाहिए। हीटवेव में एक वयस्क को 3 से 4 लीटर पानी पीना चाहिए। आप एक साथ पानी का सेवन न करें, धीरे-धीरे पानी पिएं और दिन भर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें।

डिहाइड्रेशन के लक्षण क्या हैं?

डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी होने पर आपको कुछ लक्षण महसूस हो सकते हैं। जैसे-

  • आपको बार-बार मुंह सूखने की दिक्कत हो सकती है।
  • आपको तेज सिरदर्द का अनुभव हो सकता है।
  • चक्कर आने जैसी समस्या हो सकती है।
  • कमजोरी और थकान का अनुभव हो सकता है।
  • पेशाब का रंग पीला नजर आ सकता है।
  • दिल की धड़कन तेज हो सकती है।

डिहाइड्रेशन से बचने के लिए क्या करें?

  • हीटवेव में थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। प्यास लगने का इंतजार न करें।
  • हर 30 से 40 मिनट में पानी पीते रहें।
  • पानी में इलेक्ट्रोलाइट्स और ओआरएस मिलाकर पिएं।
  • नींबू पानी और नारियल पानी का सेवन करें।
  • चाय, कॉफी और अल्कोहल से परेहज करें। ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
  • घर से निकलते समय पानी की बोतल जरूर रखें।
  • तरबूज, खीरा, खरबूजा, संतरा जैसे फलों का सेवन करें।

हीटवेव में किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?

वैसे तो हीटवेव से किसी भी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ सकती है और शरीर में पानी की कमी हो सकती है। लेकिन, कुछ लोगों को हीटवेव से ज्यादा खतरा हो सकता है। इसमें शामिल हैं-

  • बच्चे
  • बुजुर्ग
  • गर्भवती महिलाएं
  • डायबिटीज रोगी
  • किडनी के मरीज
  • फील्ड में काम करने वाले लोग

डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?

अगर हीटवेव की वजह से बार-बार उल्टी, बेहोशी और कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें। तेज बुखार और पेशाब से जुड़ी समस्याओं की स्थिति की भी अनदेखी न करें।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य हीटवेव से जुड़ी सामान्य जानकारी दी गई है। अगर आपको हीटवेव की वजह से कोई समस्या होती है, तो डॉक्टर से कंसल्ट करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.