hamburger icon
A
Read in English

वजन घटाने के लिए ले रहे हैं Chia Seeds? तो जानें इसके फायदे और खाने का तरीका

क्या आप भी चिया सीड्स को सिर्फ इसलिए खा रहे हैं ताकि कमर की जिद्दी चर्बी पिघल सके और आपका वजन कम हो सके? अगर हां तो पहले जान लीजिए कि चिया सीड्स खाने से वजन कम होता है या नहीं, चिया सीड्स के फायदे क्या हैं और चिया सीड्स को खाने का सही तरीका क्या है?

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Updated : June 23, 2026 11:49 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dt. Pranjal kumat

इन दिनों युवाओं के बीच जैसे ही हेल्दी खाने की बात आती है तो विभिन्न तरह के सीड्स का नाम दिमाग में आता है। इन्हीं सीड्स में से एक है चिया सीड्स। वजन घटाने और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने के लिए अक्सर लोग चिया सीड्स खाने की सलाह देते हैं। मैंने खुद लंबे समय तक चिया सीड्स को नींबू पानी के साथ मिलाकर पाया है, वो सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट को फॉलो करके जो दावा करते हैं कि रोज सुबह चिया सीड्स का पानी पीने से तेजी से वजन कम हो जाता है। मेरी ही तरह कई लोग चिया सीड्स को वजन घटाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या वाकई ऐसा होता है? आइए जानते हैं इस बारे में रिसर्च क्या कहती है और डाइटिशियन की राय क्या है।

चिया सीड्स क्या हैं?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के पोर्टल पर मौजूद एक रिसर्च बताती है कि चिया सीड्स को Salvia hispanica नामक पौधे से निकाला जाता है। चिया सीड्स आमतौर पर हल्के से काले और सफेद होते हैं। चिया सीड्स में हाई फाइबर, प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और विभिन्न प्रकार के मिनरल्स पाए जाते हैं। रिसर्च बताती है कि चिया सीड्स में हाई फाइबर होता है। इन सीड्स में कैल्शियम भी अच्छी मात्रा भी होता है।

चिया सीड्स में कई प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते हैं। चिया सीड्स में कई प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते हैं।

चिया सीड्स के वजन घटाने पर क्या कहती है रिसर्च

2024 के एक एनालिसिस में पाया गया कि चिया सीड्स खाने से कमर के आसपास मौजूद चर्बी को पिघलाने में मदद मिलती है। लेकिन चिया सीड्स खाने से BMI में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं आता है। इसका मतलब यह है कि सिर्फ चिया सीड्स को खाने से आपका वजन कम नहीं होता है। चिया सीड्स को खाने का हिस्सा बनाने के साथ- साथ आपको सही डाइट, एक्सरसाइज करना भी जरूरी है।

चिया सीड्स वजन घटाने की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकते हैं। चिया सीड्स वजन घटाने की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकते हैं।

क्या चिया सीड्स खाने से वजन कम होता है?

इस सवाल का जवाब देते हुए जयपुर की महात्मा गांधी अस्पताल की डाइटिशियन प्रांजल कुमत बताती हैं कि ये हां भी हो सकता है और नहीं भी। प्रांजल कहती हैं- "चिया सीड्स कोई मैजिकल सीड्स नहीं है जिन्हें खाने के तुरंत बाद आपका वजन कम हो जाएगा। लेकिन चिया सीड्स खाने वजन को धीरे- धीरे कम करने में मदद मिलती है।"

वजन घटाने में चिया सीड्स कैसे मददगार होता है?

  1. डाइटिशियन प्रांजल का कहना है कि चिया सीड्स में हाई फाइबर होता है। फाइबर पानी सोखकर फूल जाता है और पेट में जगह घेरता है। इससे भूख कम लग सकती है। यानि की आपको अपना पेट हमेशा भरा हुआ महसूस होता है। इससे आपके खाने की क्रेविंग कम होती है। चिया सीड्स खाने के दौरान 10 में से 8 मामलों में आप एक्स्ट्रा खाने से बचते हैं इससे वजन को मैनेज करने में मदद मिलती है।
  2. जब पेट लंबे समय तक भरा रहता है तो बार-बार चिप्स, बिस्कुट या मीठा खाने की इच्छा कम हो सकती है। यही कारण है कि कई लोग चिया सीड्स को वेट लॉस डाइट में शामिल करते हैं।
  3. फाइबर ज्यादा होने के कारण चिया सीड्स मल को मुलायम बनाकर कब्ज को दूर करने में मदद करता है। इससे पाचन क्रिया सही होती है और मेटाबॉलिज्म नॉर्मल की तुलना में ज्यादा काम करता है। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है।

चिया सीड्स खाने के फायदे

  1. पुबमेड सेंट्रल की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी बताती है कि चिया सीड्स ओमेगा-3 फैटी एसिड (ALA) और फाइबर का अच्छा सोर्स है। चिया सीड्स खाने से ब्लड प्रेशर को मैनेज रखने में मदद मिलती है। डाइटिशियन बताती हैं कि जब ब्लड प्रेशर मैनेज रहता है तब हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
  2. चिया सीड्स में मौजूद फाइबर कार्बोहाइड्रेट के पाचन को धीमा कर सकता है, जिससे खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता है। 2015 में एक ग्रुप द्वारा की गई रिसर्च के अनुसार, चिया सीड्स के पोषक तत्व शरीर में धीरे- धीरे रिलीज होते हैं। इसलिए डायबिटीज के मरीज भी चिया सीड्स खा सकते हैं।
  3. चिया सीड्स फाइबर से भरपूर होते हैं। चिया सीड्स को पानी में भिगोकर खाने से आंतों की मूवमेंट तेज होती है। इससे मल की मात्रा बढ़ती है। आंतों की मूवमेंट तेज होने से गट हेल्थ बेहतर होती है। इससे कब्ज, पेट में दर्द की परेशानी भी धीरे- धीरे कम होने लगती है।
  4. चिया सीड्स में एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने में काफी हद तक मददगार हो सकते हैं।

ज्यादा चिया सीड्स खाने के नुकसान

डाइटिशियन बताती हैं कि किसी भी चीज को ज्यादा मात्रा में खाने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ ऐसा ही चिया सीड्स के साथ भी है। हाई फाइबर, कैल्शियम, विटामिन और मिनरल्स होने के बावजूद अगर चिया सीड्स को ज्यादा मात्रा में खाया जाए तो इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। आइए आगे जानते हैं इसके बारे में-

  1. चिया सीड्स में फाइबर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। अगर आप अचानक ज्यादा मात्रा में चिया सीड्स खाने लगते हैं, तो गैस, पेट फूलना, ऐंठन और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डाइटिशियन सलाह देती हैं कि जिन लोगों को पहले से ही पेट से जुड़ी परेशानी है उन्हें चिया सीड्स का सेवन एक सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
  2. चिया सीड्स को डाइट में शामिल करने के साथ- साथ सही मात्रा में पानी पीना भी बहुत जरूरी है। चिया सीड्स खाने के बाद आप सही मात्रा में पानी नहीं पीते हैं तो ये आंतों में पानी सोख लेते हैं, जिससे कब्ज या पेट में कुछ जमा हुआ महसूस हो सकता है।
  3. चिया सीड्स ब्लड प्रेशर कम करने में मदद कर सकते हैं। अगर आप पहले से ही हाई बीपी की दवा ले रहे हैं, तो ज्यादा मात्रा में चिया सीड्स को खाने से बचना चाहिए।
  4. अगर आपको डायबिटीज की समस्या है और आप ब्लड शुगर को कम करने के लिए किसी प्रकार की दवा या कोई अन्य चीज का सेवन कर रहे हैं तो चिया सीड्स का सेवन डॉक्टर की सलाह पर ही करें। डाइटिशियन बताती हैं कि डायबिटीज की दवाएं लेने वाले लोगों में चिया सीड्स ब्लड शुगर को और कम कर सकते हैं। इससे डायबिटीज के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
  5. चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो खून को पतला करने की प्रक्रिया को बढ़ा सकता है। जो लोग पहले से खून को पतला करने वाली दवा ले रहे हैं, तो चिया सीड्स को डाइट का हिस्सा बनाने से पहले एक बार एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

चिया सीड्स की सही मात्रा कितनी है?

प्रांजल कुमत प्रतिदिन 1 से 2 बड़े चम्मच (15 से 30 ग्राम) चिया सीड्स को पानी में भिगोकर खाने की सलाह देती हैं। शुरुआती स्टेज में 1 दिन में 1 चम्मच चिया सीड्स से शुरुआत की जा सकती है। इसके बाद इसकी मात्रा को 1.5 और फिर धीरे- धीरे 2 बड़े चम्मच तक किया जा सकता है। चिया सीड्स को खाने के साथ ही आपको सही मात्रा में पानी पीना भी बहुत जरूरी है। चिया सीड्स खाने के बाद अगर आप कम मात्रा में पानी पीते हैं तो इससे पेट खराब हो सकता है।

चिया सीड्स खाने का सही तरीका

  1. चिया सीड्स को खाने से पहले पानी में अच्छी तरह से भिगोना जरूरी है। इसलिए 1 गिलास पानी में 1–2 टेबलस्पून चिया सीड्स डालें और 20 से 30 मिनट तक भिगो दें। आप चाहें तो चिया सीड्स को रातभर के लिए भी पानी में डाल सकते हैं।
  2. रातभर पानी में भीगने के बाद चिया सीड्स जैली जैसा हो जाएगा। इसे आप चिया पुडिंग बनाकर या स्मूदी में डालकर खा सकते हैं।
  3. इसके अलावा आप दही, फ्रूट सलाद या अपने पसंद वाले ओट्स के ऊपर डालकर भी चिया सीड्स को खाने का हिस्सा बना सकते हैं।
  4. चिया सीड्स को खाने का सही समय सुबह को होता है, लेकिन आप चाहे तो स्नैक्स के तौर पर भी इन बीजों का सेवन कर सकते हैं।

चिया सीड्स खाते समय सावधानी

  1. चिया सीड्स को कभी भी सूखा नहीं खाना चाहिए। पानी में डालने पर ये फूल जाते हैं। अगर इन्हें बिना भिगोए खाया जाए, तो गले में फंसने का खतरा हो सकता है। इसलिए इन्हें 15–30 मिनट पानी में भिगोकर खाएं।
  2. एक दिन में 1 से 2 बड़े चम्मच चिया सीड्स काफी हैं। इससे ज्यादा खाने पर पेट फूलना, गैस या पाचन की दिक्कत हो सकती है।
  3. अगर आप ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या खून पतला करने वाली दवा लेते हैं, तो चिया सीड्स खाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
  4. ध्यान रखें, चिया सीड्स सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन सिर्फ इन्हें खाने से वजन कम नहीं होगा। अच्छे नतीजों के लिए संतुलित खानपान और रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज भी जरूरी है।

चिया सीड्स पोषण से भरपूर सुपरफूड हैं। इनमें मौजूद फाइबर, प्रोटीन वजन घटाने की प्रक्रिया को आसान कर सकते हैं। लेकिन रिसर्च और डाइटिशियन की सलाह पर हम यह कह सकते हैं कि सिर्फ चिया सीड्स खाने से वजन कम नहीं होता है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो चिया सीड्स का सेवन सोच समझकर करें।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। अगर आप चिया सीड्स को डाइट में शामिल करना चाहते हैं तो इस बारे में पहले एक्सपर्ट से बात करें। अगर आपको चिया सीड्स से किसी प्रकार की एलर्जी है तो इसका सेवन बिल्कुल न करें।