कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने से लेकर शुगर लेवल मेंटेन रखने तक, बड़े काम की है ये एक सब्जी, स्वाद में है जबरदस्त

कोलेस्ट्रॉल कम करने से लेकर ब्लड शुगर को नियंत्रित करने तक भिंडी के सेवन के कई स्वास्थ्य लाभ हैं। मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए तो यह किसी औषधि से कम नहीं है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : May 22, 2024 5:21 PM IST

भिंडी एक ऐसी सब्जी है जो हर किसी को पसंद आती है। सब्जी के नाम से मुंह बनाने वाले बच्चों की भी यह फेवरेट होती है। गर्मी के मौसम में शायद ही कोई ऐसा भारतीय घर हो, जहां भिंडी बनाई और खाई नहीं जाती है। भिंडी जितनी टेस्टी है, उससे कहीं ज्यादा गुणकारी है। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर भिंडी में घुलनशील और अघुलनशील फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं। यह खनिज, विटामिन और कार्बोहाइड्रेट का भंडार है। अपने इन्हीं गुणों के कारण यह कई बीमारियों को आपसे दूर रखती है। अगर आप भी भिंडी के इन गुणों के बारे में नहीं जानते, तो चलिए बिना देर किए इन्हें जान लेते हैं।

हैरान कर देंगे भिंडी के फायदे

भिंडी को ओकरा भी कहा जाता है। यह विटामिन ए, सी, के और बी 6, मैग्नीशियम, पोटेशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट का उत्कृष्ट स्रोत है। इसमें कैलोरी और वसा कम होती है, जिससे यह वजन घटाने के लिए एक अच्छा विकल्प बन जाती है। नियमित रूप से भिंडी खाने से किडनी सेहतमंद रहती है।

पाचन तंत्र के लिए अच्छी

भिंडी खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। भिंडी में पॉलीसेकेराइड पाया जाता है, जिसमें एंटी एडहेसिव गुण होते हैं। अपने इस गुण के कारण भिंडी बैक्टीरिया और पेट के ऊतकों के बीच चिपकने वाले पदार्थ को हटा देती है जिससे न सिर्फ पाचन तंत्र मजबूत होता है बल्कि इंफेक्शन आदि से भी बचाव होता है।

खराब कोलेस्ट्रॉल करती है कम

भिंडी में घुलनशील फाइबर होता है जो खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। ऐसे में आपका हृदय सेहतमंद रहता है और आप हृदय रोगों से बचे रहते हैं। भिंडी में पाया जाने वाला फोलेट भी हृदय को स्वस्थ रखता है।

ब्लड शुगर को रखती है स्थिर

मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए भिंडी एक अच्छा विकल्प है। यह ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर रखती है। फाइबर से भरपूर भिंडी आंत्र पथ से चीनी के अवशोषित होने की दर को नियंत्रित करती है जिससे ब्लड शुगर का स्तर स्थिर रहता है। इस सब्जी में कुछ ऐसे यौगिक भी होते हैं जो इंसुलिन पर बेहतर प्रभाव डालते हैं। ऐसे में कोशिकाओं द्वारा ग्लूकोज ग्रहण करने में मदद मिलती है।

आंखें रहेंगी स्वस्थ

विटामिन ए और एंटीऑक्सीडेंट से भरी भिंडी आपकी आंखों के लिए भी अच्छी है। कॉर्निया के लिए विटामिन ए बहुत जरूरी होता है। वहीं एंटीऑक्सीडेंट भी आंखों को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं।

बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता

भिंडी में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देते हैं और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। विटामिन सी के कारण श्वेत रक्त कोशिकाएं अपना काम आसानी से कर पाती हैं। साथ ही भिंडी में मौजूद प्रीबायोटिक फाइबर भी प्रतिरक्षा प्रणाली को बनाए रखने में मदद करते हैं।

गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी

भिंडी गर्भवती महिलाओं के लिए किसी सुपरफूड से कम नहीं है। भिंडी फोलेट का एक अच्छा स्रोत है। ऐसे में इसके सेवन से गर्भवती महिलाओं को फायदा होता है। इतना ही नहीं यह विकासशील भ्रूण में न्यूरल ट्यूब दोष को रोकने में मदद करती है। लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन के लिए भी फोलेट जरूरी होता है, इसके कारण एनीमिया की परेशानी नहीं होती।

त्वचा और बालों पर आएगी चमक

भिंडी में विटामिन ए और सी प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो त्वचा और बालों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक होते हैं। यह कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देते हैं, झुर्रियों और फाइन लाइनों को कम करते हैं। साथ ही त्वचा को चमकदार बनाते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source