कब्ज से लेकर कोलेस्ट्रॉल तक, कई रोगों में फायदेमंद है तिल, जानिए इसे खाने के तरीके

Sesame Seeds Uses: तिल के बीज कैल्शियम के सबसे अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इसलिए हेल्थ से जुड़े अनगिनत फायदों के लिए इन्हें अपनी डाइट का हिस्सा जरुर बनाना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : May 4, 2023 2:52 PM IST

प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर तिल के बीज (Sesame Seeds) शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें पोषक तत्वों की भरमार होती है। जो सेहत से जुड़े कई फायदे भी देते हैं। आप इनका सेवन या तो तिल के लड्डू के रूप में करें या फिर डीप, ब्रेड, डेसर्ट या फिर गार्निशिंग के तौर में कर सकते हैं। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक सेहत के लिहाज से तिल के बीजों का फायदा लेने के लिए उनके इस्तेमाल करने का तरीका अलग-अलग होता है। जिसके बारे में जानकारी होनी जरूरी है।

तिल खाने के स्वास्थ्य लाभ - (Health Benefits Of Eating Sesame Seeds In Hindi)

  • तिल के बीजों में हेल्दी फैट होता है। जो शरीर से कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा तिल के बीजों के सेवन से कब्ज की समस्या और डाइजेशन से जुड़ी समस्या दूर होती है।
  • तिल के बीजों में मेथिओनाइन मौजूद होता है। जो लिवर को हेल्दी रखने के साथ साथ कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। तिल के बीज में ट्रिप्टोफैन नाम का तत्व भी पाया जाता है। जिससे नींद से जुड़ी समस्या हल होती है और स्किन के साथ साथ बालों की हेल्थ में सुधार होता है।
  • सफेद तिल के बीजों में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है। वहीं काले और भूरे तिल के बीजों में आयरन के गुण होते हैं। जो एनीमिया के इलाज में मदद करते हैं।
  • तिल के बीज में लेसिथिन भी होता है। जो याददाश्त बढ़ाने वाले गुणों के लिए जाना जाता है। तिल का सेवन करने से उन माओं के दूध की गुणवत्ता में सुधार होता है, जो अपने बच्चों को ब्रेस्टफीड करवाती हैं।

तिल के प्रकार - (Types of Sesame Seeds in Hindi)

तिल के बीज तीन रंगों के होते हैं। जो काले, सफ़ेद और भूरे होते हैं। अनगिनत औषधीय गुणों से भरपूर तिल का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। बीमारियों को दूर रखने के लिए तिल का सेवन किया जाता है। इतना ही नहीं तिल से बना तेल स्किन और बालों के लिए काफी अच्छा माना जाता है।

कैसे करें तिल के बीजों का इस्तेमाल?

हेल्थ से जुड़े तिल के फायदों के बारे में जानने के बाद अब ये जान लेना भी जरूरी है, कि आखिर इनका इस्तेमाल (Sesame Seeds Uses) कैसे किया जाए। तो चलिए इनके इस्तेमाल से जुड़ी खास बातों के बारे में भी जान लेते हैं।

  • सबसे पहले पैन में थोड़े से तिल को भून लें। तिल भूनने के बाद उसे पानी या दूध के साथ पीस लें। इस मिक्सचर को साथ भी पी सकते हैं, या मीठे में थोड़ा सा गुड़ मिलाकर भी पी सकते हैं। एनीमिया के इलाज के लिए तिल के बीजों का इस तरह इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है।
  • तिल के बीजों का तेल नियमित रूप से अपने रूटीन में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। खाना पकाने के लिए यह एक बेहतर विकल्प है। तिल के तेल की ज्यादा तापमान में स्थिर रखा जा सकता है। इससे बनी चीजें जल्दी बासी नहीं होती।
  • आप चाहें तो तिल का पेस्ट बना सकते हैं। तिल में कूटा हुआ लहसुन, नींबू का रस और स्वाद के मुताबिक नमक मिलाएं। इसे कच्ची सब्जियों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा सैलेड और स्मूदी पर भीगे और भुने हुए तिल स्प्रेड कर सकते हैं।

तिल का इस्तेमाल इन तरीकों से करके आप इससे जुड़े हेल्थ बेनिफिट्स को आसानी से हासिल कर सकते हैं। अच्छी हेल्थ के लिए तिल के बीजों को डाइट का हिस्सा जरुर बनाना चाहिए।