रोजाना खाएं बस 1 इलायची, वजन कम होने से लेकर सेहत को मिलेंगे ये 5 जबरदस्त फायदे 

Cardamom Benefits  : इलायची में कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई लाभ पहुंचाते हैं। इसे खाने से कई स्वास्थ्य समस्याएं दूर हो सकती हैं।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : August 10, 2023 3:22 PM IST

Cardamom Benefits  : इलायची एक ऐसा मसाला है, जो हर भारतीय रसोई में मौजूद होता है। आमतौर पर, इलायची का इस्तेमाल भोजन का स्वाद और सुगंध बढ़ाने के लिए किया जाता है। कई लोग इसका इस्तेमाल माउथ फ्रेशनर के तौर पर भी करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इलायची सिर्फ मुंह की दुर्गंध ही नहीं दूर करती है, बल्कि सेहत को भी कई लाभ पहुंचाती है। जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। इलायची में कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। इसमें कैल्शियम, फाइबर, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। रोजाना इलायची चबाने से वजन घटाने से लेकर ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने तक में मदद मिल सकती है। तो आइए, इस लेख में विस्तार से जानते हैं इलायची खाने के फायदों (Benefits Of Cardamom In Hindi) के बारे में -

वजन घटाने में मददगार

गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल बड़ी संख्या में लोग मोटापे से परेशान हैं। लेकिन आपको बता दें कि वजन घटाने के लिए इलायची काफी मददगार साबित हो सकती है। इसे खाने से भूख कम लगती है, जिससे आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं। रोजाना एक इलायची चबाने से आपके शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी भी धीरे-धीरे कम होने लगती है।

शरीर को डिटॉक्स करे

नियमित रूप से इलायची का सेवन करने से शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में मदद मिल सकती है। दरअसल, इसमें मौजूद तत्व शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। वहीं, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में सहायता करते हैं। इससे शरीर की गंदगी दूर होती है। साथ ही, ऊर्जा का स्तर भी बढ़ता है।

पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा

इलायची का सेवन पाचन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद तत्व पाचन-तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। अगर आपको एसिडिटी या पेट फूलने की समस्या है, तो आप भोजन के बाद 1से 2 इलायची चबा सकते हैं। यह पेट से जुड़े विकारों में औषधि की तरह काम करती है। इलायची चबाने या इसकी चाय का सेवन से पेट में दर्द, सूजन, गैस और ऐंठन की समस्या से भी जल्द राहत मिल सकती है।

ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखे

हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में इलायची का सेवन लाभकारी साबित हो सकता है। इसमें पोटैशियम और मैग्नीशियम काफी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो ब्लड प्रेशर। को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। साथ ही, इसमें मौजूद गुण शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने में मददगार होते हैं। नियमित रूप से इलायची चबाने से दिल से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

सर्दी-खांसी से राहत दिलाए

अगर आप सर्दी-जुकाम या खांसी की समस्या से परेशान हैं, तो आपको इलायची का सेवन गर्म पानी के साथ करना चाहिए। इसमें मौजूद गुण फेफड़ों में रक्त संचार की गति को ठीक रखते हैं। इससे अस्थमा और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं में काफी आराम मिल सकता है। यह शरीर में जमा बलगम और कफ को बाहर निकालने में मदद करती है। साथ ही, गले की खराश से भी राहत दिलाती है।

इलायची का सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं। हालांकि, अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना कर रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source