
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Medically Verified By: Swetha. A
Weight Loss With Ajwain
Is Ajwain Best for Weight Loss : आजकल वजन कम करने के लिए लोग कई घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा अजवाइन और अजवाइन के पानी की होती है। सोशल मीडिया पर अक्सर दावा किया जाता है कि सुबह खाली पेट अजवाइन का पानी पीने से तेजी से वजन कम होता है। लेकिन क्या यह दावा वैज्ञानिक रूप से सही है? इस बारे में यशोदा हॉस्पिटल्स की डिप्टी चीफ डाइटिशियन स्वेता ए. ने अहम जानकारी दी है।
स्वेता के अनुसार का कहना है कि अजवाइन वजन घटाने का कोई जादुई तरीका नहीं हो सकता है। हालांकि, यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, गैस और पेट फूलने की समस्या कम करने और आंतों के स्वास्थ्य को सुधारने में मदद कर सकती है। जब पाचन बेहतर होता है तो व्यक्ति हल्का महसूस करता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर की चर्बी तेजी से कम होने लगी है।
कुछ लोगों का मानना है कि अजवाइन का पानी मेटाबॉलिज्म बढ़ाकर कैलोरी तेजी से बर्न करता है। डायटीशियन स्वेता बताती हैं कि फिलहाल ऐसा साबित करने वाले मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, कुछ छोटे अध्ययनों में यह संकेत मिले हैं कि अजवाइन में मौजूद सक्रिय तत्व पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और भूख को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं। लेकिन सिर्फ अजवाइन के भरोसे वजन कम करना संभव नहीं है।
डायशियन का कहना है कि अगर आप वास्तव में वजन कम करना चाहते हैं, तो आपको संतुलित आहार, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और सही मात्रा में पानी पीने जैसी स्वस्थ आदतों को अपनाना होगा। अजवाइन को इन आदतों के साथ शामिल किया जा सकता है, लेकिन इसे वजन घटाने का मुख्य उपाय नहीं माना जाना चाहिए।
अगर आपको एसिडिटी, पेट का अल्सर, गर्भावस्था या कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, तो रोजाना अजवाइन या अजवाइन का पानी पीने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ लोगों में पेट में जलन या अन्य परेशानियां हो सकती हैं।
अजवाइन में थाइमोल जैसे बायोएक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं, जो पाचन एंजाइमों की गतिविधि को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। NCBI में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, इसके एंटीऑक्सीडेंट और पाचन संबंधी लाभ बताए गए हैं, लेकिन वजन घटाने पर इसके सीधे प्रभाव को लेकर अभी पर्याप्त क्लीनिकल सबूत मौजूद नहीं हैं। इसलिए इसे एक सहायक खाद्य पदार्थ माना जा सकता है, न कि फैट बर्न करने वाली औषधि।
Disclaimer : यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी घरेलू उपाय को नियमित रूप से अपनाने या वजन घटाने की योजना शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन से सलाह अवश्य लें।