
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 28, 2023 4:38 PM IST
हमारे शरीर के लिए विटामिन डी एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। यह एक घुलनशील विटामिन है, जो शरीर में कैल्शियम और फास्फोरस को अवशोषित करने में मदद करता है। इससे हमारी मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं। ऐसे में बहुत जरूरी है कि आप विटामिन डी को अपने दैनिक आहार में शामिल करें। अंडे का पीला भाग, फिश ऑयल, फैटी फिश, दूध-दही जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स, टोफू, मशरूम और धूप आदि विटामिन डी के मुख्य स्रोत हैं। हालांकि अधिकांश लोगों में इसकी कमी होती है, जिसके कारण वे कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हैं। आपके शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर कई लक्षण नजर आते हैं, जिन पर समय पर ध्यान देना जरूरी है।
विटामिन डी की कमी के कारण आपको हर समय थकान और कमजोरी महसूस होती है। दरअसल, विटामिन डी शरीर में ऊर्जा का स्तर बनाए रखने और मांसपेशियों को एक्टिव बनाने में मदद करता है। इस विटामिन की कमी से शरीर बहुत जल्दी थक जाता है।
विटामिन डी की कमी का एक प्रमुख संकेत है बालों का झड़ना। विटामिन डी की कमी से बालों की जड़ों में मौजूद केराटिनोसाइट्स की ग्रोथ बाधित हो जाती है। इसी के कारण बाल कमजोर हो जाते हैं।
हड्डियों और मांसपेशियों की मजबूती के लिए विटामिन डी एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। इस विटामिन की कमी से खासतौर पर पैर, पीठ और कूल्हों की हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। यह जोड़ों में दर्द का कारण भी है। विटामिन डी की गंभीर कमी होने से रक्त में कैल्शियम का स्तर तक कम होने लगता है। इतना ही नहीं इस विटामिन की कमी से घाव भी जल्दी नहीं भर पाते हैं। विटामिन डी के कारण आपके दांत भी कमजोर हो सकते हैं।
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन डी जरूरी है। इसकी कमी के कारण शरीर की इम्यूनिटी कम हो जाती है और आप कई रोगों से जल्दी संक्रमित हो सकते हैं। इस विटामिन की कमी से श्वसन तंत्र कमजोर हो सकता है। कई शोध बताते हैं कि विटामिन डी कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को कम करने में मददगार होता है। यह संक्रमण को नियंत्रित करता है। विटामिन डी से शरीर की सूजन भी कम होती है।
विटामिन डी आपकी खुशियों से जुड़ा है। विटामिन डी की कमी आपके लिए टेंशन का कारण बन सकती है। इसकी कमी से आपका मूड खराब हो सकता है, आप डिप्रेशन का शिकार हो सकते हैं या फिर छोटी छोटी बातों पर आपको टेंशन हो सकती है। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है तो इसका मतलब ये है कि आप विटामिन डी की कमी से जूझ रहे हैं।