यूं बनाएं चटपटा, तीखा और स्वादिष्ट हरी मिर्च का अचार

घर पर बनाए गए हरी मिर्च के अचार के स्वाद की बात ही अलग होती है। इसे आप भी असानी से बना सकते हैं। जानें, हरी मिर्च के अचार को बनाने का सही तरीका..

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : January 19, 2019 12:46 PM IST

अचार भला किसे पसंद नहीं होगा? इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। खासकर, हरी मिर्च से बने अचार का तो कोई जवाब ही नहीं। खाना खाने के समय एक हरी मिर्च का अचार मिल जाए, तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाए। कहीं आपके मुंह में भी पानी तो नहीं आ गया मिर्च के अचार के बारे में सुनकर? तो देर किस बात की। इसे आप खुद से घर पर ही झटपट बना सकते हैं। इस अचार को डालने का सही तरीका हर किसी को नहीं आता। घर पर बनाए गए अचार के स्वाद की बात ही अलग होती है। इसे आप भी असानी से बना सकते हैं। जानें, हरी मिर्च के अचार को बनाने का सही तरीका..

आवश्यक सामग्री

250 ग्राम अचार वाली हरी मिर्च

4 बड़ी चम्म्च राई या काली सरसों

नमक स्वादानुसार

एक छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा

एक छोटा चम्मच सौंफ

एक छोटा चम्मच मेथी

आधा चम्मच हींग

एक छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

एक छोटा चम्मच गरम मसाला

अचार में मिलाने के लिए नींबू का रस

आवश्कतानुसार सरसों का तेल

बनाने का तरीका

- सबसे पहले हरी मिर्च के डंठल को तोड़कर पानी में डालकर अच्छी तरह से साफ कर लें। एक साफ कपड़े से उन्हें पोछ कर सुखा लें। याद रहे की मिर्च में पानी का थोड़ा सा भी अंश न हो। अब हरी मिर्च को बीच में से चीरा लगाते हुए उसके अंदर के बीज निकाल दें।

- अब एक बर्तन में सरसों के दानें, जीरा, मेथी, सौंफ को लेकर गर्म किए हुए तवा पर डाल कर हल्का सा भून लें। इससे मसालों की नमी दूर हो जाएगी। अब भूने गए मसालों को ठंडा करने के बाद मिक्सी से हल्का दरदरा पीस लें। पिसे हुए मसाले को किसी बर्तन में निकालकर उसमें हल्दी, गरम मसाला और नमक भी मिला दें।

- अब कड़ाही में तेल डालकर अच्छे से गर्म कर लें। गर्म किए हुए तेल को नीचे उतारकर कुछ समय के लिए ठंडा होने दें। गुनगुने तेल में हींग डालें। अब तैयार किए गए भुने हुए मसालों में नींबू का रस और तेल मिलाकर इन मसालों को मिर्च के अंदर एक-एक करके भरते जाएं। जब पूरी मिर्च में मसाला भर जाए तो बचे हुए तेल को उस पर डालकर किसी जार के अंदर भर लें।

- अब मिर्च से भरे हुए जार को एक सफेद कपड़ा से कवर करके 2 से 3 दिन तक धूप दिखाएं। बीच-बीच में चम्मच की सहायता से ऊपर नीचे करते रहें। अब हरी मिर्च का सुगंधित अचार पूरी तरह से खाने के लिए तैयार है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source