रक्षाबंधन स्पेशल रेसिपी- इस बार बनाएं चॉकलेट वाली राखी मिठाई

जी हां, ऐसी राखी जिसे आप खा सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : August 23, 2018 8:07 PM IST

राखी और मिठाई दोनों के बिना भला रक्षाबंधन कैसे मनाया जा सकता है? यहां हम रक्षाबंधन पर बननेवाली मिठाई को एक ट्विस्ट दे देते हैं और बनाते हैं एक ऐसी मिठाई जो खाई जा सकती है। जी हां, हम आपको बनाना सिखाएंगे चॉकलेट से बनी एक मिठाई (जो दरअसल राखी भी है) जिसे आप खा सकते हैं। वैसे भी आजकल त्योहारों को अलग और रोचक तरीके से मनाने का चलन है। तो यह चॉकलेट वाली मिठाई भी उसी का एक तरीका बन जाएगी, और सबसे खास बात यह कि इसे बनाना इतना आसान है कि आपके बच्चे भी खेल-खेल में इसे बनाना सीख जाएंगे।

चॉकलेट वाली राखी बनाने के लिए आपको इन चीज़ों की ज़रूरत पड़ेगी-

500 ग्राम, कुकिंग चॉकलेट (डार्क चॉकलेट हो तो बेहतर)

चॉकलेट बनाने के लिए मोल्ड

कटे हुए मेवे या स्प्रिंकल

सेलो टेप, लपेटने के लिए प्लास्टिक शीट या क्लिंग टेप, सैटिन रिबन और कैंची।

चॉकलेट वाली राखी बनाने का तरीका-

1. चॉकलेट को किसी बर्तन में भाप की मदद से या माइक्रोवेव में पिघला लें।

2. मोल्ड में बारीक कतरे हुए मेवे या स्प्रिंकल फैलाएं।

3. अब इसमें पिघली हुई चॉकलेट उड़ेलें। चॉकलेट में मौजूद हवा को निकालने के लिए हल्के से थपथपाएं।

4. 30 मिनट के लिए फ्रीज में रख दें।

5. अब सैटिन रिबन को जिसे राखी की डोरी के तौर पर इस्तेमाल करना हो, अपने भाई की कलाई के हिसाब से काटें।

6. चॉकलेट अगर सेट हो गई हो तो उसे मोल्ड से निकालें।

7. अब चॉकलेट को क्लिंग टेप में लपेटें।

8. सेलो टेप की मदद से पहले मोल्ड, चॉकलेट और सैटिन रिबन को चिपकाएं। बन गई आपकी राखी।

मीठी भी, हेल्दी भी।

चूंकि डार्क चॉकलेट सेहत के लिहाज से काफी अच्छी है इसलिए इस राखी में उसका प्रयोग बेहतर होगा। 5 ग्राम डार्क चॉकलेट में 27.3 कैलरी होती है और इस मिठाई वाली राखी में अलग से शक्कर का इस्तेमाल भी नहीं किया गया है। इसलिए बाकी मिठाइयों की तरह इसे खाने से आपका कैलरी काउंट नहीं बिगड़ेगा। तो सोचिए मत आप भी बनाइए झटपट तैयार होनेवाली यह डिफरेंट-सी राखी।

चित्र स्रोत- Dr. Mehrunisha Khan.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source