
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : August 24, 2023 11:52 AM IST
Makhana With Milk Benefits: दूध और मखाना, दोनों सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। आमतौर पर, लोग इन दोनों का अलग-अलग सेवन करते हैं। लेकिन दूध में मखाना मिलाकर खाने से सेहत को दोगुना लाभ मिल सकता है। मखाना में कैल्शियम, प्रोटीन, मैग्नीशियम, आयरन, फैट और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। वहीं, दूध में विटामिन-ए, विटामिन-डी, प्रोटीन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। अगर आप दूध में मखाना भिगोकर खाएंगे, तो इससे आपको इन दोनों के सभी पोषक तत्व एक साथ मिल जाएंगे। दूध में मखाना मिलाकर खाने से शरीर की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। यह कमजोरी दूर करने से लेकर ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने तक में फायदेमंद हो सकता है। तो आइए, इस लेख में विस्तार से जानते हैं कि दूध में मखाना मिलाकर खाने के क्या-क्या फायदे होते हैं।
अगर आपको कमजोरी और थकान महसूस होती है, तो गर्म दूध में मखाना मिलाकर खाने से आपको लाभ हो सकता है। दरअसल, दूध और मखाना, दोनों ही प्रोटीन और आयरन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ऐसे में, इन दोनों का एक साथ सेवन करने से शरीर को एनर्जी मिलती है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शारीरिक कमजोरी दूर हो सकती है।
दूध में मखाना भिगोकर खाने से हड्डियां मजबूत बनती हैं। दरअसल, दूध और मखाना, दोनों में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है। नियमित रूप से दूध में मखाना मिलाकर खाने से हड्डियों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। इससे अर्थराइटिस की समस्या में भी लाभ हो सकता है।
दूध में मखाना मिलाकर खाना डायबिटीज रोगियों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, मखाने में हाइपोग्लाइसेमिक और एंटीऑक्सीडेंट्स गुण पाए जाते हैं, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से डायबिटीज के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसका सेवन करने से पहले आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
दूध में मखाना मिलाकर सेवन करना हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। दरअसल, मखाने में मैगनीशियम, पोटैशियम और फ्लेवेनॉइड्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से हृदय संबंधी रोगों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
अनिद्रा यानी नींद न आने की समस्या में दूध में मखाना मिलाकर खाना फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, दूध में कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो अनिद्रा की समस्या को दूर करने में मदद करते हैं। रात में सोने से पहले गर्म दूध में मखाना मिलाकर खाने से तनाव कम होता है और नींद भी अच्छी आती है।
एक गिलास गर्म दूध लें। इसमें मुट्ठीभर मखाने डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद आप दूध और मखाने को एक साथ खा लें। दूध में मखाना मिलाकर खाने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं। हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करें।