
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : July 7, 2020 3:01 PM IST
आम के फायदे
आम एक ऐसा फल है जो सिर्फ अपने स्वाद के कारण ही नहीं बल्कि अपने गुणों के कारण भी फलों का राजा कहा जाता है। गर्मी व मानसून के मौसम में मिलने वाला आम स्वास्थ्य के लिहाज से काफी फायदेमंद होता है। सीमित मात्रा में आम का सेवन कर कई रोगों से बचा और लड़ा जा सकता है। कुछ लोगों को लगता है कि आम मीठा होता है इसलिए इससे डायबिटीज होने का खतरा रहता है। लेकिन ऐसे लोग यह नहीं जानते हैं कि आम को सही और सीमित मात्रा में खाया जाए तो इसके कई लाभ हैं। जबकि गलत समय पर आम खाने से नुकसान भी भुगतना पड़ सकता है। जैसे कि आयुर्वेद के अनुसार आम का सेवन रात में नहीं करना चाहिए। दरअसल, गलत समय पर आम खाने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है, इसलिए जरूरी है कि आपको आम खाने का सही समय पता हो। इन्हीं सब चीजों को ध्यान में रखकर आज इस लेख में हम आपको आम खाने का सही समय, मात्रा और इसके फायदों के बारे में बता रहे हैं। तो आइए जानते हैं-
आम का सेवन हमेशा सुबह या दोपहर में करना चाहिए। इस समय आम का सेवन करने से कई तरह के लाभ मिलते हैं। जैसे कि शरीर को एनर्जी मिलती है, पेट साफ होता है और पाचन क्रिया भी आसान होती है। लेकिन सीमित मात्रा में ही आम का सेवन करके पाचन क्रिया सुचारू रूप से अपना काम करती है। यदि आपने आम की ज्यादा मात्रा ले ली तो नुकसान भी हो सकता है। रात में खाना खाने के तुरंत बाद आम का सेवन करने से कुछ लोगों को पेट में दर्द और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लेकिन यह जरूरी नहीं है कि सभी को ऐसा हो। हालांकि फिर भी रात में सीमित मात्रा में ही आम का सेवन करना चाहिए। यदि आप रात में आम का सेवन कर रहे हैं तो खाना खाने और आम के सेवन में करीब 15 मिनट का अंतर रखें। ऐसा करने से आपकी पाचन क्रिया पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा और सुबह उठकर आपका पेट अच्छी तरह साफ भी हो जाएगा। यानि कि इससे कब्ज की समस्या एकदम दूर होती है। क्योंकि आम शरीर को अंदर से गर्म करता है इसलिए एक दिन में 1 से 2 आम ही खाएं। कुछ लोगों को आम खाने से एलर्जी होती हैं इसलिए ऐसे लोग सेवन से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
1. आम में उच्च स्तर का विटामिन सी, फाइबर और पेक्टिन होता है जो उच्च कोलेस्ट्रॉल स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है।
2. आम में क्वेरसेटिन, फिसेटिन, आइसोक्वेरिट्रिन, एस्ट्रैगलिन, गैलिक एसिड और मिथाइल गैलेट जैसे एंटीऑक्सिडेंट होते हैं। ये सभी गुण हमारे शरीर को स्तन कैंसर, पेट के कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर और ल्यूकेमिया से बचाते हैं।
3. आम खाने का एक और फायदा यह है कि यह त्वचा को शरीर के अंदर से साफ करता है। यह पोर्स को क्लीन करने के साथ ही स्किन को ग्लोइंग बनाता है। यानि कि आम का सेवन स्किन के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
4. आम ही नहीं बल्कि आम के पत्ते भी बहुत फायदेमंद होते हैं। आम के पत्तों का सेवन मधुमेह को नियंत्रित करने का एक अचूक उपाय है। मधुमेह से पीड़ित लोगों को एक बर्तन में 5-6 आम के पत्तों को उबालें। इसे रात भर भिगो दें और सुबह-सुबह छानकर आम के पत्तों का पानी पीएं। इसके अलावा सीमित मात्रा में आम का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल भी सामान्य रहता है।
5. चूंकि आम टैटारिक और मैलिक एसिड से समृद्ध होता है और इसमें साइट्रिक एसिड भी होता है। यह हमारे शरीर के क्षार को बनाए रखने में मदद करता है।
6. चूंकि आम में बहुत सारे विटामिन और आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, इसलिए एक आम खाने से व्यक्ति काफी एनर्जेटिक महसूस करता है। क्योंकि आम के प्रचुर मात्रा में फाइबर होता है जो पाचन क्रिया को आसान बनाता है और एक्स्ट्रा कैलोरी को बर्न करता है।
7. आम विटामिन ए का भी बेहतर स्त्रोत होता है। जिससे यह आंखों की दृष्टि में सुधार करने और आंखों को इंफेक्शन से बचाने का काम करता है। साथ ही आम के सेवन से रतौंधी और सूखी आँखों से भी छुटकारा मिलता है।
8. खाने के अलावा, आम स्क्रब का भी काम करता है। जिससे सॉफ्ट और कोमल त्वचा मिलती है। आप आम को मैश करके, उसमें शहद और दूध मिलाकर पेस्ट बना सकते हैं। इस पेस्ट से स्किन की हल्के हाथों से 10-15 मिनट तक मालिश करने से स्किन साफ और चमकदार होती है।