
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : February 23, 2024 3:52 PM IST
चाइनीज फूड से लेकर फैंसी सलाद तक हरा प्याज अब हमारे भोजन का अहम हिस्सा बनता जा रहा है। यह न सिर्फ पोषक तत्वों का पावरहाउस है, बल्कि आपके खाने का स्वाद भी बढ़ाता है। हरे प्याज के सेवन से आपका दिल सेहतमंद रहेगा, साथ ही यह आपके पाचन तंत्र को भी मजबूती देगा और वजन भी कम करेगा। हालांकि अभी भी लोग इसके फायदे नहीं जानते हैं। अगर आप भी हरे प्याज के गुणों से अनजान हैं, तो इन गुणों पर जरूर ध्यान दें।
हरे प्याज को आप भले ही कम मात्रा में अपने आहार में शामिल करें, लेकिन फिर भी ये आपको फायदा ही देगा। हरा प्याज विटामिन और खनिज पदार्थों का पावर हाउस है। इसमें खासतौर पर 'विटामिन के' होता है। विटामिन के आपकी हड्डियों को मजबूती देता है। यह रक्त के थक्के जमने में भी मदद करता है। इसी के साथ हरे प्याज में विटामिन ए भी होता है। यह विटामिन आपकी आंखों और इम्यूनिटी को बढ़ाता है। हरे प्याज में विटामिन सी, मैंगनीज और फोलेट भी होता है। ये सभी तत्व आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं।
हरा प्याज फाइबर का बेहतरीन सोर्स है। यह आपकी आंतों की सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इससे आपकी पाचन संबंधी कई परेशानियां दूर होती हैं। यह कब्ज को दूर करता है और आंतों में गुड बैक्टीरिया का विकास करता है।
हरे प्याज में वे सभी गुण होते हैं जो लहसुन और प्याज में होते हैं। इसमें पॉलीफेनोल्स और फ्लेवोनोइड्स जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। ये एंटीऑक्सीडेंट शरीर को मुक्त कणों से लड़ने की ताकत देते हैं। इसके कारण आप कई हृदय रोगों, कैंसर और सूजन जैसी बीमारियों से बचे रहते हैं।
अगर आप अपने दिल को जवां और सेहतमंद रखना चाहते हैं तो आप नियमित रूप से हरे प्याज का सेवन करें। विभिन्न शोध बताते हैं कि हरे प्याज में मौजूद ऑर्गेनोसल्फर यौगिक कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। यह आपके ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है। ऐसे में आपका दिल सेहतमंद रहता है। हरे प्याज में उच्च मात्रा में फोलेट होता है, जो स्ट्रोक और हार्ट डिजीज के खतरों को कम करता है।
अगर आप तेजी से वेट लॉस करना चाहते हैं तो हरा प्याज आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है। हरे प्याज में बहुत ही कम कैलोरी और फैट होते हैं। इसमें फाइबर अत्यधिक मात्रा में होता है। ऐसे में यह वेट लॉस में मददगार होता है। इसे खाने से आपको बहुत जल्दी तृप्ति का एहसास होगा। इसका तीखा, मीठा स्वाद शरीर में नमक की कमी पूरी करता है।