
Also Read
आजकल लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति डायबिटीज से ग्रस्त मिलता है और ऐसे करके यह रोग धीरे-धीरे दुनिया में अपने पैर पसार रहा है। डायबिटीज एक गंभीर रोग है और न ही इसका कोई संभव इलाज है। हालांकि, अपने खानपान का विशेष ध्यान रखकर और स्वस्थ जीवनशैली की आदतें अपनाकर इसकी गंभीरता को नियंत्रित किया जा सकता है। कुछ लोग अक्सर यह समझते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को सिर्फ मीठा खाने से दिक्कत होती हैं। हालांकि, ऐसा बिल्कुल नहीं हैं, क्योंकि कार्बोहाइड्रेट व फैट वाली चीजें खाने से भी उनके रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ने लगता है। आपने भी इंटरनेट पर कई बार पढ़ा होगा कि घर पर ऐसी कई चीजें हैं, जिनका सेवन करने से डायबिटीज मरीज अपने ब्लड शुगर को कंट्रोल करके रख सकते हैं। लेकिन इसके साथ-साथ आपको यह भी जानना चाहिए कि हमारे किचन में ऐसी कई फूड्स होते हैं, जिनका सेवन करने से रक्त शर्करा अनियंत्रित रूप से बढ़ सकता है। आज इस लेख के माध्यम से हम आपको कुछ ऐसी सफेद रंग की चीजों के बारे में बताएंगे जिनका सेवन करना डायबिटीज के मरीजों को नुकसान पहुंचा सकता है।
डायबिटीज के रोगियों के लिए सफेद ब्रेड का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। सफेद ब्रेड में काफी मात्रा में स्टार्च पाया जाता है, जो रक्त में शर्करा के स्तर को उछाल सकता है। साथ ही कुछ प्रकार के ब्रेड को बनाने में मैदे का इस्तेमाल किया जाता है, जो डायबिटीज के रोगियों के लिए उचित नहीं होता।
मैदे का ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है और इसलिए इसका सेवन करना डायबिटीज के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। साथ ही यह पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकता है, जिससे डायबिटीज के लक्षण गंभीर हो सकते हैं। इसलिए आपको मैदे से बने बिस्किट, ब्रेड और नूडल आदि का सेवन न करने की सलाह दी जाती है।
सफेद चावल का ज्यादा सेवन करना भी डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी ज्यादा होता है और यह रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ाने का कारण बन सकता है। इसकी जगह पर ब्राउन राइस का सेवन करना काफी लाभदायक हो सकता है।
सफेद रंग के आलू हर किसी की पसंदीदा सब्जी होती है और डायबिटीज के रोगी भी खुश होकर इसका सेवन करते हैं। हालांकि, इसमें कार्ब्स व स्टार्च काफी मात्रा में पाया जाता है और इसका सेवन करने से डायबिटीज के लक्षणों में वृद्धि हो सकती है।
चीनी के बारे में हर कोई जानता है कि यह डायबिटीज के रोगियों के लिए कितनी हानिकारक होती है। थोड़ी सी मात्रा में भी चीनी का सेवन करना ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकता है, जिससे डायबिटीज के लक्षण गंभीर होने लगते हैं।