
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : May 27, 2024 5:31 PM IST
लहसुन और प्याज, ये दो ऐसी सब्जियां हैं जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती हैं, बल्कि सेहत के लिए भी पौष्टिक मानी जाती हैं। तेज गंध वाली ये सब्जियां गुणों का भंडार हैं। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि लहसुन और प्याज को एक साथ पकाने पर इनके गुण कम हो जाते हैं और आपको पूरा फायदा नहीं मिल पाता है। इस बात में कितने सच्चाई है, चलिए जानते हैं।
एलियम परिवार से संबंधित प्याज कई विटामिन से भरपूर है। यह विटामिन सी, विटामिन बी, फोलेट और पोटेशियम का भंडार है। प्याज में क्वेरसेटिन जैसा एंटीऑक्सीडेंट होता है, जिसमें सूजन रोधी गुण होते हैं। यह सब्जी आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाती है। यह तेज गंध वाली सब्जी ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करती है, हार्ट को सेहतमंद रखती है और कई कैंसर से भी बचाव करती है।
लहसुन को आयुर्वेद चिकित्सा में भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें एलिसिन जैसा सल्फर यौगिक होता है। यह हार्ट को हेल्दी रखने में मददगार होता है। लहसुन के नियमित सेवन से प्रतिरक्षा प्रणाली बढ़ती है। इसमें एंटी बैक्टीरियल गुण भी होते हैं। अपने सूजनरोधी गुणों के कारण यह सूजन को दूर करके हृदय को सेहतमंद रखता है और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है।
अब सवाल ये है कि क्या लहसुन और प्याज को पकाने से उनके गुण खत्म होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिनसे यह बात साबित हो। हालांकि जब किसी भी सब्जी को पकाया जाता है तो गर्मी के कारण उसके कुछ यौगिक टूट जाते हैं, इससे उनका प्रभाव कम हो जाता है। जब लहसुन को कुचला या काटा जाता है तो उसमें मौजूद एलिनेज एंजाइम एलिन में बदल जाता है। गर्म होने पर इसका प्रभाव कम हो जाता है। प्याज पर भी यही बात लागू होती है। प्याज में सल्फर और फ्लेवोनोइड होता है, जिनको गर्मी से नुकसान होता है। इसी के साथ जब लहसुन और प्याज को काटा जाता है तो ये दोनों की सल्फर छोड़ते हैं, जो एक दूसरे के पूरक बन जाते हैं। इन्हें मध्यम आंच पर पकाने से गुण बने रहते हैं।
गर्मी के कारण लहसुन और प्याज दोनों का प्रभाव कम हो जाता है। हालांकि इसके बावजूद लहसुन और प्याज को खाने के फायदे हैं, क्योंकि इनके गुण पूरी तरह से खत्म नहीं होते हैं। शोध बताते हैं कि प्याज, लहसुन को पकाने का सिर्फ नुकसान ही है, इसके कुछ फायदे भी हैं। जर्नल ऑफ एग्रीकल्चरल एंड फूड केमिस्ट्री में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार प्याज को पकाने से उसमें क्वेरसेटिन जैसे कुछ एंटीऑक्सीडेंट बढ़ जाते हैं।
अगर आप चाहते हैं कि लहसुन और प्याज के गुण काटने और पकाने के बाद भी बरकरार रहें तो कुछ तरीके अपनाएं।
1. लहसुन को पकाने से पहले उसे काटकर करीब 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे उसमें एलिसिन बनेगा, जो आपको गर्मी से बचाएगा।
2. लहसुन और प्याज को कभी भी बहुत ज्यादा न पकाएं, इससे इसके पौष्टिक तत्व खत्म हो सकते हैं। हमेशा मध्यम आंच पर इन्हें पकाएं।
3. अपने आहार में कच्चा प्याज और लहसुन शामिल करने की कोशिश करें। इससे इनका फायदा ज्यादा मिलेगा। सलाद, सालसा, टॉपिंग में इन्हें यूज करें।