नाश्ते में बादाम खाएंगे तो कोलेस्ट्रॉल और ग्लूकोज होगा कम, जानें बादाम के फायदे

बादाम को नाश्ते का विकल्प तो नहीं माना जा सकता है, लेकिन सुबह कुछ बादाम आपके दिल की सेहत और ग्लूकोज का स्तर सामान्य रखने में काफी अहम रोल निभा सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : August 20, 2018 11:32 AM IST

आप हर दिन नाश्ता करते होंगे। उसमें दूध, अंडा, जूस आदि पौष्टिक चीजों को शामिल करते होंगे, पर क्या कभी नाश्ते में बादाम को शामिल किया है? एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि हर दिन सुबह नाश्ते में बादाम खाने से कोलेस्ट्रॉल और ग्लूकोज की मात्रा नियंत्रित रहती है। खासकर, यह उन लोगों के लिए बेहतर साबित हो सकता है, जो सुबह का नाश्ता स्किप कर देते हैं। ऐसे में यदि वे बादाम खा लें, तो उनके लिए लाभदायक होगा।

यह अध्ययन यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में किया गया। इस अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता रूडी ओर्टिज का कहना है कि आजकल लोग जल्दी-जल्दी ऑफिस, कॉलेज पहुंचने के चक्कर में ठीक से नाश्ता भी नहीं करते हैं। खासकर, युवा तो बिल्कुल भी अपनी डायट पर ध्यान नहीं देते हैं। इससे उनके शरीर में कई पोषक तत्वों की कमी होने लगती है। इस अध्ययन के अनुसार, बादाम को नाश्ते का विकल्प तो नहीं माना जा सकता है, लेकिन सुबह कुछ बादाम आपके दिल की सेहत और ग्लूकोज का स्तर सामान्य रखने में काफी अहम रोल निभा सकते हैं।

अमेरिकी हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, ब्रेकफास्ट करने से कार्डियोमेटाबॉलिक से जुड़े खतरे कम होते हैं। इसमें ब्लड शुगर और इंसुलिन मेटाबॉलिज्म शामिल है।

इस अध्ययन में मुख्य रूप से कॉलेज छात्रों को शामिल किया गया। यह अपनी तरह का पहला अध्ययन है, जिसमें कहा गया है कि नाश्ता छोड़ने वालों के लिए बादाम अच्छा विकल्प हो सकता है। शोधकर्ता रूडी ओर्टिज का कहना है कि शोध के दौरान छात्रों का गुड कोलेस्ट्रॉल लेवल देखा गया। इसमें पता चला है कि नाश्ते में बादाम खाने वाले छात्रों का एचडीएल स्तर बेहतर पाया गया। 8 हफ्तों तक चले इस अध्ययन में 73 स्वस्थ कॉलेज छात्रों को शामिल किया गया था। इसमें 41 लड़कियां और 32 लड़के थे।

एक समूह को रोजाना 56 ग्राम भूने हुए बादाम खाने को दिए गए, जिसमें तकरबीन 320 कैलोरी थी। दूसरे ग्रुप को 77.5 ग्राम ग्राहम्स क्रैकर्स दिए गए, जिसमें 338 कैलोरी थी। विशेषज्ञों ने देखा कि बादाम लेने वाले छात्रों के कई हेल्थ इंडिकेटर बेहतर पाए गए। इनका कोलेस्ट्रॉल स्तर कम हुआ था और ब्लड ग्लूकोज 13 फीसदी कम रहा।

यह अध्ययन न्यूट्रिएंट्स जर्नल में प्रकाशित किया गया है।

बादाम खाने के फायदे

1 बादाम में प्रोटीन, वसा, विटामिन और मिनरल पर्याप्त मात्रा में होते हैं, इसलिए यह स्वास्‍थ्‍य के साथ ही त्वचा के लिए भी अच्छा है। इसमें मौजूद पोषक तत्व याद्दाश्त बढ़ाने का भी काम करते हैं।

2 शोध के अनुसार, सप्‍ताह में पांच दिन बादाम का सेवन करने वाले लोगों में सामान्‍य लोगों की अपेक्षा हृदयाघात का खतरा 50 फीसदी तक कम होता है। बादाम में मौजूद विटामिन ई, एंटीआक्सीडेंट की तरह काम करता है। यह दिल की बीमारियों को दूर रखकर उसे बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है।

3 इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों को मजबूत रखता है। इसके सेवन से ऑस्टियोपोरोसिस होने का खतरा कम हो जाता है। इसके साथ ही कैल्शियम दांतों को भी मजबूत बनाने का काम करता है।

4 शोध के अनुसार, बादाम में मौजूद तत्‍व भोजन के बाद बढ़ने वाली रक्‍त शर्करा के स्‍तर को कम करने में मदद करते हैं। इससे शरीर में ब्‍लड शुगर का स्‍तर सामान्‍य बना रहता है। नियमित रूप से बादाम का सेवन करने से शरीर को डायबिटीज से लड़ने में मदद मिलती है।

5 फाइबर होने के कारण यह पाचन क्रिया को दुरुस्‍त बनाता है। पाचन क्रिया ठीक रहने से कोलोन कैंसर का खतरा काफी कम हो जाता है।

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.