
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : September 3, 2024 12:46 PM IST
Health benefits of eating fenugreek seeds: मेथी के दाने (Fenugreek Seeds) एक प्राचीन औषधीय जड़ी-बूटी के रूप में उपयोग किए जाते रहे हैं, और इनके अनेक स्वास्थ्य लाभ हैं, जो आपको हैरान कर सकते हैं। मेथी दाना, जिसे अंग्रेज़ी में Fenugreek Seeds कहते हैं, एक प्रकार के छोटे, भूरे या पीले रंग के बीज होते हैं जो मेथी के पौधे (Trigonella foenum-graecum) से प्राप्त होते हैं। यह पौधा विशेष रूप से भारत, उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व में पाया जाता है और इसके पत्ते और बीज दोनों का ही उपयोग भोजन और औषधीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। मेथी दाने का उपयोग पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में भी होता है, जैसे कि आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा। यह पाचन में सुधार, रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने और सूजन को कम करने के लिए जाना जाता है।
भारत जैसे कई देशों में मेथी के दाने मसाले के रूप में उपयोग किए जाते हैं, विशेष रूप से भारतीय, मध्य पूर्वी और अफ्रीकी व्यंजनों में। इसका स्वाद कड़वा और हल्का तीखा होता है। इसे तड़का, अचार, करी, और सब्जियों में इस्तेमाल किया जाता है। मेथी के दाने में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन्स (जैसे कि विटामिन C, विटामिन K), और खनिज (जैसे कि आयरन, मैग्नीशियम) पाए जाते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। मेथी दाने को डाइट में शामिल करने से स्वास्थ्य को बेहद लाभ मिलते हैं। आप मेथी दाने को अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकते हैं। आप इन्हें खाने में शामिल कर सकते हैं, पानी में भिगोकर पी सकते हैं या इनका पाउडर बनाकर उपयोग कर सकते हैं। इसलिए आज हम आपको इस आर्टिकल के माध्यम से मेथी दाने के कुछ फायदे बताने जा रहे हैं।
मेथी दाने पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। इसमें फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो आंतों की सफाई करते हैं और अपच, गैस, और एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करते हैं। साथ ही मेथी के दाने भूख को कम करते हैं और पेट को भरा हुआ महसूस कराते हैं, जिससे अधिक खाने से बचा जा सकता है। इसमें मौजूद फाइबर वजन घटाने में मदद करता है।
मेथी के दाने रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इनमें सॉलेबल फाइबर गैलेक्टोमैनन होता है जो ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करता है और इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ाता है। तो वहीं यह छोटे से दाने कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं, खासकर LDL (Low-Density Lipoprotein) कोलेस्ट्रॉल को। यह हृदय स्वास्थ्य को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मेथी के दाने रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय की धमनियों में प्लाक निर्माण को कम करने में सहायक हो सकते हैं, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम हो जाता है। इसलिए जो लोग हृदय रोगों से दूर रहना चाहते हैं वह नियमित रूप से मेथी जाने का सेवन करते रहें। साथ ही इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो जोड़ों के दर्द, सूजन और गठिया जैसी समस्याओं में राहत प्रदान करते हैं।
मेथी के दाने बालों के झड़ने को रोकने, डैंड्रफ को कम करने और बालों की वृद्धि को बढ़ावा देने में मदद करते हैं। इन्हें बालों में लगाने से बाल मजबूत और चमकदार होते हैं। वहीं मेथी दानों का पेस्ट त्वचा के लिए फायदेमंद होता है। यह मुंहासे, काले धब्बे और झुर्रियों को कम करने में मदद करता है, जिससे त्वचा स्वस्थ और चमकदार बनती है।
मेथी दाने स्तनपान कराने वाली माताओं में दूध उत्पादन को बढ़ाने के लिए पारंपरिक रूप से उपयोग किए जाते रहे हैं। इसमें मौजूद तत्व स्तन दूध की मात्रा और गुणवत्ता दोनों को बढ़ाते हैं। वहीं मेथी के दाने मासिक धर्म संबंधी समस्याओं, जैसे कि पीरियड्स के दौरान दर्द और अनियमितता को कम करने में मदद करते हैं। ये महिलाओं के हार्मोनल संतुलन को बनाए रखने में सहायक होते हैं।