बच्चों को सब्जियां खाने की आदत डालने का सबसे आसान तरीका क्या है? न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से जानें
बच्चों को सब्जियां खाने की आदत डालना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है, लेकिन उसके लिए सही तरीका होना जरूरी है। इस लेख में हम डाइट एक्सपर्ट्स की मदद से जानेंगे कि बच्चों को सब्जियां खिलाने का सही तरीका क्या हो सकता है।
पेरेंट्स अच्छे से इस बात को जानते हैं कि सब्जियां बच्चों के अच्छे विकास व स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं और वे चाहते भी हैं, कि उनके बच्चे खाने में सब्जियां जरूर खाएं। लेकिन अक्सर देखा जाता है कि बच्चों को चटपटा खाना पसंद होता है और वे सब्जियों को देखते ही मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में माता-पिता के लिए हर रोज पोषण से भरी हरी सब्जियां खिलाना काफी चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन बच्चा कहीं भूखा न रह जाए इस डर से वे बच्चों को उनकी पसंदीदा चीजें खिलाने लगते हैं। यह भी देखा है कि कई बार पेरेंट्स बच्चों को डांटकर खिलाने की कोशिश करते हैं या फिर प्यार से खिलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन हर बार डांटना या प्यार से उन्हें मानना जरूरी नहीं है, क्योंकि न्यूट्रिशन शरीर को तभी लगेगा जब बच्चा मन से उसे खाएगा। बच्चों में सब्जियों की आदत डालने का सबसे आसान तरीका है उन्हें सब्जियों से धीरे-धीरे और मजेदार तरीके से इंट्रोड्यूस कराना और खाने के लिए उनपर कोई दबाव न डालना। आज हम डॉ. अंशुल सिंह, टीम लीडर क्लिनिकल न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स डिपार्टमेंट आर्टेमिस हॉस्पिटल्स से इस बारे में विस्तार से जानकारी जानेंगे।
सब्जियों को सजा कर परोसने के तरीके ढूंढें
बच्चे हर चीज में मनोरंजन ढूंढते हैं, चाहे वह खाना ही क्यों न हो और पेरेंट्स इसका फायदा उठा सकते हैं। बच्चों में ऐसा होता है कि वह खाने पीने की चीजों के रंग आकार और किस तरीके से उसे प्रेजेंट किया जा रहा है देखकर आकर्षित होते हैं और वह चीज उन्हें अच्छी लगने लगती है। इसी थ्योरी को ध्यान में रखते हुए प्लेट में अलग-अलग रंगों की सब्जियों को सजाएं जैसे गाजर शिमला मिर्च खीरा और मटर आदि।
सब्जियों को अलग-अलग तरीके से काटकर उन्हें क्रिएटिव लुक दे सकते हैं, जैसे किसी खिलौने की शेप देना, गोल किसी और आकृति में काटना आदि। इसके साथ-साथ आप उन आकृतियों को अलग-अलग नाम दे सकते हैं, जिससे धीरे बच्चे को उनकी पहचान हो जाती है और फिर बच्चा उन्हें खुद से कहकर मांगने लगता है।
बच्चे की फेवरेट चीजों में शामिल करें सब्जियां
ऐसा भी हो सकता है कि कई बार बच्चा अलग-अलग शेप में काटने और क्रिएटिव नाम देने के बाद भी उन सब्जियों को खाना पसंद नहीं करता है। ऐसे में बच्चे की पसंदीदा डिश में सब्जियों को शामिल किया जा सकता है। जैसे पराठे में पालक या गाजर, पास्ता में शिमला मिर्च और कॉर्न डालें, दाल में लौकी या पालक डालकर बनाएं। नूडल्स खिला रहे हैं तो उसमें ढेर सारी सब्जियां मिक्स कर दें। बर्गर बना रहे हैं तो उसे एकदम हेल्दी तरीके से सब्जियों से भरपूर बनाएं।
हालांकि, हम ये नहीं कह रहे कि बच्चों के बर्गर या नूडल्स में सब्जियां मिक्स करने से वे पूरी तरह से हेल्दी हो जाते हैं। लेकिन, अगर इन चीजों को घर पर बनाया जाता है, जिसमें घर देसी घी और अन्य सामग्री घर पर तैयार की होती है तो ये कुछ हद तक हेल्दी हो जाते हैं और इनके साथ बच्चे सब्जियां भी खुश होकर खा लेते हैं।
(और पढ़ें - 5 से 10 साल के बच्चे की डाइट में क्या होना चाहिए?)
बच्चे के लिए रोल मॉडल बनना जरूरी
बच्चे हमेशा अपने पेरेंट्स को कॉपी करते हैं और उनसे ही चीजें सीखते हैं और इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपका बेटा सब्जियां खाना सीखे तो आपको ही उनका रोल मॉडल बनना होगा। अगर आप खुद बर्गर-पिज्जा खाते हैं तो बच्चा हेल्दी सब्जियां खाना कैसे सीखेगा? अगर माता-पिता खुद सब्जियां खाने से बचेंगे तो बच्चे से उम्मीद करना गलत है। इसलिए परिवार के सभी लोग साथ बैठकर सब्जियां खाएं, जिससे बच्चे को भी इसकी आदत पड़ेगी।
बच्चे के साथ जबरदस्ती न करें
ज्यादातर पेरेंट्स जो गलतियां करते हैं कि वे अक्सर बच्चे को हेल्दी खाने के लिए जबरदस्ती करने लगते हैं, जो कि बेहद खतरनाक हो सकती है। कोई भी चीज बच्चे पर जबरदस्ती नहीं थोपनी चाहिए, क्योंकि इससे बच्चा सब्जियां खाना सीखेगा नहीं बल्कि उनसे नफरत करने लगेगा। इसकी बजाय बच्चों को ऑप्शन देना शुरू करें, उनसे पूछें आज आप कौन सी सब्जी खाना पसंद करोगे। यानी विकल्प सब्जियों के बीच दें, सब्जी खाने या ना खाने के बीच नहीं। बच्चों को सब्जियां खिलाना एक दिन का काम नहीं है, इसलिए थोड़ा प्यार से धैर्य और सही तरीके से कोशिश करें और ऐसे उनकी रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बनाएं।
डिसक्लेमर: अगर आपका बच्चा सब्जियां नहीं खाता है और आपने ये तरीके भी अपना लिए हैं तो आप किसी अच्छे डाईटीशियन से इस बारे में संपर्क कर सकते हैं। इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और और इसका उद्देश्य केवल शैक्षणिक एवं सूचनात्मक है। Thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।