
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 20, 2023 1:10 PM IST
चाय के साथ न खाएं ये चीजें
Foods to avoid with tea: चाय पीना हर किसी को पसंद होता है, कुछ लोग सुबह बिस्किट के साथ चाय पीना पसंद करते हैं। कुछ लोगों को सुबह उठते ही चाय चाहिए होती है, तो कुछ लोग शाम के समय पीना पसंद करते हैं। जबकि कुछ लोग तो ऐसे होते हैं, जिन्हें अगर हर घंटे चाय दी जाए तो भी वे मना नहीं करते हैं। फिर आते हैं कुछ लोग जो चाय के साथ कुछ न कुछ खाना पसंद करते हैं। किसी को चाय के साथ बिस्किट, नमकीन या रस्क खाना पसंद होता है, तो कुछ लोग चाय के साथ ब्रेड, पकोड़े या रोटी आदि खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि चाय के साथ खाई जाने वाली कुछ चीजें आपके शरीर में जाकर कई समस्याएं पैदा करती हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 फूड्स के बारे में बताने वाले हैं, जिनका चाय के साथ सेवन आपकी सेहत को कई नुकसान पहुंचा सकता है।
मैदा हो या चाय सेहत के लिए दोनों को ही अच्छा नहीं माना जाता है। चाय में मौजूद कैफीन आपके दिमाग से छेड़छाड़ करता है और मैदा आपकी पाचन प्रणाली को नुक्सान पहुंचाता है। इसी प्रकार चाय और मैदे का सेवन आपके शरीर को और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है। अगर आपको चाय के साथ मैदे से बने बिस्किट, रस्क, नमकीन या अन्य कोई चीज खाना पसंद है, तो आपको यह आदत छोड़ देनी चाहिए।
चाय के साथ ब्रेड या पकोड़े खाना किसे पसंद नहीं है? लेकिन चाय के साथ पकोड़े खाना भी एक बैड फूड कॉम्बिनेशन है। हालांकि, कभी-कभार चाय के साथ एक-आध पकोड़ा खाना नुकसानदायक नहीं माना जाता है। लेकिन कुछ लोगों को इसकी आदत होती है और वे रोज चाय व पकोड़े खाते हैं। खासतौर पर सर्दियों के दिनों में लोगों को चाय के साथ पकोड़े खाना अच्छा लगता है।
चाय में दूध डालकर पीने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन दूध से बनी कुछ चीजें हैं जिनका सेवन चाय के साथ नहीं करना चाहिए जैसे दही और पनीर आदि। वैसे तो चाय के साथ दही का सेवन कोई नहीं करता है, लेकिन इन दोनों के बीच कम से कम 2 घंटे का समय जरूर होना चाहिए। उदाहरण के लिए अगर आपने हाल ही में दही का सेवन किया है, तो कम से कम 2 घंटे बाद ही चाय पिएं। ऐसा ही पनीर के साथ भी करना जरूरी है।
चाय के साथ ठंडी चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। हम सिर्फ तापमान में ठंडी चीजों के बारे में बात नहीं कर रहे हैं, हम आपको तासीर में ठंडी चीजों का सेवन चाय के साथ न करने की सलाह दे रहे हैं। इसलिए अगर आपने हाल ही में कुछ ऐसा खाया है, जो ठंडा है या फिर तासीर में ठंडा है, तो उसके कम से कम 1 घंटे के बाद ही चाय का सेवन करें और ऐसा न करने पर आपकी पाचन प्रणाली खराब हो सकती है।
चाय के साथ खट्टी चीजों के सेवन करना आपके पेट को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। उदाहरण के लिए संतरे का जूस या अन्य कोई फल का सेवन चाय पीने से 2 घंटे पहले या बाद में ही करना चाहिए। इसके अलावा अचार या अन्य कोई खट्टी चीज का सेवन करना भी आपकी पाचन क्रिया को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए इनका सेवन नहीं करना चाहिए।