hamburger icon
A
Read in English

मेथी के फायदे, नुकसान, सही मात्रा और इस्तेमाल का सही तरीका: जानें क्या कहती है रिसर्च

आपने मेथा का सेवन या फिर बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए जरूर किया होगा। लेकिन क्या सच में मेथी इतनी फायदेमंद है या यह सिर्फ एक मिथ है? आइए आज विस्तार से जानते हैं मेथी के वैज्ञानिक फायदे, इस्तेमाल के तरीके और सही मात्रा में खाने के तरीके।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Updated : July 27, 2026 1:36 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Shrey Sharma, Dr. Smriti Jhunjhunwala

मेथी लगभग हर भारतीय रसोई में मौजूद होती है। कोई इसे सब्जी में डालता है, कोई दाने भिगोकर खाता है, तो कोई मेथी का पानी पीता है। सोशल मीडिया पर इसे डायबिटीज, वजन घटाने, कोलेस्ट्रॉल कम करने और बालों की ग्रोथ तक के लिए सुपरफूड बताया जाता है। बता दें कि मेथी का वानस्पतिक नाम ट्राइगोनेला फोएनम-ग्रेकुम एल. (Trigonella foenum-graecum L.) है। यह औषधीय गुणों वाला पौधा है। बीजों से लेकर पत्तियों तक, इसके दोनों रूप हमारी सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। भारत में इसकी खेती मुख्य रूप से राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में की जाती है।

कहने को तो मेथी के कई फायदे हैं, लेकिन क्या यह सच में इतने फायदे देती है? क्या हर कोई मेथी रोज खा सकता है? इसकी सही मात्रा क्या है? और क्या इसके नुकसान भी हो सकते हैं? आइए वैज्ञानिक रिसर्च और डॉक्टर की राय के आधार पर विस्तार से समझते हैं।

मेथी में कौन-कौन से पोषक तत्व होते हैं?

मेथी में मौजूद पोषक तत्व और एक्टिव कंपाउंडफायदे
फाइबरपाचन को बेहतर बनाता है, कब्ज से राहत देता है, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में मदद करता है।
प्रोटीनमसल्स हेल्थ, टिशू और सेल्स के निर्माण और लंबे समय तक पेट भरा रखने में फायदेमंद।
आयरनहीमोग्लोबिन बनाने के लिए जरूरी है और एनीमिया के जोखिम को कम करने में और ऑक्सीजन सप्लाई में मददगार है।
मैग्नीशियमशरीर की नसों, मांसपेशियों, हड्डियों और ब्लड शुगर को सही तरीके से काम करने में मदद करता है।
पोटैशियमयह शरीर में पानी का बैलेंस बनाए रखता है, मांसपेशियों को सही से चलाने में मदद करता है और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखता है।
विटामिन बी6दिमाग और इम्यून सिस्टम को सही से काम करने में मदद करता है।
कोलीनयह कोशिका की झिल्ली को मजबूत रखने और नर्व सिस्टम को नॉर्मल काम करने में मदद करता है।
मैंगनीजहड्डियों को हेल्दी और मजबूत बनाने के साथ-साथ कोशिकाओं को नुकसान होने से बचाता है।
सैपोनिनबैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और सूजन को घटाने में मदद करता है। इस पर अभी और शोध जारी है।
गैलेक्टोमैननएक तरह का घुलनशील फाइबर है जो भोजन के बाद ब्लड शुगर बढ़ने की गति कम करने में मददगार
डायोजेनिनयह मेथी में पाया जाने वाला एक बायोएक्टिव कम्पाउंड है, जिसके एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों पर शोध जारी है।

मेथी शरीर में कैसे काम करती है?

मेथी शरीर में किन तरह काम करती है? मेथी शरीर में किस तरह काम करती है?

PMC में प्रकाशित 'Diosgenin, 4-Hydroxyisoleucine, and Fiber from Fenugreek' पर आधारित एक अध्ययन के अनुसार, मेथी में घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो पेट में जेल जैसी परत बनाता है। इससे खाने में मौजूद ग्लूकोज का अबसॉर्पशन धीमा होता है और खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की संभावना कम हो सकती है। वहीं अगर हम मेथी में पाए जाने वाले 4-हाइड्रॉक्सीआइसोल्यूसीन की बात करें तो ये इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाने का काम करता है। यानी कि डायबिटीज के लोगों के लिए मेथी फायदेमंद साबित हो सकती है।

वहीं पीएमसी में प्रकाशित 'Cross-Omics Analysis of Fenugreek Supplementation' अध्ययन में लिखा है कि मेथी में प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट इफेक्ट पाए जाते हैं। इसके पॉलीफेनॉल और अन्य बायोएक्टिव कम्पाउंड फ्री रेडिकल्स से होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा बताया गया है कि मेथी का फाइबर प्रीबायोटिक की तरह काम कर सकता है। यह आंतों में गुड बैक्टीरिया की संख्या को बढ़ाने, शॉर्ट-चेन फैटी एसिड (SCFAs) के प्रोडक्शन में मदद करने और गट हेल्थ के साथ-साथ ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करने में भूमिका निभा सकता है।

मेथी के वैज्ञानिक रूप से साबित फायदे

मेथी के वैज्ञानिक रूप से साबित फायदे मेथी के वैज्ञानिक रूप से साबित फायदे

मेथी के कई फायदों के बारे में तो आपने खूब सुना होगा, लेकिन चलिए अब सच जानते हैं कि क्या वाकई मेथी दाना शारीरिक समस्याओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है या यह सिर्फ सोशल मीडिया की दुनिया में फैला हुआ एक झूठ है।

क्या डायबिटीज में मेथी फायदेमंद है?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित अक्टूबर 2023 की एक स्टडी में शोधकर्ताओं ने पाया कि मेथी का सेवन करने वाले लोगों में फास्टिंग ब्लड शुगर, HbA1c (पिछले 2–3 महीनों का औसत ब्लड शुगर) और इंसुलिन रेजिस्टेंस (HOMA-IR) के लेवल में सुधार देखा गया। वहीं, फास्टिंग ब्लड शुगर और खाने के बाद ब्लड शुगर (PPBG) में भी कमी देखी गई, लेकिन इन परिणामों को सभी अध्ययनों में एक जैसा और सांख्यिकीय रूप से मजबूत नहीं पाया गया। रिसर्चर्स मानते हैं कि इन निष्कर्षों की पुष्टि के लिए बड़े और बेहतर गुणवत्ता वाले क्लिनिकल ट्रायल की अभी भी जरूरत है।

क्या मेथी वजन घटाने में मदद करती है?

क्या मेथी वजन घटाने में मदद करती है? क्या मेथी वजन घटाने में मदद करती है?

शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सीनियर कंसल्टेंट-इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेय श्रीवास्तव बताते हैं, "आयुर्वेद में मेथी को अत्यधिक रूक्ष (शुष्क) माना जाता है। इसलिए इसका कम समय तक सेवन करने से आमतौर पर कोई समस्या नहीं होती। इसे लगभग 15–20 दिनों तक या अधिकतम एक महीने तक लिया जाए तो ठीक है, लेकिन लंबे समय तक लगातार सेवन करने से शरीर के आवश्यक (Essential) फैट पर भी असर पड़ सकता है।"

वहीं अगर हम वजन कम करने के लिए मेथी के इस्तेमाल की बात करें तो डॉक्टर के अनुसार "आयुर्वेद में मेथी को वसा कम करने वाला माना गया है। यह शरीर में एक्सट्रा फैट को कम करने में मदद कर सकती है, लेकिन लंबे समय तक इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से एशेंशियल फैट को भी प्रभावित कर सकती है। इसी कारण इसका लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल करने की सलाह नहीं दी जाती।"

डॉक्टर श्रेय बताते हैं कि मेथी को धातु-क्षयकारी और बहुत अधिक वातवर्धक भी माना गया है। इसका प्रमुख रस कटु (तीखा) होता है, जो वात बढ़ाने का काम करता है। इसी गुण के कारण यह वजन कम करने, अतिरिक्त कफ को घटाने और कुछ हद तक ब्लड शुगर कंट्रोल करने में फायदेमंद हो सकती है। हालांकि, इसकी अधिक रूक्ष प्रकृति के कारण इसका संतुलित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए।

महिलाओं के लिए मेथी के फायदे

होम्योपैथी डॉक्टर स्मृति झुनझुनवाला कहती हैं कि मेथी दाना, मेथी की भाजी, मेथी पाउडर, मेथी के पत्ते आदि, आप इसे किसी भी तरीके से खा सकते हैं। वह महिलाएं जिन्हें पीसीओएस, हार्मोनल इशू, ब्रेस्टफीडिंग करती हैं, उनके के लिए भी मेथी बहुत फायदेमंद है क्योंकि ये हमारे हार्मोन पर एक्ट करता है और उसे बैलेंस करने में मदद कर सकता है। साथ ही पीरियड्स पेन, ब्रेस्ट मिल्क को बढ़ाने और एस्ट्रोजन के प्रोडक्शन को कंट्रोल करने में मदद करता है।

महिलाओं के लिए मेथी के फायदों पर आयुर्वेदिक डॉक्टर

महिलाओं के लिए मेथी के फायदे महिलाओं के लिए मेथी के फायदे (Image Credit- ChatGPT)

पुरुषों के लिए मेथी के फायदे

"आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से मेथी का लंबे समय तक सेवन पुरुषों के लिए भी उचित नहीं माना जाता है। इसे शुक्र धातु पर प्रभाव डालने वाला बताया गया है, इसलिए इसका सेवन सीमित अवधि और उचित मात्रा में ही करना चाहिए। मेथी का स्वभाव हल्का उष्ण होता है, लेकिन इसका वातवर्धक गुण अधिक प्रमुख माना जाता है।" यह जानकारी आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय द्वारा दी गई है।

होमेयोपैधी डॉक्टर स्मृति कहती हैं कि पुरुषों के लिए भी मेथी का सेवन फायदेमंद होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि मेथी के बीज टेस्टोस्टेरोन लेवल को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं और इरेक्टाइल डिस्फंक्शन को कम करने में भी मदद कर सकते हैं।

क्या मेथी स्किन के लिए फायदेमंद है?

क्या स्किन के लिए मेथी का इस्तेमाल फायदेमंद है? क्या स्किन के लिए मेथी का इस्तेमाल फायदेमंद है?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित रिसर्च "Ethanolic Fenugreek Extract: Its Molecular Mechanisms against Skin Aging and the Enhanced Functions by Nanoencapsulation" में मेथी के कई फायदे बताती है। आइए इन फायदों के बारे में जानते हैं।

एजिंग को स्लो करना

मेथी में एथेनॉलिक एक्सट्रैक्ट होता है जो स्किन के एजिंग इफेक्ट को कम करने में मदद कर सकता है।

कोलेजन को बूस्ट करता है

स्टडी कहती है कि मेथी का अर्क कोलेजन को नुकसान पहुंचाने वाले एंजाइम को कम कर सकता है, जिससे त्वचा की मजबूती बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

 त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाता है

मेथी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद करता हैं और समय से पहले एजिंग साइन को बढ़ने से भी रोकते हैं।

त्वचा की कोशिकाओं की जीवित रखता है

PMC में प्रकाशित एक लैब-आधारित अध्ययन के अनुसार, मेथी का अर्क त्वचा की उम्र बढ़ने से जुड़े कुछ जैविक कारकों पर सकारात्मक प्रभाव दिखाता है। रिसर्चर्स ने बताया कि इंसानों में इसके प्रभावों की पुष्टि के लिए और क्लिनिकल रिसर्च की आवश्यकता है।

बालों के लिए मेथी के फायदे

बालों के लिए मेथी के फायदे बालों के लिए मेथी के फायदे

PMC में बालों के लिए मेथी के फायदे से जुड़ी एक क्लिनिकल ट्रायलके लिए में पुरुषों और महिलाओं पर शोध किया गया। पाया गया कि मेथी वाले सप्लीमेंट लेने वाले प्रतिभागियों में हेयर डेंसिटी और हेयर ग्रोथ में सुधार देखा गया। निष्कर्ष निकला कि यह सप्लीमेंट हेयर फॉल कम करने और बालों की गुणवत्ता सुधारने में मदद कर सकता है। लेकिन फिर भी और अध्ययनों की जरूरत है। गिनती के कुछ शोधों से यह तय नहीं किया जा सकता है।

लोगों के मन में आने वाले आम सवाल

लोगों के मन में आने वाले आम सवाल लोगों के मन में आने वाले आम सवाल

इन सवालों का जवाब होम्योपैथी डॉक्टर स्मृति झुनझुनवाला द्वारा दिया गया है।

1. डायबिटीज में मेथी कितनी फायदेमंद है?

मेथी ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। इसे डायबिटीज की दवाओं का विकल्प न मानें। साथ ही दवा बिना डॉक्टर की सलाह के बंद न करें।

2. क्या खाली पेट मेथी खाना सही है?

डॉक्टर कहती हैं कि कुछ लोग सुबह खाली पेट भीगी हुई मेथी खाते हैं, जो उन्हें फायदा पहुंचाती है। लेकिन इससे सभी को एक जैसा फायदा मिले, यह जरूरी नहीं है। अगर पेट में जलन या गैस की समस्या हो, तो इसे खाने के साथ या बाद में लें।

3. मेथी खाने का सबसे अच्छा समय क्या है?

मेथी सुबह, रात या खाने के साथ किसी भी समय ली जा सकती है। अगर ब्लड शुगर कंट्रोल के लिए ले रहे हैं, तो सही समय और मात्रा के लिए डॉक्टर से सलाह लें।

4. एक दिन में कितनी मेथी खानी चाहिए?

आपको मेथी कितनी खानी है यह व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और लेने के तरीके जैसे मेथी दाना, पत्तियां या सप्लीमेंट के रूप पर निर्भर करता है। सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें।

5. किन लोगों को मेथी खाते समय सावधानी रखनी चाहिए?

गर्भवती महिलाएं, ब्लड थिनर या डायबिटीज की दवा लेने वाले लोग, किडनी रोगी, छोटे बच्चे और मेथी से एलर्जी वाले लोग मेथी का सेवन डॉक्टर की सलाह से ही करें।

6. मेथी के क्या नुकसान हो सकते हैं?

देखें ज्यादा मात्रा में मेथी खाने से गैस, पेट खराब, दस्त या ब्लड शुगर बहुत कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोगों में एलर्जी या ब्लीडिंग का खतरा भी बढ़ सकता है, खासकर अगर कोई ब्लड थिनर ले रहा हो।

मेथी से जुड़े मिथ और फैक्ट

सवाल- मेथी खाने से 7 दिन में डायबिटीज खत्म हो जाती है?

जवाब- नहीं

सवाल- मेथी बाल उगा देती है?

जवाब- नहीं

सवाल- मेथी हर किसी के लिए सुरक्षित है?

जवाब- नहीं

मेथी का उपयोग कैसे करें और कितनी मात्रा में करें?

मेथीकैसे लें?मात्रा
मेथी दानारातभर भिगोकर या भोजन में5–10 ग्राम (1–2 चम्मच) प्रतिदिन
मेथी पाउडरगुनगुने पानी, दही या भोजन के साथ2–5 ग्राम (½–1 चम्मच) प्रतिदिन
अंकुरित मेथीसलाद या नाश्ते में¼–½ कप
हरी मेथी की पत्तियांसब्जी, पराठा, सूप या दाल में½–1 कप (50–100 ग्राम)
सूखी कसूरी मेथीसब्जी, दाल या करी में1–2 चम्मच
मेथी का पानीरातभर भीगे दानों का पानी सुबह पिएं1 गिलास (200–250 ml)
मेथी की चायमेथी दाना उबालकर1–2 कप प्रतिदिन
मेथी कैप्सूल/सप्लीमेंटडॉक्टर की सलाह अनुसारलेबल या डॉक्टर के निर्देशानुसार

सलाह-आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय ने सलाह दी है कि किसी भी तरह से मेथी का सेवन अपनी डाइट में शामिल करने से पहले आप डॉक्टर से सलाह जरूर लें। हर व्यक्ति की वात, पित्त और कफ की प्रकृति अलग होती है। ऐसे में एक उपाय हर किसी के लिए कारगर साबित नहीं हो सकता है। इसलिए उनका पहला सुझाव डॉक्टर से परामर्श करना है।

डिस्क्लेमर: कई रिसर्च में पाया गया है कि मेथी डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, स्किन और हेयर सहित कई समस्याओं के लिए फायदेमंद है। लेकिन किसी भी तरह से मेथी का सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। शोधकर्ताओं ने यह भी क्लियर किया कि अब तक हुए शोध बहुत छोटे थे और उनके नतीजे अलग-अलग रहे। इसलिए मेथी सच में कितनी असरदार है, यह पूरी तरह साबित करने के लिए बड़ी और बेहतर रिसर्च की जरूरत है।