ब्रेकफास्ट में ऑरेंज जूस पिएं या ग्रीन टी, कंफ्यूज हैं तो उसे यहां करें दूर

आपके नाश्ते में वो सभी पोषक तत्व होने चाहिए, जिससे आपको भरपूर प्रोटीन, फाइबर, कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और अन्य जरूरी विटामिन मिलें। हेल्दी रहने के लिए कई लोग नाश्ते में ग्रीन टी लेना पसंद करते हैं तो कुछ का मानना है कि ऑरेंज जूस उनके लिए बेस्ट है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : March 1, 2024 6:26 PM IST

दिनभर एनर्जी से भरे रहने के लिए यह जरूरी है कि आप ​अपने दिन की शुरुआत हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ करें। आपके नाश्ते में वो सभी पोषक तत्व होने चाहिए, जिससे आपको भरपूर प्रोटीन, फाइबर, कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और अन्य जरूरी विटामिन मिलें। हेल्दी रहने के लिए कई लोग नाश्ते में ग्रीन टी लेना पसंद करते हैं तो कुछ का मानना है कि ऑरेंज जूस उनके लिए बेस्ट है। अगर आप भी इन दोनों को कंफ्यूज हैं तो हम आपकी यह परेशानी दूर कर देते हैं और आपको बताते हैं कि इसके क्या फायदे हैं।

ये है सबसे बड़ा कंफ्यूजन

नाश्ते में ऑरेंज जूस पीने से कतराने वाले लोगों का मानना होता है कि ऑरेंज जूस पीने से उनकी ब्लड शुगर बढ़ सकती है, जिससे डायबिटीज का खतरा भी बढ़ जाता है। लेकिन ऐसा सोचना पूरी तरह से सही नहीं है।

1. गुणों से भरा है ऑरेंज जूस

ऑरेंज जूस बहुत सारे पोषक तत्वों का भंडार है। इस टेस्टी जूस में विटामिन सी, फोलेट और पोटेशियम भरपूर मात्रा में होता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट से आपको कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैंं। ब्रेकफास्ट में इसे पीने से दिनभर आप में एनर्जी बनी रहेगी। इसके नियमित सेवन से शरीर की सूजन कम होती है। ऑरेंज जूस आपके शरीर को डिटॉक्स करता है और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। इतना ही नहीं यह किडनी और लिवर स्टोन से भी आपको बचाता है। यह जूस शरीर के चैनलों और रक्त वाहिकाओं को साफ करता है जिससे कई हार्ट प्रॉब्लम दूर होती हैं। यह आपके पाचन को भी बढ़ावा देता है।

यह है ऑरेंज जूस पीने का सही तरीका

हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि संतरे का जूस आपके लिए तभी फायदेमंद होगा, जब आप इसे सही तरीके से पिएं। क्योंकि इसमें चीनी की तुलना में कई गुना ज्यादा फ्रुक्टोज होता है। इसलिए इसे हमेशा मुट्ठीभर नट्स के साथ खाना चाहिए। नट्स प्रोटीन से भरपूर होते हैं, ऐसे में ये ऑरेंज जूस के गुणों को और बढ़ा देते हैं और ब्लड शुगर कंट्रोल करते हैं। ऑरेंज जूस में आप चुटकीभर दालचीनी या काली मिर्च जैसे एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों वाले मसाले मिला सकते हैं, इससे भी ब्लड शुगर कंट्रोल रहेगी और सूजन कम होगी। ऑरेंज जूस को कभी भी किसी डेयरी प्रोडक्ट के साथ नहीं पीना चाहिए। आयुर्वेद के अनुसार ऐसा करने से यह जूस फायदे की जगह आपको नुकसान करेगा। इससे आपका मेटाबॉलिज्म गड़बड़ा जाएगा और आंत इसे ठीक से पचा नहीं पाएंगी।

इन्हें नहीं पीना चाहिए संतरे का जूस

संतरा साइट्रिक फल है। ऐसे में जिन लोगों को अक्सर एसिडिटी, पेट या सीने में जलन, त्वचा रोग और पित्त विकार हैं, उन्हें ऑरेंज जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। इसकी जगह उन्हें शाम को एक संतरा खाना चाहिए।

2. पोषण का पिटारा है ​ग्रीन टी

अब बात करते हैं लाखों लोगों की फेवरेट ड्रिंक ग्रीन टी की। ग्रीन टी पोषण का पिटारा है। यह पॉलीफेनोल्स और एंटीऑक्सीडेंट का बड़ा स्रोत है। आमतौर पर लोग ग्रीन टी को वजन कम करने, टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करने और लिवर की परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से पीते हैं। ग्रीन टी में कैटेचिन नामक फ्लेवोनोइड होता है जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है, जिससे आपका फैट तेजी से कम होता है। इसके साथ ही इसके कई अन्य फायदे भी हैं। लेकिन इसमें कैफीन होता है। आयुर्वेद के अनुसार खाली पेट कैफीन पीना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

चुनें ग्रीन टी का सही विकल्प

अगर आप वजन कम करने या पाचन सुधारने के लिए ग्रीन टी का सेवन सुबह करते हैं तो इसके कई अच्छे और बेहतर विकल्प भी चुन सकते हैं। आप जीरा, सौंफ, धनिया, अजवाइन, इलायची आदि से बनी हर्बल और मसाला चाय का सेवन कर सकते हैं, ये सभी आपके पाचन तंत्र को मजबूत करेंगे। इसी के साथ लौंग, अदरक, दालचीनी, काली मिर्च मिलाकर बनाई गई चाय आपके मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है। आप लेमन ग्रीन टी का विकल्प भी चुन सकते हैं।

ऐसे चुनें सही विकल्प

ऑरेंज जूस और ग्रीन टी दोनों ही सेहतमंद हैं। लेकिन भोजन के बाद ग्रीन टी का सेवन आपके लिए ज्यादा लाभदायक होगा। वहीं सुबह के समय ऑरेंज जूस आपको भरपूर पोषण देगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source