नवरात्रि व्रत की हेल्‍दी रेसिपी है लौकी-मूंगफली का सूप, व्रत के लिए इस तरह करें तैयार

इसका सेवन आपके पेट के लिए बहुत अच्‍छा है। इसमें विटामिन ए, सी, मैग्‍नीशियम, कैल्शियम, आयरन और पोटेशियम भी पाया जाता है। जो सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है।

WrittenBy

Written By: Yogita Yadav | Updated : September 27, 2019 1:28 PM IST

नवरात्रि सिर्फ पूजा और अध्‍यात्‍म के लिए ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी एक अच्‍छा अवसर है। नौ दिन के इस उपवास के बहाने आप अपनी सेहत का भी ख्‍याल रख सकते हैं। नौ दिनों के उपवास में अगर वेट लॉट और बॉडी डिटॉक्‍स की योजना बना रहे हैं तो हम आपको बताते हैं इसके लिए एक हेल्‍दी रेसिपी (Navratri healthy recipe)। ये है लौकी का सूप। खास व्रत के लिए बनाए जाने वाला लौकी का सूप स्‍वाद में भी बहुत खास लगता है।

पाचन तंत्र के लिए बेस्‍ट है लौकी 

अगर आपका मेटाबॉलिज्‍म वीक है, या किसी वजह से हाजमा कमजोर हो गया है तो लौकी आपके लिए बेस्‍ट है। इसका सेवन आपके पेट के लिए बहुत अच्‍छा है। इसमें विटामिन ए, सी, मैग्‍नीशियम, कैल्शियम, आयरन और पोटेशियम भी पाया जाता है। जो सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है। यह बॉडी को डिटॉक्‍स करने वाली सबसे अच्‍छी सब्‍जी मानी जाती है।

व्रत में खाते हैं लौकी

इसके इन्‍हीं पोषक तत्‍वों के कारण नवरात्रि व्रत में इसे आलू से बेहतर माना जाता है। आलू को जहां वजन और फैट बढ़ाने वाला माना जाता है, वहीं लौकी का सेवन व्रत में करने से वजन कम करने में मदद मिलती है। इसलिए व्रत में इसके कई व्‍यंजन बनाए जाते हैं।

व्रत के लिए तैयार करें लौकी का सूप 

लौकी का सूप बनाने के लिए सामग्री bottle gourd peanut soup recipe

लौकी - ढाई सौ ग्राम, लगभग एक छोटा सा।

मूंगफली - छीलकर भुनी हुई ढाई बड़े चम्‍मच।

राजगीरा का आटा - थोड़ा सा, लगभग एक बड़ा चम्‍मच।

अदरक, पुदीने के पत्‍ते, व्रत वाला नमक, काली मिर्च पाउडर - स्‍वादानुसार

ऑलिव ऑयल - छौंक के लिए

क्रीम - गार्निशिंग के लिए

लौकी का व्रत वाला सूप रेसिपी

इसके लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर टुकड़ों में काट लें। अब इसे कूकर में अदरक, नमक, काली मिर्च और मूंगफली के साथ डालकर उबलने रख दें। हालांकि लौकी पानी छोड़ती है। पर सूप के लिए आपको ज्‍यादा पानी की जरूरत होगी। इसलिए सारे मिश्रण से लगभग एक अंगुली उपर तक पानी डालें। लौकी के गलने तक इसे उबलने दें। सामान्‍यत: इसके लिए कुकर में दो सीटी लगवाना काफी होगा।

ब्‍लैंड करें

उबलने के बाद इसे ठंडा होने दें और फि‍र ब्‍लैंड करें। पैन में ऑलिव ऑयल डालकर उसमें राजगीरा का आटा भूनें। यह जल्‍दी ही जलने लगता है इसलिए आंच धीमी ही रखें। आटा भूनने के बाद इसमें अब ब्‍लैंड किया हुआ मिश्रण उलट दें। धीमी आंच पर थोड़ी देर चलाएं। सूप जब गाढ़ा होने लगे तो गैस बंद कर दें। अब इसमें गार्निशिंग के लिए थोड़ी सी क्रीम मिक्‍स करें। पुदीने की पत्तियों से सजाकर सर्व करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source