
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 8, 2018 2:36 PM IST
गुड़ में ढेर सारे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ाता है। आयुर्वेद के अनुसार, वर्षों से कई बीमारियों के इलाज के लिए गुड़ का इस्तेमाल हो रहा है। बेशक, गुड़ के कई सेहत लाभ हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गुड़ खाने के कुछ सेहत पर नुकसान भी होते हैं। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप किस क्वालिटी का गुड़ खा रहे हैं और कहीं आपको कोई ऐसी शारीरिक समस्या तो नहीं जो गुड़ खाने से और भी अधिक बिगड़ सकता है। जानते हैं गुड़ खाने से होने वाले नुकसान के बारे में-
बढ़ सकता है वजन
क्या आपको पता है कि 100 ग्राम गुड़ में लगभग 380 कैलरीज होती है। तो यदि आप डायटिंग कर रहे हैं, तो आपको गुड़ से परहेज ही करना चाहिए। हां, कम मात्रा में खाने से कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन बहुत ज्यादा गुड़ खाने से वजन बढ़ने का खतरा रहता है। इसमें शर्करा और कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा भी बहुत अधिक होती है। ऐसे में वेट लॉस प्लान फॉलो करने वालों के लिए गुड़ ठीक नहीं है। आप गुड़ की बजाय उन चीजों का सेवन करें, जिनमें गुड़ के सभी पोषक तत्व मौजूद होने के साथ-साथ कैलरी की मात्रा कम हो।
ब्लड शुगर बढ़ता है
आपने कई शोध में या फिर डॉक्टरों से भी यह कहते सुना होगा कि गुड़ चीनी से बेहतर होता है। बावजूद इसके, यह स्वाद में मीठा ही होता है। ऐसे में गुड़ खाने से शरीर में ब्लड शुगर लेव बढ़ सकता है। 10 ग्राम गुड़ में लगभग 9 ग्राम शर्करा होता है। खासकर उन्हें कम ही इसका सेवन करना चाहिए, जिन्हें डायबिटीज है।
पेट में इंफेक्शन होने का खतरा
गुड़ खुली या अनहाइजीनिक जगहों में बनाया जाता है, ऐसे में साफ-सफाई का ध्यान न रखा जाए तो इसमें धूल-मिट्टी, गंदगी आदि भी इसमें चली जाती है। इससे पेट में बैक्टीरिया जाने से इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। इसमें कई बार माइक्रोब्स बनने का खतरा रहता है, जिससे गुड़ खाने से सेहत खराब हो सकती है।
कब्ज की समस्या
कुछ लोगों की राय में ताजे गुड़ का सेवन करने से डायरिया होने का खतरा रहता है। कई बार ताजे बने गुड़ को खाने से कब्ज की समस्या बढ़ जाती है।
रियुमेटॉइड अर्थराइटिस में न करें सेवन
गुड़, चीनी की तरह रिफाइंड नहीं होता और इसलिए इसमें सुक्रोज की मात्रा बहुत अधिक होती है। यदि आपको सूजन या जलन संबंधी कोई बीमारी है जैसे- रियुमेटॉइड अर्थराइटिस तो आपको गुड़ का सेवन नहीं करना चाहिए। एक अध्ययन के अनुसार, सुक्रोज, ओमेगा 3 फैटी ऐसिड में बाधा डालकर सूजन और जलन की समस्या को बढ़ा सकता है।
मछली और गुड़ एक साथ नहीं
आयुर्वेद के अनुसार, मछली और गुड़ को एकसाथ कभी नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इससे बेहद गंभीर साइड इफेक्ट होने का खतरा रहता है। यदि आपको अल्सर की समस्या है तो आप भूलकर भी गुड़ का सेवन न करें।
चित्रस्रोत: Shutterstock.
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.