ऑस्टियोपोरोसिस के मरीजों को क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? एक्सपर्ट से जानें सही डाइट

Foods To Eat And Avoid For Osteoporosis: ऑस्टियोपोरोसिस में हड्डियां बहुत ज्यादा कमजोर होने लगती हैं, जिसका समय रहते इलाज करना बहुत जरूरी है। आइए, जानते हैं ऑस्टियोपोरोसिस में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए?

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : October 19, 2024 3:04 PM IST

Osteoporosis Diet: ऑस्टियोपोरोसिस हड्डियों से जुड़ी एक गंभीर बीमारी है, जिसमें हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। इस बीमारी में हड्डियों में नए टिश्यू बनना बंद हो जाते हैं या फिर बेहद धीमी रफ्तार से बनते हैं। इसमें हड्डियां इतनी कमजोर और नाजुक हो जाती हैं कि हल्की सी चोट लगने या खांसने से ही बोन फ्रैक्चर हो सकता है। यह बीमारी आमतौर पर वृद्धों में देखी जाती है। लेकिन आजकल युवाओं में भी यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। शरीर में बोन डेंसिटी कम होने के कारण हड्डियां काफी ज्यादा कमजोर हो जाती हैं। ऐसे में, इस समस्या से बचने के लिए हड्डियों को मजबूत बनाए रखना बहुत जरूरी है। ऑस्टियोपोरोसिस के इलाज में डाइट का अहम किरदार होता है। इस बीमारी के डॉक्टर डाइट में कुछ ऐसी चीजों को शामिल करने की सलाह देते हैं, जिससे हड्डियों को मजबूत किया जा सके। वहीं, ऐसी चीजें जो ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को बढ़ाती हैं, उनसे परहेज करने की सलाह दी जाती है। आइए, इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटिशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं कि ऑस्टियोपोरोसिस में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए?

ऑस्टियोपोरोसिस में क्या खाना चाहिए?

दूध

दूध कैल्शियम का सबसे अच्छा सोर्स होता है। ऑस्टियोपोरोसिस के मरीजों को कैल्शियम से भरपूर आहार लेना चाहिए क्योंकि यह हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। रोजाना कम से कम दो गिलास दूध जरूर पीएं। इसके अलावा, आप अन्य डेयरी प्रोडक्ट जैसे दही और पनीर का भी सेवन कर सकते हैं।

बादाम

ऑस्टियोपोरोसिस के मरीजों को अपनी डाइट में बादाम को शामिल करना चाहिए। दरअसल, इसमें विटामिन-ई, फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। बादाम खाने से शरीर हेल्दी रहता है।

बीन्स

बीन्स में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज पाए जाते हैं, जो हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होते हैं। इसके सेवन से हड्डियां मजबूत बनती हैं और हार्ट भी हेल्दी रहता है।

चिया सीड्स

चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में मौजूद होता है, जो हड्डियों के घनत्व को बनाए रखने में सहायक होता है। इसके नियमित सेवन से हड्डियों और मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। साथ ही, सूजन को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

ऑस्टियोपोरोसिस के मरीजों को क्या नहीं खाना चाहिए?

ज्यादा नमक का सेवन न करें

ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी होने पर ज्यादा नमक वाली चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, अधिक सोडियम के सेवन से हड्डियों से कैल्शियम और फॉस्फोरस का रिसाव होने लगता है, जिससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। इसलिए अधिक नमक या सोडियम-युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए।

शराब से बचें

शराब का सेवन शरीर के कैल्शियम और विटामिन-डी के अवशोषण को प्रभावित कर सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। इससे ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इसका सेवन भूलकर भी न करें।

ज्यादा चीनी का सेवन न करें

चीनी का अधिक सेवन भी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है। ज्‍यादा चीनी खाने से हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

कैफीन

ऑस्टियोपोरोसिस के मरीजों को ज्यादा चाय या कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, इसमें मौजूद कैफीन कैल्शियम के अवशोषण को कम कर देता है, जिसकी वजह से हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। अगर पहले से ही हड्डियों में कमजोरी हो, तो कैफीन वाली चीजों को ज्यादा पीने से बचना चाहिए।

Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source