गणेश चतुर्थी पर बनाएं बेक्ड मोदक का हेल्दी प्रसाद !

अगर आप घी-तेल का कम इस्तेमाल करना चाहते तो आप मोदक बनाने के लिए बेकिंग की मदद ले सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Published : September 11, 2018 5:46 PM IST

गणेश चतुर्थी का त्योहार आ गया है और गणपति के स्वागत की तैयारियां भी ज़ोरों पर हैं। इस त्योहार पर मोदक की पारम्परिक मिठाई बनायी जाती है। आमतौर पर मोदक का प्रसाद भाप में पकाया जाता है या इसे घी में तला जाता है। लेकिन अगर आप घी-तेल का कम इस्तेमाल करना चाहते तो आप मोदक बनाने के लिए बेकिंग की मदद ले सकते हैं। यह रेसिपी है काफी हेल्दी और एक नये तरीके का प्रसाद भी।

बेक्ड मोदक बनाने के लिए आपको इन चीज़ों की ज़रूरत पड़ेगी

  • 1 कप चावल का आटा
  • 1 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
  • ¾ कप गुड़
  • 1 बड़ा चम्मच देसी घी
  • 1 बड़ा चम्मच खसखस के दाने
  • 2 चुटकी नमक
  • 2 बड़े चम्मच काजू
  • 1 बड़ा चम्मच किशमिश
  • 4-5 छोटी इलायची

बेक्ड मोदक बनाने का तरीका

  • किसी कड़ाई में एक कप पानी उबलने रखें। इसमें नमक और एक छोटा चम्मच घी डालें।
  • पानी थोड़ा उबलने के बाद गैस से उतारें। इस पानी में चावल का आटा डालें। अच्छी तरह मिक्स करें और पांच मिनट के लिए इस मिश्रण को ढंक कर रखें।
  • अब एक दूसरे बर्तन में खसखस के दानों को एक-दो मिनट के लिए भून लें।
  • गुड़ को पिघलाकर मोदक की भरावन में मिलाया जाता है। इसीलिए एक बर्तन में गुड़ को पिघलने के लिए रखें। जब गुड़ पिघल जाए तो उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और थोड़ी देर उसे पकने दें।
  • अब इस मिश्रण में भुना हुआ खसखस, किशमिश, काजू के टुकड़े और इलायची पाउडर डालकर मिला लें। इस मिश्रण को अच्छी तरह ठंडा होने दें।
  • अब चावल के आटे वाले मिश्रण को किसी थाली या प्लेट में पलटें, इसमें थोड़ा घी मिलाएं और अच्छी तरह गूंथ लें।
  • अब इस आटे को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटे। अब आपको इस आटे की गोलियों को मोदक का आकार देना है। आप चाहें तो मोल्ड का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। आटे के गोले से छोटी-सी कटोरी बनाएं, जिसके किनारे पतले हों। एक-एक चम्मच मिश्रण इस कटोरी में भरें और उंगलियों की मदद से मोदक का आकार दें।
  • सभी मोदक जब तैयार हो जाएं तो एक बेकिंग पैन में मक्खन (बटर) या थोड़ा तेल लगाएं। उसके बाद मोदक को इस बेकिंग ट्रे में रखें। मोदक के ऊपर से भी ब्रश की मदद से थोड़ा घी लगाएं।
  • ओवेन में 180 डिग्री सेल्सिअस पर 20 मिनट के लिए इसे पकने दें। आपके मोदक सुनहरे रंग के हो जाएंगे।
  • ओवेन से बाहर निकालकर उन्हें ठंडा होने दें और यह हेल्दी प्रसाद श्रीगणेश को अर्पित करें।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source